script…सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए : मोदी | ...all corrupt people have become one: Modi | Patrika News
पटना

…सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए : मोदी

– प्रधानमंत्री ने जमुई में कांग्रेस और राजद पर साधा निशाना

पटनाApr 04, 2024 / 06:18 pm

Pulakit

...सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए : मोदी

…सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए : मोदी

जमुई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर एक साथ निशाना साधा और जनता को चेताया कि हमेशा एक दूसरे से लड़ते रहने वाले देश के सभी भ्रष्टाचारी उनके (मोदी) खिलाफ आज एक हो गए हैं। मोदी ने गुरुवार को यहां बल्लोपुर खैरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सभी भ्रष्टाचार, जो पहले एक दूसरे से लड़ते रहते थो आज मोदी के खिलाफ एक हो गए हैं। उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधा और कहा कि वह कहते हैं भ्रष्टाचार हटाओ लेकिन वे कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ। प्रधानमंत्री ने ‘नौकरी के बदले जमीन’ घोटाला मामले को लेकर लालू परिवार पर जमकर हमला बोला और कहा कि जो लोग रेलवे में भर्ती के नाम पर गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें, वह बिहार का भला नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी रेल मंत्री थे, लेकिन आज तक कोई शिकायत नहीं आई, लेकिन इन लोगों (लालू यादव) ने जमीनें छीन ली। पहले रेलवे की हालत खस्ताहाल थी लेकिन अब लोग वंदे भारत में सफर कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस के काले दौर में जमुई की पहचान नक्सलवाद से होती थी। जंगलराज में सरकार की योजनाएं यहां नहीं पहुंचने दी जाती थी। नक्सली यहां सड़कें नहीं बनने देते थे, जिसका नुकसान यहां के गरीब मजदूरों और किसानों को होता था। उन्होंने कहा कि आज वही जमुई विकास के मार्ग पर तेज रफ्तार पकड़ रहा है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं तत्कालीन लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष स्व. रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि आज रामविलास जी की कमी खल रही है। वह मेरे परम मित्र थे। उनकी विरासत को मेरा छोटा भाई चिराग पासवान आगे बढ़ा रहा है। मोदी ने बिहार की धरती को पूरे देश को दिशा दिखाने वाली बताया और कहा कि बिहार की इस भूमि ने स्वतंत्रता संग्राम में और आजाद भारत की बुनियाद मजबूत करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई लेकिन दुर्भाग्य से आजादी मिलने के बाद बिहार के सामर्थ्य के साथ और इसकी पांच-छह पीढ़ियों के साथ न्याय नहीं हो पाया। राजग सरकार ने कठिन परिश्रम से बिहार को बहुत बड़े दलदल से बाहर निकाला, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुत बड़ी भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार और तेज गति से विकास करे, इसलिए 2024 का चुनाव बिहार और भारत के भविष्य के लिए बहुत ही निर्णायक है। यह चुनाव विकसित बिहार के सपनों को पूरा करने का और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने विपक्षी दलाें पर फिर हमला बोला और कहा कि आज एक ओर कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां हैं, जिनकी सरकार ने पूरी दुनिया में भारत का नाम खराब किया वहीं दूसरी ओर भाजपा और राजग है जिसका एकमात्र लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण और खुशहाल बिहार का निर्माण करना है। मोदी ने कहा कि यह सबको पता है कि 10 साल पहले दुनिया में भारत को लेकर क्या राय थी। कांग्रेस की सरकार में भारत को गरीब और कमजोर देश माना जाता था। आज जो आटे के लिए तरस रहे हैं (पाकिस्तान) उनके आतंकी हमारे यहां हमले करते थे। कांग्रेस सरकार दूसरे देशों के पास इसकी शिकायत लेकर जाती थी लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसे नहीं चलेगा। भारत वही महान पाटलिपुत्र और मगध का देश है। यह सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य वाला भारत है, जो घर में घुसकर मारता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। चंद्रमा के जिस कोने तक कोई नहीं पहुंचा था, वहां हमारा चंद्रयान और तिरंगा पहुंचा है। भारत जब जी20 की बैठक करता है तो उसकी चर्चा पूरे विश्व में होती है। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय देश की जनता को देते हुए कहा कि यह मोदी ने नहीं बल्कि आपने किया है। आपके एक वोट से यह सब हो पाया है। यही आपके वोट की ताकत है इसलिए इस सफलता की हकदार जनता है। मोदी ने कहा, “यह मोदी गरीबी में तपकर यहां पहुंचा है इसलिए हर गरीब के सपने का महत्व भलीभांति जानता है, उसे जीने का प्रयास करता है। आपका सपना ही मेरा सबसे बड़ा संकल्प है। मैं आपके हर सपने को पूरा करना चाहता हूं। बिहार को आगे ले जाना मोदी की गारंटी है। इसलिए केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसके प्रयास से बिहार में गरीबों को 37 लाख पक्के घर मिले। नौ करोड़ जरुरतमंदों को मुफ्त राशन मिल रहा है। यह मोदी की गारंटी है और अगले पांच साल भी राशन मुफ्त मिलता रहेगा। 84 लाख से ज्यादा आयुष्मान कार्ड भी बिहार में बने हैं, लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।” इस मौके पर मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा और कहा, “कुछ दिन इनके साथ क्या हुए ये तो कहने लगे कि बिहार में सब काम यही लोग किए हैं। अब हम कहीं नहीं जाएंगे।” उन्होंने लालू-राबड़ी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले शाम में कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता था। अब लड़का-लड़की सब देर तक घर से बाहर निकलते हैं। बिहार में माहौल बदल गया है। कुमार ने कहा कि वह जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग करते रहे, आपने दे दिया यह बहुत अच्छा काम किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले हिंदू- मुसलमान का झगड़ा होता था, अब कुछ नहीं होता है। राज्य और केंद्र सरकार मिलकर बिहार में विकास के कार्य चला रही है। उन्होंने कहा कि पहले बहुत कम बच्चे पढ़ते थे, अब शिक्षा के क्षेत्र में तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 10 लाख नौकरी देने का वादा पूरा होगा। उन्होंने बताया कि चार लाख लोगों को नौकरी दे दी गई है। एक लाख प्रक्रियाधीन है और तीन लाख नौकरियों पर काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि 10 लाख लोगों को रोजगार भी दिया जा रहा है। बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के 75 सालों में श्री मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने संकल्प के 99 फीसदी काम पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जब डबल इंजन की सरकार बनी तो केंद्र की तर्ज पर पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देने की योजना शुरू की गई। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें जेल जाना ही पड़ेगा। बिहार में बालू, जमीन और शराब माफिया पर नकेल कस दी गई है। लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। उन्होंने भारत को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। आने वाले समय में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत बनने जा रहा है। उन्होंने बताया कि जमुई को पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्र कहा जाता था। लोग दिन ढलने के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे लेकिन श्री मोदी की वजह से यहां नक्सलवाद का सफाया हो गया। पासवान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के बिहार में चुनाव प्रचार की शुरुआत हमेशा जमुई की धरती से करने को गर्व की बात बताया और कहा कि पिछली बार उनके पिता स्व. रामविलास पासवान श्री मोदी के साथ मौजूद थे लेकिन आज वह नहीं है, इसके बावजूद वह प्रधानमंत्री को भरोसा दिलाते हैं कि बिहार में 40 की 40 सीटों पर राजग उम्मीदवारों की ही जीत होगी।

Home / Patna / …सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए : मोदी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो