पुलिस के अनुसार गत 11 अप्रेल को 16 साल की एक किशोरी मकान के कमरे में संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकी पाई गई थी। उसकी मौत हो चुकी थी। मर्ग दर्ज करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंप दिया था। अब मृतका की मां ने कुछ युवकों के खिलाफ बलात्कार, ब्लैकमेलिंग व हत्या करने का आरोप लगाकर मामला दर्ज करवाया। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गत वर्ष सितम्बर में नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। परिजन को पता लगा तो उन्होंने उलाहना दिया था। आरोपी ने वीडियो डिलीट कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने सहेली के घर पीडि़ता को मिलने बुलाया था, जहां उसने व तीन साथियों ने नाबालिग से दुष्कर्म किया था। सहेली के पिता के जागने पर चारों आरोपी जान से मारने की धमकियां देकर भाग गए थे। गत 11 अप्रेल को नाबालिग घर पर अकेली थी। पिता ड्यूटी पर और मां बाजार गई थी। मां ने पुत्री को फोन किए, लेकिन बात नहीं हो पाई। वह घर लौटी तो पुत्री फंदे पर लटकी मिली। आरोप है कि उसकी हत्या कर फंदे पर लटकाया गया है।