scriptओडिशा में अमित शाह ने दलित के घर किया लंच, कहा- यहां बदलाव होना तय | Amit shah Visit Odisha and take to lunch at a Dalit's residence | Patrika News

ओडिशा में अमित शाह ने दलित के घर किया लंच, कहा- यहां बदलाव होना तय

Published: Apr 05, 2018 03:16:47 pm

Submitted by:

Kapil Tiwari

ओडिशा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अमित शाह के दौरे को चुनावी रणनीति के लिहाज से देखा जा रहा है।

Amit Shah Eat lunch at Dalit House

Amit Shah

भुवनेश्वर। चुनाव के लिहाज से भारतीय जनता पार्टी का दक्षिण भारत के कई राज्यों पर खासा ध्यान है। अगले महीने कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके लिए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं अगले साल ओडिशा में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसकी तैयारी बीजेपी अभी से करके चल रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए अमित ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। गुरुवार को दौरे के दूसरे दिन वो बलांगीर इलाके में पहुंचे।
अमित शाह दलित परिवार के घर किया लंच
यहां अमित शाह ने एक दलित परिवार के घर पर दोपहर का खाना खाया। जानकारी के अनुसार शाह ने ओडिशा के बलांगीर जिले में स्थित देवगांव में दलित परिवार के यहां ओडिशा का पारंपरिक भोजन ओडिया का स्वाद चखा। इस दौरान अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा राज्य अध्यक्ष बसंत पंडा भी मौजूद थे।
अमित शाह समेत अन्य नेताओं को परोसा गया पारंपरिक खाना
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, अमित और कई बड़े नेताओं को अपने घर में देख महेश्वर सुना का परिवार बेहद खुश नजर आया। इस दौरान अमित शाह और अन्य बीजेपी नेताओं को ओडिशा का पारंपरिक खाना परोसा गया। अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान को पारंपरिक तौर तरीके से पत्तों पर भोजन दिया गया।
अमित शाह को दिया जाने वाला मेन्यू
इस दौरान सभी अतिथि जमीन पर ही बैठे रहे। खाने में इन खास मेहमानों को दलित परिवार ने चावल, मूंगदाल, नींब फूल की भजिया, खीर, रोटी और तरह तरह की साग सब्जियां परोसी। भोजन परोसे जाने से पहले सभी खाद्य पदार्थों का परीक्षण भी किया गया था। इसके बाद अमित शाह ने परिवार के साथ काफी देर तर बैठ कर बातचीत की। आपको बता दें कि जिस इलाके में अमित शाह पहुंचे थे, वहां लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं होता है। लोग यहां पर फ्लोराइड युक्त पानी पीने तक के लिए मजबूर हैं।
राज्य सरकार पर साधा निशाना
इससे पहले अमित शाह ने राज्य की पटनायक सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यहां ओडिशा सरकार के प्रति लोगों में काफी गुस्सा है। 18 साल तक राज्य में शासन करने के बाद भी सरकार जनता को स्वच्छ पानी नहीं दे सकी। मैंने लोगों की प्रतिक्रियाओं को देखा है, उस आधार पर मैं कह सकता हूं कि सूबे में परिवर्तन तय है। लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। आपको बता दें कि ओडिशा में अगले साल चुनाव होने वाले हैं और शाह के दौरे को राजनीतिक फायदे के तौर पर देखा जा रहा है।
https://twitter.com/ANI/status/981800440999370753?ref_src=twsrc%5Etfw

ट्रेंडिंग वीडियो