script

हरियाणा के मिनी सेमी फाइनल में हुड्डा और तंवर के बीच जोर आजमाइश

locationपानीपतPublished: Dec 07, 2018 03:55:21 pm

कांग्रेस ने हमेशा की तरह यह चुनाव पार्टी के चिन्ह पर न लडने का फैसला किया है…

ashok tanwar and bhupendra hudda file photo

ashok tanwar and bhupendra hudda file photo

(पानीपत): हरियाणा में मेयर के पांच पदों के लिए आगामी 16 दिसम्बर को कराए जाने वाले चुनाव मिनी सेमीफाइनल की तरह देखे जा रहे हैं। सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल ने अपने चुनाव चिन्ह पर यह चुनाव लडने का फैसला कर इसे मिनी सेमी फाइनल का दर्जा दे दिया है। लेकिन कांग्रेस ने हमेशा की तरह यह चुनाव पार्टी के चिन्ह पर न लडने का फैसला किया है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर इस बार मेयर चुनाव पार्टी के चिन्ह पर लडे जाने के पक्ष में थे लेकिन उनके प्रतिद्वंद्वी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लॉबिंग कर आला कमान से चुनाव पार्टी चिन्ह पर न लडने का फैसला करवा लिया।

 

दो धड़ों का मुकाबला बना चुनाव!

अब हाल यह है कि मेयर चुनाव में हुड्डा और तंवर धडे एक दूसरे के खिलाफ लड रहे है। रोहतक मेयर पद के लिए जहां हुड्डा ने सीताराम सचदेवा को समर्थन दिया है वहीं तंवर ने सूरज रासवन्त को समर्थन का ऐलान किया है। उधर हिसार मेयर पद के लिए प्रत्याशी रेखा अरेन को जिताने के लिए परम्परागत प्रतिद्वंद्वी जिंदल और विश्नोई परिवार एक हो गए है। कभी कांग्रेस की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल के पति दिवंगत ओमप्रकाश जिंदल और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भजन लाल के बीच प्रतिद्वंद्विता थी। अब रेखा अरेन को जिताने के लिए सावित्री जिंदल और भजन लाल की पुत्रवधू विधायक रेणुका विश्नोई एकजुट हो गए है।


कहां से कितने प्रत्याशी मैदान में

हरियाणा में इस बार प्रत्यक्ष प्रणाली से मेयर के चुनाव करवाए जा रहे है। मेयर और वार्ड पार्षदों के लिए नामांकन दाखिले की अंतिम तिथि 6 दिसम्बर के बाद रोहतक,हिसार,करनाल,पानीपत और यमुनानगर के मेयर और वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 621 उम्मीदवार मैदान में है। करनाल और पानीपत में मेयर पद के लिए 11-11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।


मेयर पद के लिए हिसार में सबसे ज्यादा 24 प्रत्याशी मैदान में है। यमुनानगर में 16 और रोहतक में 13 प्रत्याशी मेयर पद के लिए मैदान में है। इन नगर निगमों में करनाल के 20 वार्डों के लिए 116,पानीपत के 26 वार्डों के लिए 146,यमुनानगर के 22 वार्डो के लिए 141,रोहतक के भी 22 वार्डों के लिए 114 और हिसार के 20 वार्डों के लिए 104 प्रत्याशी मैदान में है।

 

मेयर पद पर यह लोग ठोक रहे ताल

हिसार मेयर पद के लिए मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी गौतम सरदाना और सावित्री जिंदल एवं रेणुका विश्नोई समर्थित रेखा अरेन के बीच दिखाई दे रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला और हिसार के विधायक कमल गुप्ता सरदाना का नामांकन दाखिल कराने पहुंचे थे। यमुनानगर में राकेश शर्मा काका को मेयर पद के लिए कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया है। भाजपा से मदन चौहान मैदान में हैं तो इनेलो-बसपा गठबंधन से संदीप कुमार गोयल मेयर प्रत्याशी है। पानीपत मेयर पद के लिए पूर्व मेयर भूपेन्द्र सिंह की 25 वर्षीय पुत्री अवनीत कौर भाजपा का टिकट हासिल करने में सफल रही है। पानीपत में भाजपा में मेयर पद के टिकट के लिए आठ दावेदार थे। करनाल मेयर पद के लिए भाजपा ने रेणुबाला को टिकट दिया है। इनेलो ने करनाल में आशा बधवा को बगैर पार्टी चुनाव चिन्ह के मेयर पद के लिए मैदान में उतारा है। इनेलो ने रोहतक से संचित नांदल,हिसार से एडवोकेट अमित सैनी,पानीपत से प्रियंका कश्यप को मेयर पद के लिए उतारा है।

ट्रेंडिंग वीडियो