scriptबिहार: महागठबंधन में सीटों को लेकर मची रार, कांग्रेस को 12 से कम सीटें स्‍वीकार्य नहीं | Bihar: less than 12 LOksabha seats are not acceptable to Congress | Patrika News

बिहार: महागठबंधन में सीटों को लेकर मची रार, कांग्रेस को 12 से कम सीटें स्‍वीकार्य नहीं

Published: Sep 23, 2018 01:59:22 pm

Submitted by:

Dhirendra

कांग्रेस और जीतन राम मांझी की हम के रुख से साफ है कि महागठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी के लिए आने वाले दिनों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

congress

बिहार: महागठबंधन में सीटों को लेकर मची रार, कांग्रेस को 12 से कम सीटें स्‍वीकार्य नहीं

नई दिल्‍ली। बिहार में लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए की तरह महागठबंधन में भी रार शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि आरजेडी कांग्रेस को 40 में से 12 सीटें देने को तैयार नहीं है। जबकि कांग्रेस उससे कम पर मानने को तैयार नहीं है। कांग्रेस के नेता इस बात का संकेत भी दे चुके हैं कि बिहार में महागठबंधन तभी बनेगा जब कांग्रेस को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी। दूसरी ओर आज दिल्ली में राहुल गांधी और बिहार कांग्रेस की नवनियुक्त टीम की अहम बैठक हुई जिसमें आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गहन बातचीत हुई।
मांझी का 20 सीटों पर दावा
इससे पहले एनडीए का साथ छोड़कर महागठबंधन में शामिल हुए हम के प्रमुख जीतन राम मांझी 20 सीटों पर दावा ठोक चुके हैं। हालांकि उनके इस दावे को हवा-हवाई माना जा रहा है लेकिन उन्‍होंने सीट बंटवारे से पहले अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की भरसक कोशिश की है। दूसरी तरफ कांग्रेस बिहार में लोकसभा की 12 सीटों से कम पर राजी होने के लिए तैयार नहीं है। बसपा की तर्ज कांग्रेस ने बिहार में आरजेडी के सामने सम्मानजनक सीटों की बात छेड़ दी है। यानी कांग्रेस को समुचित नहीं मिला तो पार्टी अकेले दम पर भी चुनाव लड़ सकती है। ऐसे में महागठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी आरजेडी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आरजेडी की मुश्किलें उस समय और बढ़ जाएंगी जब एनडीए की सहयोगी पार्टी आरएलएसपी वहां से महागठबंधन में आ जाए।
बिहार में कांग्रेस का ब्राह्मण कार्ड
बिहार में कांग्रेस पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है। दशकों से वहां पर खिसकते जनाधार के बीच सवर्ण वोटरों को लुभाने के लिए पार्टी ने मदन मोहन झा को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ कर दिया कि कांग्रेस अब याचक की भूमिका में नहीं रहेगी, क्योंकि आने वाला समय कांग्रेस का ही है। टिकट बंटवारे में भी कांग्रेस सवर्णों का पूरा खयाल रखने वाली है ताकी बिहार के ब्राह्मणों के बीच ये संदेश दिया जा सके कि कांग्रेस पार्टी सवर्णों की नेतृत्व में हिस्सेदारी देने को तैयार है।
2014 में कांग्रेस को मिली थीं 12 सीटें
साल 2014 लोकसभा चुनाव में आरजेडी 25, कांग्रेस 12, एनसीपी एक और बाकी पर वाम पार्टियों ने चुनाव लड़ा था। 2019 लोकसभा चुनाव में जीतन राम मांझी की पार्टी हम भी महागठबंधन से ही चुनावी मैदान में उतरने जा रही है और मांझी को तीन-चार सीटें मिलने का अनुमान है। एनसीपी और लेफ्ट पार्टियां भी कतार में हैं। ऐसे में कांग्रेस सूत्रों के 12 सीटों से कम पर समझौता न करने वाली बात आरजेडी को अपनी सीटें बांटने के लिए मजबूर करेगा। इस राह में बड़ा सवाल ये है कि क्या तेजस्वी यादव इसके लिए तैयार होंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो