सिद्धरामय्या ने कहा कि इस चुनाव को दूसरा स्वतंत्रता संग्राम कहा जा सकता है। हमारा संविधान कहता है सबको समानता, सबको बराबर हिस्सेदारी होनी चाहिए। भाजपा इसके विरोध में है। हर किसी के पास आर्थिक और सामाजिक शक्ति होनी चाहिए। हम उन लोगों को सशक्त बना रहे हैं जिन्हें सभी अवसरों से धोखा मिला है।
सिद्धरामय्या ने कहा कि मोदी ने दस साल में लोगों का दिमाग खराब कर दिया है। भाजपा ने देश को तोडऩे का काम किया है परन्तु लोगों का मन जोडऩे के लिए राहुल गांधी ने पदयात्रा और न्याययात्रा की। इसके चलते राहुल गांधी ने 25 गारंटी लागू की हैं। हमने एक महिला को 2000 प्रति माह दिया है तो वे गरीब परिवार की महिला को एक लाख देने की बात कर रहे हैं। वे युवा न्याय के नाम पर बेरोजगार युवाओं को एक लाख रुपए देने का वादा किया है।
देवेगौड़ा ने क्या देश छोड़ दिया है
सिद्धरामय्या ने कहा कि जद एस पहले कहा करती थी कि भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है और किसी भी कारण से भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेगी। देवेगौड़ा कहा करते थे कि मोदी तो प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे, बनने पर वे देश छोड़ देंगे। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद क्या देवेगौड़ा ने देश छोड़ दिया है।रेवण्णा के वीडियो चार से पांच साल पहले के होने के सीटी रवि के आरोप पर सिद्धरामय्या ने पलटवार करते हुए कहा कि सीटी रवि झूठ बोल रहे हैं। सीटी रवि ने कहा होगा कि वीडियो चार या पांच साल पहले का है परन्तु तब किसी पीडि़त ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, अब दर्ज कराई है। दिसंबर महीने में प्रज्वल रेवण्णा के अश्लील वीडियो होने के बारे में जानकारी होने के बावजूद भाजपा ने जद एस के साथ गठबंधन किया। गठबंधन उम्मीदवार के तौर पर प्रज्वल रेवण्णा को भी टिकट दिया। इतना ही नहीं मोदी और अमित शाह ने प्रज्वल के समर्थन में प्रचार किया है। प्रज्वल रेवण्णा की गिरफ्तारी के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।