scriptकोलकाता पहुंची बच्चा चोरों की अफवाह, तत्पर हुई पुलिस | Rumors of child kidnappers reached Kolkata, prompt police | Patrika News

कोलकाता पहुंची बच्चा चोरों की अफवाह, तत्पर हुई पुलिस

locationकोलकाताPublished: Feb 18, 2019 10:48:30 pm

– दक्षिण कोलकाता के विभिन्न इलाकों में शुरू की माइकिंग
– बीते 24 घंटों में हुई है दो जनों की पिटाई

KOLKATA WEST BENGAL

कोलकाता पहुंची बच्चा चोरों की अफवाह, तत्पर हुई पुलिस

कोलकाता

महानगर में बच्चा चोर के संदेह में निर्दोष लोगों की पिटाई की वारदातों को रोकने के लिए कोलकाता पुलिस सोमवार से तत्पर हो गई। दक्षिण कोलकाता के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने माइकिंग शुरू की है। पुलिस लोगों को बता रही है कि महानगर में कोई बच्चा चोर गिरोह सक्रिय नहीं है। यह महज अफवाह है। इस पर ध्यान देने की जरुरत नहीं है। सोमवार को राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) अनुज शर्मा ने भी महानगरवासियों से इस अफवाह पर ध्यान नहीं देने और अगर कहीं कोई संदिग्ध दिखने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की।
रविवार रात महानगर के अलग-अलग जगहों पर एक युवती और एक युवक को बेरहमी से मारा-पीटा गया था। रात लगभग 9:30 बजे टॉलीगंज थाना क्षेत्र के श्रीमोहन लेन में लोगों ने एक युवती को 7 साल के एक बच्चे के साथ देखा। कुछ लोग उसे बच्चा चोर समझ कर रोक लिए। थोड़े ही देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवती को मारना-पीटना शुरू कर दिया। घटना की खबर पाकर पुलिस पहुंची। पुलिस भीड़ से छुड़ाकर उसे अस्पताल लेकर पहुंची। इसके कुछ देर बाद आनंदपुर थाना क्षेत्र के पश्चिम चौभागा इलाके में तीन अज्ञात युवकों को देख बच्चा चोर की अफवाह फैल गई। लोग तीनों युवकों पर टूट पड़े। दो युवक किसी तरह से भाग निकले। एक जने को लोगों ने पकड़ लिया। फिर युवक को बेरहमी से मारा-पीटा गया। घटना की सूचना मिलने के बाद आनंदपुर थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े युवक को चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। दोनों घटनाओं के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों ने दक्षिण 24 परगना जिले में बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैली हुई है। बच्चा चोर के संदेह में कई बेगुनाहों को बेरहमी से मारा-पीटा जा रहा है। शनिवार रात कोलकता के कस्बा, इकबालपुर आदि इलाके मे बच्चा चोर के संदेह में एक जने को मारापीटा गया था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो