scriptनामांकन के अंतिम दिन प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों ने भरा अपना परचा | senior leaders filled nomination for jind bypolls | Patrika News

नामांकन के अंतिम दिन प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों ने भरा अपना परचा

locationजींदPublished: Jan 10, 2019 09:20:43 pm

Submitted by:

Prateek

सबसे पहले इनेलो के उम्मीदवार उमेद सिंह रेढू ने नामांकन किया…

nomination

nomination

(जींद): जींद में 28 जनवरी को होने जा रहे उपचुनाव को लेकर कांग्रेस, भाजपा और जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने गुरुवार को नामांकन कर दिया। वहीं आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कर चुके उमेद सिंह रेढू का दोबारा इनेलो की तरफ से नामांकन करवाया गया है। सभी उम्मीदवारों ने अपनी अपनी जीत के दावे किए हैं।


सबसे पहले इनेलो के उम्मीदवार उमेद सिंह रेढू ने नामांकन किया। उनके साथ पार्टी के नेता अभय चौटाला और विधायक परमिंदर सिंह ढुल मौजूद थे। नामांकन के बाद अभय चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी इस चुनाव को जीतेगी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कृष्ण मिड्ढा ने नामांकन किया है। मिड्ढा का नामांकन भरवाने के लिए पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, मंत्री नायब सिंह सैनी व आधा दर्जन विधायक पहुंचे।


सुभाष बराला ने कहा कि उनके प्रत्याशी को जीत मिलेगी। उन्होंने सबसे अच्छा प्रत्याशी मैदान में उतारा है। बीजेपी के बाद जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला ने नामांकन भरा। दिग्विजय के साथ सांसद दुष्यंत चौटाला और केसी बांगड़ साथ थे।


नामांकन भरने के बाद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी के गठन के बाद पहला चुनाव है, जिसमें सबसे युवा उम्मीदवार को मैदान में उतारा है। जीत के साथ उनकी पार्टी का खाता खुलेगा और दिग्विजय विधानसभा में जाएंगे। दिग्विजय के बाद रणदीप सुरजेवाला ने नामांकन किया। उनके साथ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर, कुलदीप बिश्नोई, किरण चौधरी, कुमारी सैलजा, अजय यादव, गीता भुक्कल पहुंची। नामांकन के बाद पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे और इस चुनाव में सरकार की हार होगी। उनकी पार्टी विकास के मुद्दे पर जींद का उपचुनाव लड़ेगी।

ट्रेंडिंग वीडियो