scriptCM ने पुरुषोत्तम लाल कौशिक की प्रतिमा का किया अनावरण, कांग्रेसियों ने किया स्वागत | CM unveils statue of Purushottam Lal Kaushik IN Mahasamund CG | Patrika News

CM ने पुरुषोत्तम लाल कौशिक की प्रतिमा का किया अनावरण, कांग्रेसियों ने किया स्वागत

locationमहासमुंदPublished: Jan 21, 2019 03:50:08 pm

Submitted by:

Deepak Sahu

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षण संस्था प्रांगण में आयोजित पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. पुरुषोत्तम लाल कौशिक के प्रतिमा का अनावरण, चंद्रनाहू पब्लिक स्कूल भवन का लोकार्पण किया।

cg news

CM ने पुरुषोत्तम लाल कौशिक की प्रतिमा का किया अनावरण, कांग्रेसियों ने किया स्वागत

महासमुंद. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित चंद्रनाहू शिक्षण संस्था प्रांगण में आयोजित पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. पुरुषोत्तम लाल कौशिक के प्रतिमा का अनावरण, चंद्रनाहू पब्लिक स्कूल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर द्वारा मांग रखे जाने पर महासमुंद के 100 बिस्तर जिला अस्पताल को स्व. पुरुषोत्तम लाल कौशिक के नाम पर करने की घोषणा की।

जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री सहायता कोष में जरूरतमंदों की मदद पहुंचाने के लिए के मुख्यमंत्री को चार लाख 50 हजार 822 रुपए का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री बघेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए हमें नरवा, गरवा, घुरूवा, बारी की ग्रामीण संस्कृति को बचाना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी जनघोषणाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य निर्माण के 18 साल बाद छत्तीसगढ़ के ग्रामीणों, किसानों और गरीबों की सरकार बनी है। नई सरकार के गठन होने और शपथ ग्रहण के पहले घंटे में ही किसानों के ऋण माफ कर दिए गए।
प्रदेश के किसानों का 6100 करोड़ रुपए का कृषि ऋण माफ किया गया है, साथ ही 2500 रुपए प्रति क्विंटल के मूल्य में धान खरीदा जा रहा है। अंतर की राशि किसानों के खाते में फरवरी तक पहुंच जाएगी। बघेल ने कहा कि राज्य में शराबबंदी भी की जाएगी, लेकिन नोटबंदी जैसी नहीं होगी। इसके लिए सर्व समाजों की बैठक लेकर इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उनकी सहमति और बताए गए सुझाव के अनुरूप इसका क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शराब बंदी के लिए सामाजिक जागरण और चेतना आवश्यक है, इसके लिए छत्तीसगढ़ के सभी समाजों को आगे आना होगा। 26 जनवरी को प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने की। इस अवसर पर विधायक विनोद चंद्राकर, विधायक द्वारिकाधीश यादव, देवेन्द्र बहादुर सिंह, किस्मत लाल नंद उपस्थित थे।

दानदाताओं को सीएम ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा चंद्रोदय पब्लिक स्कूल में कक्ष निर्माण के लिए 17 दानदताओं द्वारा 51 लाख रुपए देने पर उनका सम्मानित किया। इसी तरह स्व. कौशिक के पुत्र दिलीप कौशिक ने अपने पिता के नाम पर प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने के लिए पांच लाख रुपए का चेक सौंपा। कायक्रम में चंद्रहास चंद्राकर द्वारा स्वागत भाषण दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर, आलोक चंद्राकर, मकसूदन चंद्राकर, पूनम चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।

हाथियों से मुक्ति दिलाने सौंपा ज्ञापन
सिरपुर क्षेत्र विगत चार वर्षों से जंगली हाथियों से प्रभावित है। जंगली हाथियों से मुक्ति दिलाने एक बार फिर हाथी भगाओ फसल बचाओ समिति के संयोजक राधेलाल सिन्हा एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को ज्ञापन सौंपा। सौंपे ज्ञापन में उन्होंने बताया कि सिरपुर क्षेत्र हाथियों का कॉरीडोर बन गया है। इससे क्षेत्र का ४२ गांव प्रभावित है। पूर्व में कई बार आंदोलन कर प्रशासन से निजात दिलाने की मांग की है, लेकिन समस्या का आज तक हल नहीं निकल पाया है। अब इस क्षेत्र के लोगों की आस एक बार फिर जाग गई है। समिति के संयोजक ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सीएम को ज्ञापन सौंपा।

रोड शो में स्वागत
हैलीपैड से लेकर आयोजन स्थल चंद्रनाहु शिक्षण समिति तक रोड शो का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जगह-जगह स्वागत किया गया। इसके अलावा कांग्रसियों ने जमकर आतिशबाजी की और फूलों की वर्षा की। सीएम का जगह-जगह स्वागत किया गया। सीएम के प्रथम नगर आगमन पर सर्व समाज ने स्वागत किया। इससे पहले कांग्रेसियों ने शहर के विभिन्न मार्गों से रैली निकाली।

ट्रेंडिंग वीडियो