script

पाकिस्तान के स्नाइपर हमले व सीज फायर उल्लंघन को भारतीय सेना का मुंहतोड़ जवाब, दो पाक सैनिक ढेर, 5 घायल

locationजम्मूPublished: Nov 12, 2018 07:20:26 pm

पिछले आठ साल में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं इस साल सबसे अधिक हुई हैं…

army

army

(जम्मू): पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे युद्धविराम उल्लंघन तथा स्नाइपर हमले का सेना ने करारा जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि पांच घायल हैं। तीन मोबाइल बंकर भी ध्वस्त कर दिए गए हैं, जिससे स्नाइपर हमले किए जा रहे थे।

 

गौरतलब है रविवार को भी राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी स्नाइपर शॉट से एक जवान शहीद हो गया था। तीन दिनों में दो जवान और एक पोर्टर स्नाइपर का निशाना बने हैं। इससे पहले पाकिस्तान की ओर से पुंछ जिले में शनिवार को पूरी रात गोले बरसाए गए।


एलओसी पर तनाव की स्थिति

सैन्य सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए नौशेरा सेक्टर में दो सैनिकों को मार गिराया गया। सुंदरबनी सेक्टर में पांच पाकिस्तानी सैनिक घायल हुए हैं, जबकि नौशेरा सेक्टर में ही तीन मोबाइल बंकरों को सेना ने नष्ट किया है। दोनों तरफ से अधिक उच्च मारक क्षमता वाले हथियारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। एलओसी पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

 

रविवार रात से सोमवार सुबह तक चली गोलीबारी

पाकिस्तान ने रविवार को एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए राजोरी जिले के नौशेरा क्षेत्र में राजा पोस्ट पर तैनात सेना की 24 मराठा रेजीमेंट के नायक जी केशव सोमगीर को निशाना बनाते हुए स्नाइपर शॉट मारा। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सेना के चिकित्सा शिविर में ले जाया गया, जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्नाइपर शॉट दागे जाने के बाद सेना ने भी पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाते हुए जमकर गोलाबारी की। केशव महाराष्ट्र के नासिक जिले के श्रीरामपुर गांव के थे। वहीं, पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के दिगवार और माल्टी सेक्टर में शनिवार की देर रात से रविवार तड़के तक गोले दागे। नियंत्रण रेखा पर सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए यूनिवर्सल मशीनगनों से गोलाबारी की। सेना ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। रात साढ़े दस बजे शुरू हुई गोलाबारी सुबह पांच बजे तक जारी रही।


नियंत्रण रेखा पर चौकसी बढ़ी

पाकिस्तान की तरफ से स्नाइपर हमले तेज होने के बाद नियंत्रण रेखा पर चौकसी और अधिक बढ़ा दी गई है। ऐसा लगता है कि पाकिस्तान अब धोखे से भारतीय जवानों को मारने की रणनीति पर काम कर रहा है। पाकिस्तानी सेना इन दिनों नियंत्रण रेखा पर राजोरी से लेकर पुंछ तक स्नाइपर हमलों एवं गोलाबारी की घटनाओं को इसलिए अंजाम दे रही है, ताकि वह आतंकियों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करवा सके। पाकिस्तानी सेना और आईएसआई की कोशिश है कि अधिक से अधिक आतंकियों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराई जाए। ताकि कश्मीर घाटी में आतंकवाद फैलाने के अपने नापाक इरादे को अंजाम दे सके।


स्नाइपर हमले

11 नवंबर: राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में स्नाइपर हमले में महाराष्ट्र का जवान जी केशव सोमगीर शहीद

10 नवंबर: पलांवाला सेक्टर में स्नाइपर हमले में सांबा निवासी जवान वरुण कटल शहीद, अलग-अलग स्थानों पर तीन जवान घायल

09 नवंबर: पलांवाला सेक्टर में स्नाइपर शॉट से पोर्टर दीपक कुमार की मौत

06 नवंबर: राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर के कलाल में स्नाइपर शाट से एक जवान घायल

 

सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं इस साल सर्वाधिक

पिछले आठ साल में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं इस साल सबसे अधिक हुई हैं। पहले सात महीने में 1435 घटनाएं सीजफायर उल्लंघन की हुईं। इसमें 52 की मौत तथा 232 लोग घायल हो गए।

ट्रेंडिंग वीडियो