scriptकांग्रेस ने 80 बार संविधान में संशोधन किया, राहुल गांधी केवल लोगों को भ्रमित कर रहे हैं : BJP | Patrika News
राष्ट्रीय

कांग्रेस ने 80 बार संविधान में संशोधन किया, राहुल गांधी केवल लोगों को भ्रमित कर रहे हैं : BJP

विनोद तावड़े ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार संविधान दिवस मनाती है। भाजपा ने संविधान को सबके सामने रखते हुए बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती पर अपना संकल्प पत्र (घोषणापत्र) जारी किया। संविधान को बदलने की उसकी कोई योजना नहीं है।

नई दिल्लीApr 24, 2024 / 08:08 am

Paritosh Shahi

NARENDRA MODI RAHUL Gandhi

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी हर मंच से कह रहे हैं कि अगर बीजेपी सत्ता में आई तो संविधान बदल देगी। अब भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने पलटवार करते हुए कहा कि सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस ने संविधान में 80 बार संशोधन किया है। तावड़े ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “दक्षिण गोवा से कांग्रेस उम्मीदवार ने कहा है कि संविधान गोवा पर लागू नहीं होता है। उन्होंने कहा कि यह बयान उन्होंने राहुल गांधी की सहमति के बाद दिया है। भाजपा की संविधान को बदलने की कोई योजना नहीं है, फिर भी राहुल गांधी लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।”

मतदाता नरेंद्र मोदी को वोट देंगे क्योंकि…

भाजपा नेता ने आगे कहा कि चूंकि विपक्ष के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने के लिए कुछ भी नया नहीं है, इसलिए वह संविधान बदलने के बारे में बयान देकर उन पर निशाना साध रहा है। उन्होंने कहा, “भाजपा और मोदी सरकार संविधान दिवस मनाती है। भाजपा ने संविधान को सबके सामने रखते हुए बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती पर अपना संकल्प पत्र (घोषणापत्र) जारी किया। संविधान को बदलने की उसकी कोई योजना नहीं है।” तावड़े ने यह भी कहा कि मतदाता नरेंद्र मोदी को वोट देंगे क्योंकि वे जानते हैं कि सरकार उनके जीवन को बदलने और विकास को बढ़ावा देने के लिए क्या कर सकती है।

राहुल गांधी आज महाराष्ट्र में होंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमरावती (एससी) और सोलापुर (एससी) लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे ‘इंडिया’ ब्लॉक-महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के लिए आज महाराष्ट्र में होंगे। अमरावती से शुरुआत करते हुए राहुल गांधी सुबह 11 बजे परतवाड़ा की नबील कॉलोनी में संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार बलवंत बी. वानखड़े के पक्ष में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। बाद में, वह शाम करीब चार बजे सोलापुर के प्रदर्शनी मैदान में पार्टी उम्मीदवार प्रणीति सुशील कुमार शिंदे के समर्थन में एक रैली करेंगे।
दोनों रैलियों में, पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नाना पटोले, बालाशेब थोराट, पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और अन्य बड़े नेताओं सहित एमवीए और कांग्रेस के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी की सार्वजनिक बैठकें 26 अप्रैल को राज्य के आठ निर्वाचन क्षेत्रों – अमरावती (एससी), अकोला, बुलढाणा, वर्धा, हिंगोली, नांदेड़, परभणी और यवतमाल-वाशिम में होने वाले लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले हो रही है।

Home / National News / कांग्रेस ने 80 बार संविधान में संशोधन किया, राहुल गांधी केवल लोगों को भ्रमित कर रहे हैं : BJP

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो