scriptचिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर नहीं चलेंगे बस व भारी वाहन | Buses will not ply on Chingrighata Flyover in Kolkata | Patrika News
कोलकाता

चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर नहीं चलेंगे बस व भारी वाहन

ईएम बाइपास स्थित चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर बसों के अलावा भारी वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगा दिया गया है। फ्लाईओवर के निर्माण के वक्त ही नक्शे में गड़बड़ी के कारण गार्डर में त्रुटि सामने आई थी।

कोलकाताSep 22, 2018 / 10:33 pm

Prabhat Kumar Gupta

kolkata west bengal

चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर नहीं चलेंगे बस व भारी वाहन

चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर नहीं चलेंगे बस व भारी वाहन

-मुआयना के बाद शहरी विकास मंत्री फिरहाद ने दिए निर्देश

कोलकाता.

ईएम बाइपास स्थित चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर बसों के अलावा भारी वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगा दिया गया है। फ्लाईओवर के निर्माण के वक्त ही नक्शे में गड़बड़ी के कारण गार्डर में त्रुटि सामने आई थी। शहरी विकास तथा नगरपालिका मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम ने शनिवार को उक्त फ्लाईओवर का मुआयना करने के बाद ट्रैफिक पुलिस व परिवहन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर के नक्शे में शुरू से ही गड़बड़ी है। इसके गार्डर में त्रुटि सामने आई है। केंद्र सरकार की संस्था राइट्स के विशेषज्ञ इंजीनियरों ने चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर के नक्शे में बदलाव लाने का सुझाव दिया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने इस फ्लाईओवर से गुजरने वाली बसों के अलावा भारी वाहनों पर अंकुश लगाने का निर्णय लिया है। हल्के वाहनों के लिए कोई निषेधाज्ञा नहीं है। फिरहाद ने कहा कि इस संदर्भ में संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। फ्लाईओवर की मरम्मत कार्य वर्ष के अंत तक पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।
बसों के मार्ग में बदलाव-

शहरी विकास मंत्री ने बताया कि चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर से गुजरने वाली बसों को बेलियाघाटा के रास्ते घुमाकर साल्टलेक करुणामयी की ओर रवाना किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस बसों के मार्ग परिवर्तन के लिए रूट चार्ट तैयार कर रही है। इसे तत्काल लागू करने को कहा गया है।
————-

संगठन के काम में जुटे सोमेन मित्रा

– पार्टी के हर स्तर के नेताओं से मांगा सहयोग
कोलकाता.

प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सोमेन मित्रा शनिवार से संगठन के काम में जुट गए। प्रदेश कार्यालय विधान भवन में उन्होंने विभिन्न जिलों से आए नेताओं व कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के हिंसा की राजनीति और भ्रष्टाचार तथा केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ पार्टी को आंदोलनमुखी बनाने के लिए उन्होंने हर स्तर के नेताओं से सहयोग की अपील की है। इस्लामपुर की घटना पर उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिदल उत्तर दिनाजपुर के दौरे पर है। दल की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद वे उक्त मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करेंगे। प्रदेश कार्यालय में मित्रा ने संवाददाताओं को बताया कि राज्य की ताजा राजनीति को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा के लिए आलाकमान के साथ शीघ्र बैठक होने की संभावना है। इसके लिए उन्होंने 11 सदस्यीय नई कमेटी के सदस्यों को दिल्ली जाने के लिए तैयार रहने को कहा है। इस्लामपुर काण्ड के खिलाफ 26 सितम्बर को भाजपा के प्रस्तावित 12 घंटे का बंगाल बंद पर मित्रा ने फिलहाल कुछ कहने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी उक्त घटना की निन्दा करती है।

Home / Kolkata / चिंगड़ीघाटा फ्लाईओवर पर नहीं चलेंगे बस व भारी वाहन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो