scriptप्रियंका तो उपचुनाव लड़कर लोकसभा पहुंच जाएंगी, कांग्रेस बोली- शतरंज की कुछ चालें बाकी हैं | congress said priyanka gandhi will reach house by contesting any by election some moves of chess are left rahul gandhi | Patrika News
राष्ट्रीय

प्रियंका तो उपचुनाव लड़कर लोकसभा पहुंच जाएंगी, कांग्रेस बोली- शतरंज की कुछ चालें बाकी हैं

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले कांग्रेस ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को रायबरेली और किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से चुनावी मैदान में उतारा है।

नई दिल्लीMay 03, 2024 / 02:12 pm

Paritosh Shahi

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। आज ही कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली सीट के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। राहुल गांधी इस बार रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे जबकि अमेठी सीट से किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा गया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से शर्मा को चुनौती का सामना करना पड़ेगा। शर्मा की गिनती सोनिया गांधी के करीबी नेताओं में होती है। चर्चा थी कि राहुल गांधी इस बार भी वायनाड और अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और रायबरेली से उनकी बहन प्रियंका गांधी उतरेंगी। लेकिन पार्टी ने चौंकाने वाला निर्णय लेते हुए दोनों सीटों पर नए चेहरे उतारने का फैसला लिया। अब इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश की प्रतिक्रिया आई है।

क्या बोले जयराम

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “राहुल गांधी जी की रायबरेली से चुनाव लड़ने की खबर पर बहुत सारे लोगों की बहुत सारी राय हैं। लेकिन वह राजनीति और शतरंज के मंजे हुए खिलाड़ी हैं और सोच समझ कर दांव चलते हैं। ऐसा निर्णय पार्टी के नेतृत्व ने बहुत विचार विमर्श करके बड़ी रणनीति के तहत लिया है। इस निर्णय से BJP, उनके समर्थक और चापलूस धराशायी हो गये हैं। बेचारे स्वयंभू चाणक्य जो परंपरागत सीट की बात करते थे, उनको समझ नहीं आ रहा अब क्या करें?

BJP का भ्रम और दंभ दोनों तोड़ेगा

अपने पोस्ट में जयराम ने आगे लिखा, “रायबरेली सिर्फ़ सोनिया जी की नहीं, ख़ुद इंदिरा गांधी जी की सीट रही है। यह विरासत नहीं ज़िम्मेदारी है, कर्तव्य है। रही बात गांधी परिवार के गढ़ की, तो अमेठी-रायबरेली ही नहीं, उत्तर से दक्षिण तक पूरा देश गांधी परिवार का गढ़ है। राहुल गांधी तो तीन बार उत्तरप्रदेश से और एक बार केरल से सांसद बन गये, लेकिन मोदी जी विंध्याचल से नीचे जाकर चुनाव लड़ने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पाये? एक बात और साफ़ है कि कांग्रेस परिवार लाखों कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं उनकी आकांक्षाओं का परिवार है। कांग्रेस का एक साधारण कार्यकर्ता ही बड़े बड़ों पर भारी है। कल एक मूर्धन्य पत्रकार अमेठी के किसी कार्यकर्ता से व्यंग में कह रही थी कि आप लोगों का नंबर कब आएगा टिकट मिलने का? लीजिए, आ गया! कांग्रेस का एक आम कार्यकर्ता अमेठी में BJP का भ्रम और दंभ दोनों तोड़ेगा।”

प्रियंका जी तो कोई भी…

जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में कहा, “प्रियंका जी धुआँधार प्रचार कर रही हैं और अकेली नरेंद्र मोदी के हर झूठ का जवाब सच से देकर उनकी बोलती बंद कर रही हैं। इसीलिए यह ज़रूरी था कि उन्हें सिर्फ़ अपने चुनाव क्षेत्र तक सीमित ना रखा जाए। प्रियंका जी तो कोई भी उपचुनाव लड़कर सदन पहुँच जायेंगी। आज स्मृति ईरानी की सिर्फ़ यही पहचान है कि वो राहुल गांधी के ख़िलाफ़ अमेठी से चुनाव लड़ती हैं। अब स्मृति ईरानी से वो शोहरत भी छिन गई। अब बजाय व्यर्थ की बयानबाज़ी के, स्मृति ईरानी स्थानीय विकास के बारे में जवाब दें, जो बंद किए अस्पताल, स्टील प्लांट और IIIT हैं – उसपर जवाब देना होगा। शतरंज की कुछ चालें बाक़ी हैं, थोड़ा इंतज़ार कीजिए।”

Home / National News / प्रियंका तो उपचुनाव लड़कर लोकसभा पहुंच जाएंगी, कांग्रेस बोली- शतरंज की कुछ चालें बाकी हैं

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो