scriptभैया दूज: अलग अंदाज में दिखे बंगाल के मंत्री और विधायक | West Bengal Ministers and MLA's celebrated Bhaiya Dooj | Patrika News

भैया दूज: अलग अंदाज में दिखे बंगाल के मंत्री और विधायक

locationकोलकाताPublished: Nov 09, 2018 10:49:05 pm

Submitted by:

Prabhat Kumar Gupta

हर समय राजनीति के अखाड़े में प्रतिपक्ष को पटकनी देने की कसरत करने वाले राज्य के हेवीवेट मंत्रियों और विधायकों को शुक्रवार को पवित्र त्योहार भैया दूज के दिन अलग-अलग अंदाज में देखा गया।

kolkata west bengal

भैया दूज: अलग अंदाज में दिखे बंगाल के मंत्री और विधायक

– कोई बहनों के घर गया तो कोई पार्टी कार्यालय व वृद्धाश्रम जाकर मनाया त्योहार
कोलकाता.

हर समय राजनीति के अखाड़े में प्रतिपक्ष को पटकनी देने की कसरत करने वाले राज्य के हेवीवेट मंत्रियों और विधायकों को शुक्रवार को पवित्र त्योहार भैया दूज के दिन अलग-अलग अंदाज में देखा गया। ममता बनर्जी की सरकार के चार हेवीवेट मंत्रियों सुब्रत मुखर्जी, शोभनदेव चट्टोपाध्याय, फिरहाद हकीम और अरूप विश्वास ने बहनों के हाथों तिलक लगवाया। सत्तारूढ़ दल के कुछ चर्चित विधायकों बेचाराम मन्ना, पार्थ भौमिक भी पीछे नहीं रहे।
बचपन की याद
राज्य के पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री सुब्रत मुखर्जी बताते हैं कि भैया दूज का त्योहार आने पर उन्हें अपना बचपन याद आता है। बचपन से अब तक कोई ऐसा साल नहीं रहा जब वे अपनी बहन के बालीगंज स्थित आवास पर जाकर त्योहार का रस्म पूरा नहीं किया हों। उपहार और मिठाइयां लेकर बहन के घर पहुंचे सुब्रत ने तिलक (फोटा) लगवाने के बाद बताया कि हर साल भैया दूज के दिन वे दूसरा कोई कार्यक्रम नहीं रखते। परम्परागत तरीके से हर साल इस दिन बहन के घर जाते हैं। भैया दूज का दूसरे किसी दिन की तुलना नहीं की जा सकती। भाजपा नेता दिलीप घोष भी इस पर्व के रंग में रंगे दिखे।
भोज का आयोजन
राज्य के बिजली मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने भैया दूज के अवसर पर अपनी बहन के सम्मान में भोज का आयोजन किया। बहन के दिए हुए गुलाबी रंग की पंजाबी पहने चट्टोपाध्याय ने सिर पर तिलक लगवाया। उनकी बहन ने शंखनाद कर उनका स्वागत किया। सुबह छोटी बहन से तिलक लेने के बाद शाम को बड़ी बहन के घर गए। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा बीतने के बाद उन्हें इस दिन की बेसब्री से इंतजार रहता है। अपने मनपसंद उपहार खरीद लाते हैं।
आजीवन सुरक्षा प्रदान करने का संकल्प-
राज्य के क्रीड़ा व युवा मामलों के मंत्री अरूप विश्वास भी भैया दूज के त्योहार मनाने में पीछे नहीं रहे। सुबह वे चेतला स्थित वृद्धाश्रम (नवनीर)में तथा दोपहर बाद टालीगंज स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में ही बहनों से तिलक लगवाया। टॉलीवूड की कुछ नामचीन अभिनेत्रिययों ने भी मंत्री विश्वास को तिलक लगाकर त्योहार मनाया। सभी ने उनकी मंगल कामना की। विश्वास ने उपहार के अलावा बहनों को आजीवन सुरक्षा प्रदान करने का संकल्प दोहराया।
उपहार में हेलमेट
हुगली के हरिपाल में विधायक बेचाराम मन्ना भी भैया दूज के उत्साह व उमंग से सराबोर रहे। हरिपाल के रतनपुर गांव स्थित उनके आवास पर सुबह से ही उनकी बहनें एक के बाद एक पहुंची। बंगाली परम्परा के अनुसार भैया दूज का रस्म पालन किया। बहनों ने राज्य के पूर्व मंत्री मन्ना को उपहार में हेलमेट भेंट किया। सेफ ड्राइव-सेव लाइफ का नारा बुलंद करने वाले मन्ना ने बहनों का आह्वान करते हुए कहा कि भाई को उपहार में पोशाक के बदले हेलमेट दिए जाएं। ताकि भाई सुरक्षित तरीके से मोटरबाइक चला सकें। दूसरी ओर, नैहट्टी के विधायक पार्थ भौमिक ने भी भैया दूज के दिन हर्षोल्लास के साथ बहनों का स्वागत किया। बहनों से तिलक लेने के पश्चात् उन्होंने उपहार प्रदान किए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो