script

भाजपा को हराने के लिए सभी पार्टियों को अपनी दुकानें बंद कर एकजुट होना होगा: शरद यादव

locationजयपुरPublished: Aug 05, 2018 06:34:39 pm

Submitted by:

Kamlesh Sharma

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

sharad yadav in jaipur
जयपुर। वरिष्ठ नेता शरद यादव ने कहा कि देश के हालात खराब है और इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है। इसके चलते भाजपा को हराना होगा और इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को अपनी दुकानें बंद कर एक मंच पर आना होगा। इसके लिए सभी को त्याग करने के लिए तैयार रहना होगा। यादव ने यह बात रविवार को मानसरोवर स्थित दीप स्मृति सभागार में नवगठित लोकतांत्रिक जनता दल के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में कहीं।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान जेल और हालात नजर आते थे, लेकिन वर्तमान में स्थिति अलग है। 24 घंटे हिन्दू-मुस्लिम किया जा रहा है। हिन्दू-मुस्लिम करने से किसी के खेत में पानी पहुंच सकता या किसी युवा को रोजगार मिल सकता है। भाजपा ने देश को तबाह कर दिया है। देश में तीन लाख से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। नोटबंदी और जीएसटी ने देश को बर्बाद कर दिया।
उन्होंने राजस्थान के बारे में कहा कि यहां कांग्रेस मजबूत है और बड़ी पार्टी है। ऐसे में उसकी अधिक जिम्मेदारी है। इस दौरान पूर्व सांसद अली अनवर, राष्ट्रीय अध्यक्ष फतेह सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामनिवास यादव, विधायक छोटू भाई वासवा समेत कई अन्य ने विचार रखे।
गौरव नहीं बर्बाद यात्रा
यादव ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा को बर्बाद यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि गाय के नाम पर प्रदेश में पहलू खान और रकबर को भीड़ ने मार दिया। उधर, उनका विधायक ज्ञानदेव आहूजा अनर्गल बयान देते हैं। गरीब किसान परेशान है।
रामगढ़ को किया बर्बाद
यादव ने रामगढ़ बांध के अस्तित्व को समाप्त करने के लिए भी सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि इस बांध से जयपुर पानी पीता था, आज इसमें एक बूंद पानी नहीं है। बल्कि सरकार की शह से इसकी जमीन पर ऊंचे-ऊंचे भवन बन गए और खेती हो रही है।
पचास सीटों पर तैयारी
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चन्द्रशेखर यादव ने पार्टी के राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव पेश कर कहा कि उनकी पार्टी की विधानसभा की पचास और लोकसभा की चार सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारी है।

ट्रेंडिंग वीडियो