अब तक विपक्षी दलों का कोई मोर्चा नहीं बना है, लेकिन सभी विपक्षी पार्टियां एक बैनर तले आएंगी। सिर्फ छह महीने में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय जांच एजेंसियों के डर से विपक्षी नेता मुखर होकर नहीं बोल रहे हैं। एक सवाल के जवाब में ममता ने बताया कि आप लोग एक नीतीश कुमार के बारे में सोच रहे हैं, जबकि वह १०० शरद यादव, १०० लालू प्रसाद यादव और १०० अखिलेश यादव के बारे में सोच रही हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बच्चों की मौत पर उन्होंने कहा कि वहां जो भी हुआ वो अच्छा नहीं हुआ। भाजपा सिर्फ बातें बना रही है।
पश्चिम बंगाल में बुनियादी ढांचा की वृद्धि सबसे अधिक
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले छह साल में पश्चिम बंगाल में भारत से अधिक बुनियादी ढांचा वृद्धि होने का दावा किया। साथ ही कहा कि औद्योगिक उत्पाद सूचकांक बढ़ा है। उनकी सरकार उद्योग और कृषि विकास को समान महत्व दे रही है। राइजिंग बंगाल २०१७ में उद्योगपतियों और लोगों को शुक्रवार को संबोधित करते हुए ममता ने राज्य के ९० प्रतिशत लोगों को खाद्य साथी योजना के तहत दो रुपए प्रति किलो चावल और गेहूं और ५० लाख लोगों को बाजार दर से आधी कीमत पर चावल और गेहूं देने का भी दावा किया।
८१ लाख को रोजगार दिया: ममता ने प्रति व्यक्ति आय बढ़ कर एक लाख रुपए होने और राज्य में पिछले छह साल में ८१ लाख नया रोजगार सृजन का दावा गया। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में प्रति व्यक्ति आय ६९ हजार रुपए थी, यह बढ़ कर एक लाख रुपए हो गई है।