scriptबंगालः नकली नोटों की तस्करी के नापाक मंसूबे नाकाम | Fake indian currency smugglers arrested | Patrika News

बंगालः नकली नोटों की तस्करी के नापाक मंसूबे नाकाम

locationकोलकाताPublished: Oct 20, 2018 08:44:59 pm

– दुर्गापूजा के दौरान बड़े पैमाने पर तस्करी करने की थी योजना
– कोलकाता समेत विभिन्न जिलों से पुलिस ने तस्करों को दबोचा
– लाखों रुपए मूल्य के नकली नोट जब्त

kolkata west bengal

बंगालः नकली नोटों की तस्करी के नापाक मंसूबे नाकाम

कोलकाता

कोलकाता और राज्य की पुलिस ने दुर्गापूजा के दौरान बड़े पैमाने पर नकली नोटों की तस्करी करने के तस्करों के नापाक मंसूबे को नाकाम कर दिया। पूजा के दौरान पुलिस श्रद्धालुओं की भीड़ और ट्रैफिक नियंत्रण करने में व्यस्त रहती है। भारत-बांग्लादेश सीमा के उस पार एवं इस पार बैठे तस्कर पुलिस की व्यस्तता का लाभ उठाने की फिराक में थे। पूजा से पहले ही सीमा पार से मालदह एवं मुर्शिदाबाद जिले में भारी मात्रा में नकली नोट पहुंचा दिए गए थे। पूजा के दौरान इन नकली नोटों को कोलकाता तथा देश के अन्य राज्यों के शहरों में भेजे जाने की योजना थी, लेकिन सीमावर्ती जिलों की पुलिस इस बार अलर्ट थी। कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न जिलों से पुलिस ने तस्करों को धर दबोचा। लाखों रुपए मूल्य के नकली नोट जब्त किए गए हैं। प्रत्येक वर्ष पूजा के दिनों में बांग्लादेश से अधिक मात्रा में नकली नोटों की तस्करी होती है। बाड़ रहित सीमा क्षेत्र एवं मार्ग से नकली नोट भारत भेजे जाते हैं। इस बार सीमावर्ती जिलों जैसे मालदह, मुर्शिदाबाद, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना एवं नदिया की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। पुलिस चौकन्न थी। इसलिए तस्करों के मंसूबे नाकाम हुए। जिला पुलिस के एक आला अधिकारी से इस बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि अभी मालदह और मुर्शिदाबाद जिले के तस्करों के पास भारी मात्रा में नकली नोट हैं। पुलिस उन पर नजर रख रही है।
—–
जब्त हुए नकली नोट, गिरफ्तार किए गए तस्कर

12 अक्टूबर: मालदह जिले के खेजुरिया पुलिस आउट पोल्ट क्षेत्र से १ लाख रुपए के नकली नोट के साथ भीम मंडल एवं पलास मंडल नामक दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
4 अक्टूबर: सियालदह स्टेशन के नजदीक महात्मा गांजी रोड से कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने 5 लाख रुपए के नकली नोट के साथ बबलू इस्लाम नामक एक तस्कर को गिरफ्तार किया
24 सितम्बर: दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर स्टेशन से सटे मछली बाजार से पुलिस ने संजीव कुमार सिंह एवं हिमांशु प्रताप नामक दो युवकों को 6.35 लाख रुपए के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया
18 सितम्बर : मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का से पुलिस ने काजरुल शेख नामक एक तस्कर को 10 लाख रुपए के नकली नोट के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया

14 सितम्बर: मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाने की पुलिस ने डाकबंगला मोड़ से एमजारुल शेख नामक एक तस्कर को 9 लाख रुपए के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया
—-

भारत-बांग्लादेश सीमा एक नजर में

4156 किलोमीटर लम्बी भारत-बांग्लादेश सीमा विश्व की 5वीं बड़ी अंतरराष्ट्रीय सीमा है। 2217 किलोमीटर लम्बी सीमा पश्चिम बंगाल से लगती है। इसका लगभग 300 किलोमीटर जल क्षेत्र है। जहां बाड़ नहीं है। थल क्षेत्र का भी कुछ हिस्सा अभी खुला है। यहां से घुसपैठ एवं तस्करी होती है।
—–
इनका कहना है

‘पुलिस पहले से चौकन्न थी। सीमावर्ती इलाकों में पैनी नजर रखी जा रही थी। अभी भी पुलिस अलर्ट है।’

अर्णव घोष , पुलिस अधीक्षक मालदह


‘ पूजा के दिनों बड़े पैमाने पर नकली नोटों की तस्करी की सूचना थी। पुलिस ने तत्परता के साथ काम किया। सितम्बर महीने में जिले से 27 लाख एवं चालू वर्ष में अब तक 1.24 करोड़ रुपए के नकली नोट जब्त किए गए।’
मुकेश कुमार, पुलिस अधीक्षक मुर्शिदाबाद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो