scriptबसपा का हरियाणा में सरकार बनाने का दावा, तो महाराष्ट्र में उतरी सबसे ज्यादा उम्मीदवारों के साथ | BSP claims to form govt in Haryana, with most candidates in Maharashtra | Patrika News
राजनीति

बसपा का हरियाणा में सरकार बनाने का दावा, तो महाराष्ट्र में उतरी सबसे ज्यादा उम्मीदवारों के साथ

महाराष्ट्र में बसपा ने 262 सीटों पर उतारे प्रत्याशी
मायावती ने हरियाणा में सरकार बनाने का किया दावा
विरोधी पार्टियों पर साधा निशाना

Oct 18, 2019 / 09:03 pm

Navyavesh Navrahi

bsppp.jpg
महाराष्ट्र और हरियणा में होने वाले विधान सभा चुनावों के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। अन्य पार्टियों के साथ बसपा ने भी दोनों राज्यों में जबरदस्त तरीके से अपनी ताल ठोंकी है। खास बात ये है कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा सीटों पर बसपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं हरियाणा में पार्टी ने दावा किया है कि इस बार बसपा ही सरकार बनाएगी।
महाराष्ट्र में तीन हजार से ज्यादा प्रत्याशी

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुल 3237 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 1400 है। चुनाव आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार- सबसे ज्यादा सीटों पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा 262 सीटों पर और भाजपा 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि भाजपा के निशान पर 14 गठबंधन उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 16, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पाटी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
इसी तरह कांग्रेस 147, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 101 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(एनसीपी) 121 सीटों पर लड़ रही है। शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 3001 पुरुष और 235 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं।
बसपा का हरियाणा में सरकार बनाने का दावा

वहीं दूसरी ओर हरियाणा के जाटलैंड में हुंकार भरते हुए बसपा सुप्रीमो ने जाटों को रिझाने का प्रयास किया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि बसपा ही ऐसी पार्टी है जिसने सबसे पहले जाट आरक्षण का समर्थन किया था। बेरी में हरियाणा के विभिन्न हलकों के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करने आई मायावती ने भाजपा व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
मायावती ने कहा कि जब से देश आजाद हुआ है उसके बाद से भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने पूंजीपतियों के हित में ही योजनाएं बनाईं और उन्हें लाभ पहुंचाया है। लेकिन बसपा एक ऐसी पार्टी है जोगरीब और कमेरा वर्ग के अलावा किसान, मजदूर को साथ लेकर चुनाव लड़ती है और जब सत्ता आती है तो इन्हीं के हित में योजनाएं बनाती है।
मायावती ने दावा किया कि जिस तरह से मौजूदा विधान सभा चुनाव में बसपा को हरियाणा के लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि चुनावी रिजल्ट बसपा के पक्ष में ही होगा।

Home / Political / बसपा का हरियाणा में सरकार बनाने का दावा, तो महाराष्ट्र में उतरी सबसे ज्यादा उम्मीदवारों के साथ

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो