scriptबंगाल: गोली मारकर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या | BJP worker Killed in Bengal | Patrika News

बंगाल: गोली मारकर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

locationकोलकाताPublished: May 25, 2019 07:12:53 pm

चाकदह इलाके में तनाव, थाने का घेराव, रेल अवरोध, हंगामा
राज्यपाल की शांति की अपील, आरोप तृणमूल समर्थकों पर

Kolkata West Bengal

बंगाल: गोली मारकर भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

कोलकाता

चुनाव नतीजे के बाद पश्चिम बंगाल के कई जिलों में राजनतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार रात नदिया जिले के चाकदह इलाके में अपराधियों ने भाजपा के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान संतू घोष के रूप में हुई है। वह पहले तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता था। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुआ था। भाजपा नेताओं का दावा है कि तृणमूल समर्थकों ने संतू की हत्या की है। जिला तृणमूल कांग्रेस इकाई ने संतू को खुद की पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए हत्या का आरोप भाजपा समर्थकों पर लगाया है। इस बीच राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने हिंसा पर चिंता जताते हुए सभी से शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनावी उत्सव में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल के लोगों को धन्यवाद दिया है। चुनाव बाद राज्य के माहौल को शांत और सौहार्दपूर्ण बनाए रखने की अपील करते हुए राज्यपाल ने कहा है कि बंगाल एक समृद्ध संस्कृति वाला राज्य है। उन्होंने राज्य वासियों से शांति बनाए रखने और राज्य और राष्ट्र की समृद्धि और प्रगति के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की है।
घटना को लेकर भाजपा समर्थकों में भारी गुस्सा है। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए भाजपा समर्थकों ने चाकदह थाने का घेराव किया। भडक़े भाजपा समर्थकों मदनपुर, सिमुराली, चाकदह, बादकुल्ला आदि स्टेशनों पर रेलवे पर ट्रैक जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। परिणाम स्वरूप सुबह ७:२० बजे से ९:०३ बजे तक ट्रेन सेवा बाधित रही। दफ्तर निकले के समय ट्रेन सेवा ठप होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए इलाके में केन्द्रीय अद्र्ध सैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारण एवं हत्यारों के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया था। जांच जारी थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार रात संतू के मोबाइल पर किसी ने फोन किया था। फोन पर बात करते हुए वह घर से बाहर निकल गया था। देर रात तक घर नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह लगभग 7:30 बजे घर से कुछ दूर मैदान में खून से लथपथ मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि शुक्रवार रात संतू के मोबाइल पर किसने फोन किया था।
उल्लेखनीय है कि इसबार के चुनाव में भाजपा ने राज्य की 42 में से 18 सीटों पर जीत हासिल की है। तृणमूल कांग्रेस को 22 सीटें और कांग्रेस को २ सीटें मिली हैं। मतगणना के बाद से ही राज्य के विभिन्न जिलों में मारपीट, पार्टी कार्यालयों पर जबरन दखल, तोडफ़ोड़, आगजनी की घटनाएं घट रही हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो