scriptबल खाती दिख रही है बिहार की राजनीति,राजद नेता रघुवंश की इस बड़ी भविष्यावाणी से पैदा हुई हलचल | Raghuvansh Singh's statement about upendra kushwaha-ramvilas paswan | Patrika News
पटना

बल खाती दिख रही है बिहार की राजनीति,राजद नेता रघुवंश की इस बड़ी भविष्यावाणी से पैदा हुई हलचल

खास बात यह है कि रघुवंश को बिहार मामलों की नब्ज पहचानने वाला अनुभवी राजनीतिज्ञ माना जाता है। उनकी राजनीतिक भविष्यवाणियों को सिरे से नकारने की हिम्मत शायद ही राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय कोई शख्सीयत करता हो…

पटनाSep 17, 2018 / 06:19 pm

Prateek

 रघुवंश

रघुवंश

(पटना): बिहार की राजनीति नित नई करवटें लेती दिखाई दे रही है। ताजा मामला राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी और तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने में चाणक्य की भूमिका निभा रहे वरिष्ठ राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का बयान है। दरअसल, रघुवंश ने एक राजनीतिक गुगली फेंकी है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव के नजदीक आने तक राजग के सहयोगी खासतौर पर रालोसपा और लोजपा राजग का साथ छोड़ चुके होंगे। रघुवंश ने कहा कि नीतीश से भाजपा की नजदीकी के चलते असहज चल रहे उपेंद्र कुशवाहा और शीट शेयरिंग में हिस्सेदारी की कांट-छाट को लेकर आशंकित रामविलास पासवान जल्द ही महागठबंधन के पाले में होंगे।


आरजेडी उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा है कि रालोसपा नेता और केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा एनडीए में नहीं रहने वाले। सिंह ने कहा कि कुशवाहा जल्दी ही महागठबंधन में शामिल होंगे। वह एनडीए से नाराज़ चल रहे हैं। सिंह ने यहां कहा कि रामविलास पासवान भी समय का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा के साथ कोई भी सहयोगी चुनाव के आने तक नहीं बचेगा। शिवसेना पहले ही भाजपा से मुंह फेर चुकी है।


इसलिए नजरअंदाज नहीं की जा सकती रघुवंश सिंह की बात

खास बात यह है कि रघुवंश को बिहार मामलों की नब्ज पहचानने वाला अनुभवी राजनीतिज्ञ माना जाता है। उनकी राजनीतिक भविष्यवाणियों को सिरे से नकारने की हिम्मत शायद ही राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय कोई शख्सीयत करता हो। याद हो कि रघुवंश प्रसाद सिंह ने ही सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को लेकर भविष्यवाणी की थी कि वह जल्दी ही राजग का साथ छोड़ कर महागठबंधन में शामिल होंगे। उनकी यह भविष्यवाणी जल्दी ही सच साबित हुई, जब न सिर्फ जीतनराम मांझी ने राजग की नाव छोड़ दी, बल्कि राजद के नेतृत्व में बन रहे महागठबंधन का हाथ थाम कर खुद को सीएम पद की किसी भी दावेदारी से दूर रखते हुए तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनवाने की मुहिम छेड़ दी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो