scriptकोई सरकार से खुश तो कोई दिखा नाराज, आइए जानें अब क्या कदम उठाएंगी प्रदेश की जनता | Rajasthan Election 2018: Problems in Jaipur | Patrika News
जयपुर

कोई सरकार से खुश तो कोई दिखा नाराज, आइए जानें अब क्या कदम उठाएंगी प्रदेश की जनता

www.patrika.com/rajasthan-news/

जयपुरNov 14, 2018 / 10:40 am

dinesh

Election 2018
महिलाओं की जुबान पर रसोई गैस के बढ़ते दाम और महंगाई…


– अश्विनी भदौरिया
जयपुर। लोगों की नब्ज को पकडऩे और जनता क्या चाहती है प्रदेश की नई सरकार से। बीते पांच साल (Rajasthan Election 2018) में जनता सरकार से कितना संतुष्ट है। इसको लेकर राजस्थान पत्रिका की ओर से चौक से चौक अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन हम अजमेरी गेट से टोंक फाटक पुलिया तक गए। यहां आठ जगहों पर हर वर्ग के मतदाताओं से बातचीत की। महिलाएं रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत से तो युवा बेरोजगारी की मार से परेशान दिखाई दिया। व्यापारी संतुष्ट दिखे।
अजमेरी गेट 4.5 किमी चलने पर
अजमेरी गेट पर सवारियों के इंतजार में खड़े लालचंद सैनी को वैसे तो किसी भी सरकार से कोई शिकायत नहीं है, लेकिप वे चाहते हैं कि ई-रिक्शा को भी ऑटो की तरह स्टैंड मिल जाएं तो काफी हद तक समस्या का समाधान हो जाएगा। उनका कहना है, यदि ई-रिक्शा को व्यवस्थित कर दिया जाए तो ही परकोटा में जाम से मुक्ति मिल सकती है।
एसएमएस अस्पताल 3.1 किमी चलने पर
मेडिकल की दुकान पर बातचीत की। पहले तो सरकार द्वारा दवाई पर कड़े नियम पर चर्चा की। कहा, व्यापार चौपट करने का काम सरकार ने किया है। हरिओम कहते हैं, अब सब सही है। सरकार की भी अपनी मजबूरी होती हैं। दिनेश कहते हैं, जनता का ध्यान भी सरकार को ही रखना चाहिए। होता यह है कि सरकार चार साल तक जनता को परेशान ही करती है।
नारायण सिंह सर्किल 2.4 किमी चलने पर
ऑटो चालक मोहसिन, मनोज और रतन कहते हैं कि सरकार कांग्रेस की ही आएगी। वजह पूछी तो कहते हैं, भाजपा ने पांच साल शासन कर लिया अब कांग्रेस की बारी है। निम्न और मध्यम वर्ग के अधिकतर लोग कांग्रेस के साथ हैं। हमारी सीट भी कांग्रेस जीतेगी। तीनों ने कहा, पुलिस आए दिन परेशान करती है। इससे मुक्ति दिला दे नई सरकार।
नेहरू बाल उद्यान 400 मीटर चलने पर
करीब 400 मीटर चलने के बाद चाय की थड़ी पर रुका तो वहां पर कपिल सिंह और शुभम सरकार से मुलाकात हुई। दोनों राजनीति पर चर्चा कर रहे थे। बीच में शामिल होकर मैंने पूछा कि आप अपने विधायक काम से खुश हैं तो दोनों का जवाब न था। दोनों ने कहा- उनके विधायक को फिर से टिकट मिल गई है। हां, दोनों सरकार के काम से जरूर संतुष्ट दिखाई दिए।
सूचना केंद्र 800 मीटर चलने पर
चाय की थड़ी पर बैठे शंकरलाल ने बताया कि सरकार कोई भी आए, बस लोगों को मूलभूत सुविधाएं दे। आजादी के बाद अब तक राजधानी में बिजली, पानी और सडक़ की समस्या दूर नहीं हो पाई है। आए दिन लोग प्रदर्शन करते हैं, इसके बाद भी सरकार मौन है। यहां बैठे कुछ युवाओं से बात की तो उन्होंने भाजपा सरकार के फिर से आने की बात कही।
सेंट्रल पार्क 1.9 किमी चलने पर
ज्यूस की दुकान लगाने वाले दुर्गेश ने राजनीति में बड़ी दिलचस्पी दिखाई। कहते हैं, हर सरकार काम करती है। कोई कम तो कोई ज्यादा। कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहते हैं, जो लोग ये कहते हैं कि कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, उनको यह सोचना चाहिए कि वो इतने बड़े कांग्रेस के शासन काल में बनाई सडक़ों पर ही हुए हैं। कम्प्यूटर भी इसी कांग्रेस की देन है।
नगर निगम 3.2 किमी चलने पर
एक दुकान पर ग्राहक नहीं दिखे तो मैंने सोचा फुर्सत में बैठे व्यापारियों से चर्चा कर ली जाए। रामकिशोर और अशोक कुमार जैन ने बताया कि मुक ाबला तो दो दलों के बीच ही होना चाहिए। कई देशों में ऐसा होता भी है। दोनों सरकारों ने अपने कार्यकाल में राज्य को आगे ले जाने का प्रयास किया है। बीते पांच साल में वसुधंरा राजे ने भी विकास कार्य कराए हैं।
टोंक पुलिया 4.4 किमी चलने पर
बस स्टैंड पर अपनी बस के इंतजार में बैठे लवकुश और लोकेश नव मतदाता थे। दोनों ही मतदान के लिए उत्साहित दिखे। दोनों ने माना कि शिक्षा के मामले में राजस्थान आगे बढ़ा है। लेकिन जब नौकरी देने की बात आती है तो मामला कोर्ट में चला जाता है। कई परीक्षाओं के परिणाम अब तक नहीं आए। सरकार को पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवानी चाहिए और युवाओं को समय से नौकरी देनी चाहिए।

Home / Jaipur / कोई सरकार से खुश तो कोई दिखा नाराज, आइए जानें अब क्या कदम उठाएंगी प्रदेश की जनता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो