scriptAmit Shah: मध्यप्रदेश में अमित शाह ने दिया भाजपा की जीत का मंत्र, देश में 400 मध्यप्रदेश में 29 पार | AMIT SHAH IN KHAJURAHO MADHYA PRADESH UPDATE BJP BOOTH KARYKARTA SAMMELAN | Patrika News
खजुराहो

Amit Shah: मध्यप्रदेश में अमित शाह ने दिया भाजपा की जीत का मंत्र, देश में 400 मध्यप्रदेश में 29 पार

Loksabha Election 2024: अमित शाह ने कहा कि ये जो कार्यकर्ता सम्मेलन बुलाया है वो विजय का संकल्प लेने का है। ये सम्मेलन लोकसभा चुनाव 2024 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 400 पार कर फिर से भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेने का सम्मेलन है।

खजुराहोFeb 25, 2024 / 07:49 pm

Shailendra Sharma

Loksabha Election 2024 : Amit Shah In MP
लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा ने मध्यप्रदेश में तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। गृह मंत्री अमित शाह खजुराहो में कार्यकर्ता सम्मेलन में भी पहुंचे जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 400 पार के नारे को साकार करने की रणनीति साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मध्यप्रदेश में सभी 29 सीट जीतने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा, बुंदेलखंड ने देश की आजादी में लड़ाई में मुगलों से लेकर अंग्रेजों तक सभी से लड़ाई में अपना बलिदान दिया है।
अमित शाह ने कहा, बीते दस सालों में मोदी जी ने देश में ढेरों बदलाव किए हैं। ये दस साल भारत के विकास के, भारत के 60 करोड़ गरीबों के कल्याण के, देश को आतंकवाद से मुक्त कराने के, महिला शक्ति को संसद और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण देकर सम्मान देने के हैं। इन्हीं दस सालों में भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखा और शिवशक्ति पाइंट पर तिरंगा फहराया। लेकिन आने वाला चुनाव भारत को महान बनाने का चुनाव है। भारत को महाशक्ति बनाने का चुनाव है। आने वाला चुनाव भारत को दुनिया में तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बनाने का चुनाव है। मैं आज एक बार फिर मध्यप्रदेश की जनता के सामने झोली लेकर आया हूं और अपील करता हूं, आप इस बार 29 सीटों के कमल मोदी जी की झोली में डाल दीजिए, हम मध्यप्रदेश और भारत को पूर्ण विकसित बनाएंगे। अमित शाह ने सम्मेलन को संबोधित करने से पहले पार्टी नेताओं के साथ मंतगेश्वर मंदिर में भगवान शिवजी के दर्शन किए।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज में यहां 23 हजार बूथ कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए आया हूं। अन्य पार्टियां कई कारणों से चुनाव जीत सकती हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपने बूथ के कार्यकर्ताओं के दम पर ही चुनाव जीतती है। विधानसभा चुनाव में मिली जीत भी आपके परिश्रम, पसीने और पुरुषार्थ से मिली है। इस बार मोदी जी ने 400 पार का लक्ष्य दिया है और यह लक्ष्य बूथ के कार्यकर्ताओं के बिना हासिल नहीं हो सकता।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीते 10 सालों में हमारी सरकार ने हर वादा पूरा किया है। 2019 में राहुल बाबा ताना मारते थे- मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे। 22 जनवरी 2024 को रामलला 500 सालों के बाद भव्य मंदिर में विराजमान हो गए हैं। जिस राम मंदिर के मुद्दे को कांग्रेस ने सालों तक अटकाकर, भटकाकर और लटकाकर रखा, उसका मोदी जी ने भूमिपूजन किया और प्राण प्रतिष्ठा कर करोड़ों रामभक्तों की इच्छा को पूरा किया।
amit_shah_in_khajuraho_1.jpg
अमित शाह ने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार के 10 सालों में आए दिन पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया आते थे और हमला करके भाग जाते थे। उन्हें याद नहीं रहा कि अब मोदी जी की सरकार है। जब उन्होंने उरी और पुलवामा में हमला किया, तो मोदी जी की सरकार ने 10 दिनों में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारने का काम किया। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया। उनके साथी सनातन धर्म को गालियां देते हैं। कांग्रेस ने राजा भोज के नाम पर मेट्रो का विरोध किया, रविदास मंदिर का विरोध किया, मां नर्मदा के जयकारे का विरोध किया और भारतीय संस्कृति को हमेशा अपमानित करने का काम किया। लेकिन मोदी जी भारत तो छोड़िए, यूएई में भी भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा करके आए हैं।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार पर्यायवाची शब्द हैं। कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचार का मतलब है कांग्रेस पार्टी। कांग्रेस ने अपने शासन के 10 सालों में 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले किये। कोल घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, टूजी, आईमेक्स मीडिया, एयरसेल मैक्सिस, जम्मू क्रिकेट एसोसिएशन, एम्ब्रेयर एयर और अगस्ता वेस्टलैंड जैसे कई घोटाले किए। अब मोदी सरकार के 10 साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन हमारे विरोधी भी मोदी जी पर एक कानी-पाई का आरोप नहीं लगा सके हैं। मोदी जी ने पारदर्शी शासन देने का काम किया है।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, सागर क्लस्टर प्रभारी एवं पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, प्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, लोकसभा संयोजक सदानंद गौतम, सह संयोजक पीतांबर टोपनानी, उमेश शुक्ला, प्रभुदयाल कुशवाहा, जिला प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह, रामबिहारी चौरसिया,दीपक सोनी, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, संजय पाठक, बृजेंद्र प्रताप सिंह, राजेश वर्मा, प्रहलाद लोधी, संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे, मीनाराजे परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेढ़ा, श्रीमती विद्या अग्निहोत्री, अरुण कुमार अवस्थी सहित खजुराहो लोकसभा के 2293 बूथों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
amit_shah_in_khajuraho_1.jpg

 


– बुंदेलखंड वालों की आवाज को क्या हो गया है, 400 पार करना है की नहीं, मोदी जी को तीसरी बार पीएम बनाना है कि नहीं।
– मेरी पार्टी के मालिक मेरे कार्यकर्ताओं को मेरा नमस्कार
– बुंदेलखंड ने देश की आजादी में लड़ाई में मुगलों से लेकर अंग्रेजों तक सभी से लड़ाई में अपना बलिदान दिया है।
– ये सम्मेलन बुलाया है वो विजय का संकल्प लेने का है। ये सम्मेलन लोकसभा चुनाव 2024 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 400 पार कर फिर से भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेने का सम्मेलन है।
– मोदी जी के 10 साल जनता की भलाई के, गरीबों के सम्मान के, आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने के, महिलाओं को सशक्त बनाने के 10 साल हैं।
– मैं मध्यप्रदेश की जनता को धन्यवाद देने आया हूं, मध्यप्रदेश के मतदाताओं ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है।
– साल 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 29 में से 28 सीटें भाजपा को आपने दी थीं लेकिन एक सीट तब बच गई थी। अब 2024 में 29 में से 29 सीटें भाजपा को जितानी हैं।
– मोदी जी ने जो 400 पार का लक्ष्य दिया है वो कार्यकर्ताओं की मेहनत के बगैर पूरा नहीं हो सकता है।
– राहुल गांधी पर बरसे अमित शाह।
– राहुल बाबा कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तिथि नहीं बताएंगे, मेरा मजाक उड़ाते थे लेकिन सुन लीजिए हमने जो कहा था वो किया और मोदी जी ने करोड़ों राम भक्तों की इच्छा को पूरा किया है। भाजपा जो कहती है वो करती है।

– कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में 10 साल सोनिया मनमोहन सिंह की सरकार रही, पाकिस्तान तब आतंकवादी हमले करते थे और सरकार मौन रहती थी।

– आतंकी हमलों का मोदी सरकार ने करारा जवाब दिया, सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

– कांग्रेस ने सनातन धर्म का विरोध किया, भारतीय संस्कृति का विरोध किया, नर्मदा की जय लगाने का विरोध किया।

– कांग्रेस को सनातन धर्म का अपमान किए चैन नहीं मिलता।

– कांग्रेस का शासनकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा, करोड़ों अरबों रूपए के कई घोटाले हुए।

– 10 साल से देश में मोदी सरकार है लेकिन एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा।

– कांग्रेस पार्टी से मेरे सवाल हैं- कांग्रेस ने 10 साल में 1 लाख 99 हजार करोड़ रुपए दिए, दिग्विजय सिंह कान खुल कर सुन लो, मोदी जी ने 7 लाख 74 हजार करोड़ रुपए मध्यप्रदेश को देने का काम किया।

– भाजपा ने बंटाधार मध्यप्रदेश को एक विकसित राज्य बनाने का काम किया है।

– आने वाला चुनाव भारत को महाशक्ति बनाने का चुनाव है।

– मैं अपील करता हूं कि मध्यप्रदेश की 29 सीटों के कमल नरेन्द्र मोदी की झोली में डालिए।

 

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो