scriptहरियाणा विधानसभा बजट सत्र अपडेट: हरियाणा में चलेंगी पिंक एक्सप्रेस बसें | Haryana budget session: Pink Express buses will run in Haryana | Patrika News

हरियाणा विधानसभा बजट सत्र अपडेट: हरियाणा में चलेंगी पिंक एक्सप्रेस बसें

locationकरनालPublished: Feb 20, 2019 06:14:42 pm

Submitted by:

Prateek

राज्यपाल ने पहले भाषण में सरकार की उपलब्धियां गिनाई…
 

(चंडीगढ़,करनाल): हरियाणा सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए प्रदेश में महिलाओं के लिए पिंक एक्सप्रेस बसें चलाने का फैसला किया है। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने बुधवार को बजट सत्र पर दिए अभिभाषण के दौरान हरियाणा सरकार की पिछली साढे चार साल की उपलब्धियां बताकर आगामी रोडमैप भी पेश किया। हालांकि इस बार राज्यपाल के अभिभाषण में भविष्य की योजनाओं का बहुत कम उल्लेख किया गया है। क्योंकि आगामी बजट सत्र से पहले वर्तमान सरकार का कार्यकाल पूरा हो जाएगा।


अपने पहले अभिभाषण में राज्यपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है। जिसके चलते निर्भया निधि योजना के तहत 100 एचवीएसी बसें (पिंक एक्सप्रेस) खरीदने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। यह बसें केवल अकेली अथवा एक साथी के साथ यात्रा करने वाली महिला यात्रियों के लिए होंगी और इन बसों में चालक व परिचालक भी महिलाएं ही होंगी। केंद्र सरकार से बहुत जल्द इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। यह मंजूरी मिलते ही हरियाणा में पिंक एक्सप्रेस चालू हो जाएंगी।


राज्यपाल ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में तीस नए महिला पुलिस थानों की स्थापना का काम चालू कर दिया है। इन महिला पुलिस थानों में 30 क्रैच की भी स्थापना की जाएगी। जिससे यहां अपने बच्चों के साथ आने वाली महिला पुलिस कर्मियों तथा सामान्य महिलाओं को भी लाभ मिलेगा। राज्यपाल ने हरियाणा में महिला अपराधों को रोकने के लिए दुर्गा शक्ति एप, दुर्गा रैपिड एक्शन फोर्स तथा दुर्गा शक्ति वाहिनी के बेहतर संचालन के लिए हरियाणा सरकार की पीठ भी थपथपाई है।


राज्यपाल ने भी माना,सरकार की नीतियों का परिणाम है जींद व निगमों में जीत

राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने भी माना है कि हरियाणा सरकार की नीतियों के परिणाम स्वरूप ही हालही में जींद में हुए उपचुनाव और नगर निगमों के चुनाव में भाजपा को एक तरफा जीत मिली है।

 

बजट सत्र की शुरूआत के अवसर पर अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने कहा वर्तमान सरकार सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के सिद्धांत पर काम कर रही है। राज्यपाल ने कहा कि आम आदमी द्वारा सरकार की इन नीतियों का अभूतपूर्व समर्थन किया जा रहा है। जिसके चलते हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक व यमुनानगर में मेयर और पार्षदों के चुनाव के अलावा जींद में हुए उपचुनाव में भाजपा को एक तरफा जीत मिली है। जिससे यह साफ होता है कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों का पूरी तरह से समर्थन करती है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो