script

​​​​​नगरीय निकाय चुनाव की आरक्षण लॉटरी आज, जानिए कौन सा वार्ड किसके लिए

locationजयपुरPublished: Sep 18, 2019 09:15:31 am

Submitted by:

Pawan kumar

— 52 नगरीय निकायों में तय होंगे कौन सा वार्ड किस वर्ग के लिए आरक्षित
 

जयपुर। नगर निगम जयपुर समेत प्रदेश के 52 नगरीय निकायों में नवम्बर 2019 में चुनाव होने जा रहे हैं। निकाय चुनाव के लिए नगरीय निकायों के वार्डों की आरक्षण लॉटरी आज निकाली जाएगी। स्वायत्त शासन विभाग लॉटरी की तैयारियों में जुटा है। 52 निकायों के सभी वार्डों में वर्गवार आरक्षण और महिला आरक्षण की प्रक्रिया लाॅटरी के माध्यम से आज पूरी होगी। लॉटरी निकलने के बाद नगरीय निकाय और जिला निर्वाचन अधिकारी इसकी जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को उपलब्ध करवाएंगे।

जानकारी के अनुसार प्रदेश के 193 नगरीय निकायों में जनगणना वर्ष 2011 के आधार पर नगरीय निकायों में वार्डों की संख्या की निर्धारण किया गया है। राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 एवं राजस्थान नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित वर्ग के लिये वार्डों की संख्या और एक तिहाई महिला वर्ग के आरक्षण अनुसार वार्डों की संख्या का निर्धारण किया गया है।
ये रहेगी आरक्षण प्रक्रिया

वार्डों के निर्धारण में नगरीय निकायों में अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों के लिए वार्डों का आरक्षण वार्ड में अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों की अधिकतम जनसंख्या के अवरोही क्रम के आधार पर होगा। अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों के लिए स्थानों के आरक्षण के प्रयोजनार्थ अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों की जनसंख्या के प्रतिशत के अवरोही क्रम में व्यवस्थित किए जाएंगे। जहां कोई वार्ड अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित होने के लिए समान हो जाए, वहां उसे अनुसूचित जातियों या यथा स्थिति अनुसूचित जातियों के लिए, जिसमें अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति का प्रतिशत अधिक हो, आरक्षित किया जाएगा। अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित स्थानों के अवधारित और आवंटित कर लिए जाने के बाद पिछड़े वर्गों के लिए स्थान जिसमें पिछड़े वर्गों की महिलाओं के लिए आरक्षित एक तिहाई स्थान शामिल है। अवशिष्ट वार्डों को लाॅटरी से निकालकर, आवंटित किया जाएगा। उच्च न्यायालय के अन्तरिम आदेश के अनुसार सभी वर्गों में महिला वार्डों का आरक्षण कुल वार्डों की जनसंख्या का एक तिहाई रहेगा। प्रत्येक वर्ग में महिलाओं का आरक्षण लाॅटरी से निर्धारित किया जाएगा।

जयपुर में 91 से बने 150 वार्ड

राजधानी जयपुर में शहरी सरकार को चुनने के लिए नगर-निगम के 150 वार्डों की आरक्षण लॉटरी आज जिला कलक्ट्रेट में निकाली जाएगी। इसी के साथ निकाय चुनाव की बिसात बिछ जाएगी। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली है। 150 वार्डों में से एससी और एसटी के 25 वार्ड शामिल हैं, जिनका चयन जिला प्रशासन ने सर्वाधिक जनसंख्या के आधार पर कर लिया है। 25 वार्डों में से आठ महिला वार्डों का चयन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। इसके अलावा 32 ओबीसी और 93 सामान्य वार्डों के लिए भी लॉटरी निकाली जाएगी। इस बार नगर निगम में 150 पार्षद चुनकर आएंगे।
जयपुर नगर निगम में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 25 वार्ड तय, ओबीसी और सामान्य के 125 वार्डों की लॉटरी आज निकलेगी। जनसंख्या के आधार पर तय किए एससी के 19 और एसटी के 6 वार्ड, इनमें से 8 महिला वार्डों के लिए लॉटरी निकलेगी। आरक्षित कुल 50 वार्ड ऐसे होंगे, जिनमें महिलाएं चुनकर नगर निगम पहुंचेंगी। रिजर्व कैटेगिरी के पुरुषों के वार्डों पर भी महिलाओं को चुनाव लड़ने का अधिकार रहेगा।
यह है शहरी सरकार के वार्डों का गणित
वर्ग पार्षद पुरुष महिला
सामान्य- 93 62 31
एससी- 19 13 06
एसटी- 06 04 02
ओबीसी- 32 21 11


एससी-एसटी के संभावित वार्ड

एससी वार्ड – 84, 106 ,78 ,88 ,117 ,61, 96, 82, 18, 95 ,62 ,85 ,137 ,30 ,1, 81 ,75 ,113 , 89 (इनमें से 6 महिलाओं के वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकलेगी)
अनुसूचित जनजाति (एसटी) वार्ड — 79 ,74 ,76 ,108 ,80 ,83 (इनमें से 2 महिलाओं के वार्ड आरक्षण की लॉटरी निकलेगी)

चार बॉक्स में डाली जाएंगी पर्चियां

लॉटरी के लिए चार बॉक्स एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य के लिए चार बॉक्स रखे जाएंगे। एससी, एसटी के 25 वार्ड निकालने के बाद 125 वार्डों बचेंगे। इसमें से ओबीसी के 32 वार्डों की आरक्षण की लॉटरी निकालनी होगी। इसके लिए लॉटरी में सभी 125 वार्डों के नाम की पर्ची लिखी जाएगी। इनमें से 32 पर्चियां ओबीसी वर्ग के लिए निकाली जाएंगी। 32 पर्ची अलग करने के बाद बाकी 93 पर्चियां सामान्य वर्ग के वार्डों की होंगी। इस तरह जयपुर में एससी, एसटी के 25, ओबीसी के 32 और अनारक्षित के 93 वार्ड तय हो जाएंगे।

ऐसी प्रक्रिया

वर्ग पर्चियां
एससी- 19
एसटी- 06
ओबीसी- 32
सामान्य- 93

ट्रेंडिंग वीडियो