script

RAPE पीड़ित बच्चियों के परिजन बोले, ‘5 लाख रुपए नहीं, हमें बलात्कार करने वाले दरिंदे की गिरफ्तारी चाहिए’

locationजयपुरPublished: Jul 04, 2019 01:55:26 pm

Submitted by:

Nakul Devarshi

Jaipur Shastri Nagar Rape and Violence Latest Update, parents protest: 22 जून को बलात्कार की शिकार बच्ची से बलात्कार करने वाले को गिरफ्तार करने की मांग को ले शास्त्री नगर में महिलाएं प्रदर्शन करने लगी। इसी दौरान एक स्थानीय नेता सरकारी नुमाइंदों की पैरवी करने पहुंचा और 22 जून को बलात्कार की शिकार बच्ची को 5 लाख रुपए मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तभी महिलाओं का गुस्सा फूट गया।

Jaipur Shastri Nagar Rape and Violence Latest Update, parents protest
जयपुर।

शास्त्री नगर में बलात्कार की घटनाओं ( Rape Incidents in Shastri Nagar Jaipur ) को लेकर बुधवार को भी दहशतभर दिन निकला। दिनभर पुलिस बल क्षेत्र में तैनात रहा और अधिकारी गश्त करते रहे। उधर, एक जुलाई को बलात्कार की शिकार बालिका को घोषित सरकारी आर्थिक मदद की बात को लेकर दूसरी बालिकाओं के परिचित और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।
दरअसल, सरकार ने एक जुलाई को बलात्कार की शिकार सात वर्षीय बालिका के परिजनों को सरकारी आर्थिक मदद के 5 लाख रुपए देने की घोषणा की है। जबकि 22 जून को बलात्कार की शिकार पीडि़त चार वर्षीय बालिका की सुध तक नहीं गई। इसी बात से नाराज़ एक पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट गया।
लोग बलात्कारी का पुतला बना लाए और थाने तक रैली निकाल प्रदर्शन करने की तैयारी करने में जुटे थे। तभी स्थानीय नेताओं और थाने पहुंचे कांग्रेसी विधायक महेश जोशी और अमीन कागजी थाने पहुंचे और मुख्यमंत्री को अन्य बालिका के परिजनों को भी आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग थाने से लौट गए।
…तो महिलाएं करने लगी प्रदर्शन
उधर, बुधवार दोपहर को 22 जून को बलात्कार की शिकार बच्ची से बलात्कार करने वाले को गिरफ्तार करने की मांग को ले शास्त्री नगर में महिलाएं प्रदर्शन करने लगी। इसी दौरान एक स्थानीय नेता सरकारी नुमाइंदों की पैरवी करने पहुंचा और 22 जून को बलात्कार की शिकार बच्ची को 5 लाख रुपए मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तभी महिलाओं का गुस्सा फूट गया।
महिलाएं स्थानीय नेता को उलाहना देते हुए बोलीं, 5-5 लाख रुपए लेकर अपनी बच्चियों की जिंदगी खराब कर दें। 5 लाख रुपए नहीं, हमें बलात्कार करने वाला दरिंदे की गिरफ्तारी चाहिए। उसे हमारे सामाने लाओ। महिलाओं को आक्रोशित होते देख स्थानीय नेता वहां से चलता बना। इसके बाद महिलाओं ने बलात्कारी के पुतले को चप्पलों से पीटा और पुलिस प्रशासन से बेटियों की सुरक्षा की मांग की। महिलाओं ने कहा कि बलात्कार की शिकार बेटियों की जिंदगी बर्बाद कर दी। एेसे दरिंदे को फांसी पर लटकाना चाहिए।
भाजपा नेता भी पहुंचे शास्त्री नगर थाने
शास्त्री नगर में एक के बाद एक बलात्कार की घटनाओं को देखते हुए बुधवार सुबह करीब 11 बजे भाजपा नेता गुलाब चन्द कटारिया, राजेन्द्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, सुरेन्द्र पारीक, पार्षद दिनेश कांवट सहित स्थानीय नेता जिलाध्यक्ष मोहन लाल गुप्ता के घर पहुंच पहुंचे। यहां पर गाडि़यों के शीशे टूटने वाले पीडि़त लोग भी पहुंचे।
पीडि़त लोगों ने अपनी व्यथा बताई। इसके बाद भाजपा नेता शास्त्री नगर थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मिलकर बलात्कार करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। भाजपा नेता बोले कि घटना और उपद्रव को लेकर पुलिस की इंटलीजेंस पूरी तरह से फेल हो गई।
… और इधर पकड़ा गया रेपिस्ट!
शास्त्री नगर में एक के बाद एक कर दस दिन में तीन बलात्कार के मामले सामने आने से दहल उठे जयपुरवासियों के लिए सकून भरी खबर है। पुलिस ने एक जुलाई को सात वर्षीय बालिका से बलात्कार करने वाले को पकड़ लिया है। हालांकि पुलिस अब 22 जून और 26 जून को अन्य दो बालिकाओं से बलात्कार करने की पुष्टि के लिए आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है।
आरोपी ने एक बालिका से बलात्कार करना कबूल भी लिया है। हालांकि तीनों बालिकाओं से एक ही तरह घटना को अंजाम देने के चलते संभावना जताई गई है कि अन्य दोनों वारदात भी इसी आरोपी ने की है। पुलिस महिलाओं और बच्चियों में दहशत फैलाने वाले इस दरिंदे की गिरफ्तारी गुरुवार को दिखाएगी।
पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि संदिग्ध पकड़ लिया गया है। उससे तस्दीक के बाद ही गुरुवार को कुछ कहा जाएगा। उधर, सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी शास्त्री नगर क्षेत्र का ही रहने वाला है। लोगों का कहना है कि पुलिस ने हकीकत में आरोपी को पकड़ लिया तो यह जयपुर की बच्चियों के लिए राहत भरा कदम होगा।
पुलिस अधिकारियों ने बुधवार देर रात तक शास्त्री नगर और भट्टा बस्ती क्षेत्र में जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात रखा। सूत्र बताते हैं कि गाडि़यों में तोड़ फोड़ की घटना को देखते हुए कुछ दिनों तक क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रखा जाएगा। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव की बुधवा रात 9 बजे प्रेसवार्ता रख मामले के खुलासे की तैयारी कर ली थी। लेकिन एनवक्त पर कुछ अन्य बिंदुओं की तस्दीक के चलते प्रेसवार्ता को टाल दिया गया।
उत्पात मचाने वाले 13 लोग न्यायालय में पेश
पुलिस ने सोमवार रात को उत्पात मचाने के मामले में गिरफ्तार किए गए 16 लोगों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को रिहा कर दिया गया। उधर, मंगलवार को भट्टा बस्ती थाने में दो पक्षों की तरफ से अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज करवाए गए।
चार वर्षीय पीडि़त बच्ची से बहुत मिली मदद
पुलिस ने बताया कि बलात्कार की शिकार चार वर्षीय बच्ची को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जांच में उन्हें बहुत मदद मिली। बच्ची ने उन रास्तों की पहचान की, इससे आरोपी के खिलाफ सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिलने में मदद मिली। हालांकि पुलिस ने दोनों बालिकाओं से पूछताछ के बाद स्केच तैयार करवाया है। इसमें आरोपी के बाल हल्के से भिन्न नजर हैं। हालांकि बताते है कि आरोपी की थाने में फोटो खींच 22 जून को बलात्कार की शिकार हुई बालिका को दिखाया गया। तब उसने फोटो देख आरोपी की पहचान की, लेकिन आरोपी की लोकेशन की तस्दीक कर रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो