scriptहरियाणा में कांग्रेस ने परिवर्तन यात्रा के पांचवे दिन किसानों को रिझाया,आजाद बोले-किसानों से कांग्रेस का रिश्ता सौ साल पुराना | Azad said Congress's relationship with farmers is hundred years old | Patrika News

हरियाणा में कांग्रेस ने परिवर्तन यात्रा के पांचवे दिन किसानों को रिझाया,आजाद बोले-किसानों से कांग्रेस का रिश्ता सौ साल पुराना

locationपानीपतPublished: Mar 30, 2019 10:56:37 pm

Submitted by:

Prateek

आजाद ने कहा कि 2014 में भाजपा ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी लेकिन उनमें से एक भी वायदा पूरा नही किया गया है…

azad file photo

azad file photo

(चंडीगढ़,पानीपत): हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए अपनी गुटबाजी को खत्म कर एकजुटता दिखाने की कोशिश में परिवर्तन बस यात्रा निकाल रही कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों को रिझाने वाले बयान दिए है। पार्टी के हरियाणा प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने शनिवार को परिवर्तन यात्रा के दौरान कहा कि कांग्रेस का किसानों के साथ सौ साल पुराना रिश्ता है।

 

शनिवार को पांचवे दिन करनाल से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा घरौंडा, पानीपत, इसराना, गोहाना, लाखन-माजरा, महम, कलानौर,बेरी और झज्जर से गुजरी। इस दौरान जुटे़े जनसमूह को हरियाणा कांग्रेस के सभी नेताओं ने संबोधित किया और उनसे देश और प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करने की अपील की। परिवर्तन बस यात्रा का नेतृत्व कर रहे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का गरीब, मजदूर और किसान आशा भरी निगाहों से कांग्रेस की ओर देख रहा है क्योंकि भाजपा ने जिन वायदों के सहारे 2014 में सत्ता हासिल की, उनमें से एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। आजाद ने कहा कि कांग्रेस का किसान,गरीब और मजदूरों के साथ 100 साल पुराना रिश्ता है और जिस दिन कांग्रेस कमजोर हुई, उसी दिन देश का किसान, मजदूर और गरीब भी कमजोर हो गया। उन्होने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी ने किसानों के कर्जे माफ करने के बजाय अपने कॉरपोरेट मित्रों का कई लाख करोड़ का कर्ज माफ किया है।

 

आजाद ने कहा कि 2014 में भाजपा ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी लेकिन उनमें से एक भी वायदा पूरा नही किया गया है बल्कि अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा सेना व वैज्ञानिकों की उपलब्धियों का श्रेय लेने में जुटे हुए हैं। भाजपा वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ओछे हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) और नोटबंदी जैसे गलत निर्णयों के कारण देश के 4 करोड़ 77 लाख से अधिक लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी बचाओ मुहिम पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई इस मुहिम पर तय बजट में से 20 प्रतिशत से अधिक बजट बेकार गया है। आजाद ने कांग्रेस द्वारा देश के 5 करोड़ परिवारों के 25 करोड़ लोगों को 72 हजार रूपये सालाना देने के वायदे पर आम जनता से कहा कि कांग्रेस देश के लोगों की जरूरतों को समझती है और भाजपा की तरह झूठा वायदा नहीं करती। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सरकार बनने पर जिस तरह से पहले आम जनता, गरीब, मजदूर के हित में फैसले लिए है, उसी प्रकार से 72000 रूपये सालाना देने के फैसले से देश के 5 करोड़ परिवार और 25 करोड़ लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया जाएगा।


आजाद ने कहा कि परिवर्तन यात्रा को जिस तरह का समर्थन पूरे हरियाणा के लोगों से मिल रहा है, उससे स्पष्ट हो गया है कि हरियाणा में कांग्रेस दस की दस लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर देश का प्रधानमंत्री राहुल गांधी को बनाने में अपना अहम योगदान देने का काम करेंगीे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस की परिवर्तन बस यात्रा से प्रदेश में बदलाव की लहर शुरू हो गई है, जो ना सिर्फ लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की सरकार लाने का काम करेगी बल्कि कुछ महीनों बाद हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने का काम करेगी। कांग्रेस कॉ-ऑडिनेशन कमेटी के चेयरमैन भूपेन्द्र सिंह हुडडा ने कहा कि जनता ने कांग्रेस के दस साल का शासन देखा है और आप जानते है कि कांग्रेस ने किस तरह से प्रदेश और देश के हर वर्ग के लिए काम किया है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा के लोगों के पास झूठ बोलने के अलावा दूसरा कोई काम नही है और इसीलिए पिछले चुनावों में बड़े-बड़े झूठे वायदे करके सत्ता हथियाने का काम किया था लेकिन अब लोग खुद यह जानते है कि पिछले पांच साल में भाजपा ने कितने वायदे किए और उनमें से कितने निभाए।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो