scriptपार्षद तक का चुनाव नहीं लड़ा, बीजेपी ने बना दिया लोकसभा प्रत्याशी, जानिए दर्शनसिंह की प्रोफाइल | Darshansingh Choudhary from BJP on Hoshangabad Narsinghpur Lok Sabha | Patrika News
नर्मदापुरम

पार्षद तक का चुनाव नहीं लड़ा, बीजेपी ने बना दिया लोकसभा प्रत्याशी, जानिए दर्शनसिंह की प्रोफाइल

Darshansingh Choudhary from BJP on Hoshangabad Narsinghpur Lok Sabha जीते तो 72 साल में तीसरी बार जिले से कोई सांसद लोकसभा में जाएगा।

नर्मदापुरमMar 03, 2024 / 01:13 pm

deepak deewan

darshansingh.png

किसान नेता दर्शनसिंह चौधरी को लोकसभा प्रत्याशी बनाया

होशंगाबाद नरसिंहपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी के किसान नेता दर्शनसिंह चौधरी को लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। दर्शनसिंह चौधरी ने किसानों के हितों के लिए काम करने के लिए सरकारी नौकरी छोड़ दी थी। यदि वे जीते तो 72 साल में तीसरी बार जिले से कोई सांसद लोकसभा में जाएगा। टिकट की घोषणा होते ही भाजपा कार्यालय में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा सीट से किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी Darshansingh Choudhary के नाम की घोषणा की गई है। लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत होती है तो 72 सालों में तीसरी बार जिले से कोई व्यक्ति सांसद बनेगा। इससे पहले साल 1952 में माखननगर के सैय्यद अहमद मूसा और इटारसी के सरताज सिंह दो व्यक्ति हैं जो जिले के थे।
इनके अलावा अभी तक लोकसभा सीट से चुने गए सांसद नरसिंहपुर व अन्य जिलों से संबंधित रहे हैं। देर शाम हुई नामों की घोषणा के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में समर्थकों ने जश्न मनाया। वहीं मुख्यालय व बनखेड़ी में भी भाजपा कार्याकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
गाडरवाडा से बनाया मंत्री तो जिले को दी सांसदी:
होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा सीट में नर्मदापुरम जिले की 4 और नरसिंहपुर जिले की 3 के साथ ही रायसेन जिले की एक विधानसभा सीट आती है। गाडरवारा से पूर्व सांसद व वर्तमान विधायक उदय प्रताप सिंह को भाजपा ने मंत्री बनाकर आसपास की सीट को सुरक्षित कर लिया। इस वजह से नर्मदापुरम जिले को सांसदी की कमान सौंपी गई है।
सरकारी नौकरी छोड़ शुरू की थी समाजसेवा :
बनखेड़ी के चांदौन निवासी दर्शन सिंह चौधरी ने पांच विषय में एमए की पढ़ाई कर बीएड की डिग्री भी ली। 1998 से कुछ साल पीपरपानी के हाईस्कूल में वर्ग 2 के शिक्षाकर्मी रहे। समाजसेवा के लिए इन्होंने नौकरी छोड़ दी। आरएसएस से जुड़े। साल 2017 में भाजपा ने इन्हें किसान मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया। वहीं जनवरी 2021 में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी।
किसानों के लिए काम किया: दर्शन सिंह
भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो जमीनी कार्यकर्ता को भी मौका देती है। मैंने कभी पार्षद तक का चुनाव नहीं लड़ा लेकिन मुझे सांसद के लिए उपयुक्त समझा है। अभी तक किसानों के लिए काम किया है। अब किसानों के साथ लोकसभा सीट के सभी लोगों के लिए काम करूंगा। पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे बेहतर से बेहतर ढंग से निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।
इधर मप्र कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार उपाध्याय का कहना है कि भाजपा ने प्रत्याशी का किस आधार पर निर्णय लिया है यह तो उनकी पार्टी गाइड लाइन हैं। कांग्रेस ने बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश स्तर के नेताओं से चर्चा के बाद ही प्रत्याशी का नाम फाइनल होता है। हालांकि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को मैदान में उतारा है जिसने पहले कभी कोई चुनाव लड़ा ही नहीं। ऐसे में कांग्रेस एक जिम्मेदार व्यक्ति को प्रत्याशी बनाएगी जो भाजपा को चुनाव में कड़ी टक्कर दे।
सालों से भाजपा की सुरक्षित है सीट
यह सीट भाजपा के लिए सुरक्षित सीट मानी जाती है। पिछले 35 साल में सिर्फ एक बार ही कांग्रेस को जीत मिली है। वहीं गत वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भी लोकसभा के अंतर्गत आने वालीं सभी आठों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत हुई। इस लिहाज से पूरी लोकसभा सीट में भाजपा का जनाधार भी अच्छा माना जा रहा है।
किरार और किसान दोनों को साधने का प्रयास
दर्शन सिंह चौधरी किरार समाज से आते हैं साथ ही वे किसान नेता हैं। ऐसे में पार्टी ने एक व्यक्ति से किरार समाज और किसानों को साधने का प्रयास किया है। पूर्व सीएम के शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री न बनाने से समाज में कुछ असंतोष था वहीं हाल ही में किसान आंदोलन की आग भी सुगली थी। ऐसे में चर्चा है कि भाजपा ने एक तीर से दो निशाने लगाने का प्रयास किया है।
अब तक यह रहे सांसद
लोकसभा चुनाव सांसद पार्टी
1952 हरिविष्णु कामथ -प्रजा सोशलिस्ट पार्टी
1952 सैयद अहमद मूसा कांग्रेस
1957 आर एस किलेदार कांग्रेस
1957 मगनलाल राधाकिशन कांग्रेस
1962 हरि विष्णु कामथ सोशलिस्ट पार्टी
1967 चौधरी नीतिराज सिंह कांग्रेस
1971 चौधरी नीतिराज सिंह कांग्रेस
1977 हरि विष्णु कामथ भारतीय लोकदल
1980 रामेश्वर नीखरा कांग्रेस
1984 रामेश्वर नीखरा कांग्रेस
1989 सरताज सिंह भाजपा
1991 सरताज सिंह भाजपा
1996 सरताज सिंह भाजपा
1998 सरताज सिंह भाजपा
1999 सुंदरलाल पटवा भाजपा
2004 सरताज सिंह भाजपा
2009 उदय प्रताप सिंह कांग्रेस
2014 उदय प्रताप सिंह भाजपा
2019 उदय प्रताप सिंह भाजपा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो