script

मुसलमानों की धर्मयात्रा के नाम सबसे बड़ी ठगी, यहां हुआ खुलासा

locationजबलपुरPublished: Aug 31, 2018 03:02:57 pm

Submitted by:

Lalit kostha

मुसलमानों की धर्मयात्रा के नाम सबसे बड़ी ठगी, यहां हुआ खुलासा

Hajj

मुस्लिम हज यात्रा

जबलपुर। मुस्लिम बंधुओं की सबसे बड़ी व पवित्र धर्मयात्रा हज के नाम पर यहां लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ हज यात्रा कराने को लेकर एक ट्रेवल एजेंसी द्वारा लाखों रुपए ठग लिए गए हैं। ठगी के शिकार लोगों ने पहले तो संबंधित एजेंसी के दो कारींदों को पकड़ लिया, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार है। जिसे पकड़वाने के लिए शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोग एएसपी से मिलने पहुंचे। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपी पकड़ उनके रुपए लौटाने की बात कही है। एएसपी ने मुस्लिम समाज के लोगों को आश्वासन दिया है।

यह है मामला
गोहलपुर टीआइ महेन्द्र सिंह ने बताया कि मंसूराबाद, रद्दी चौकी, नई बस्ती और नरसिंहपुर निवासी मुस्लिम परिवार के सदस्यों ने हजयात्रा पर जाने की तैयारी की थी। 10 परिवारों से 26 लोग हज यात्रा पर जाने के लिए एजेंट शमीम से सम्पर्क किया था। शमीम ने प्रति व्यक्ति किराया दो लाख 90 हजार रुपए बताया था। हैदराबाद के टिकट बुकिंग एजेंट अरशद से फोन पर बात कराई थी। एजेंट के कहने पर 26 लोगों के टिकट बनाने के लिए 75 लाख 40 हजार रुपए बताए गए बैंक खाते में जमा कर दिए गए। दो सप्ताह पहले अरशद ने टिकट बुकिंग की राशि मिलने की जानकारी दी थी। सभी को एक सप्ताह बाद पासपोर्ट लेकर हैदराबाद बुलाया। वे हैदराबाद पहुंचे, तो अरशद नहीं मिला। दो दिन तक वे उसकी तलाश में भटकते रहे। इसके बाद शहर लौटकर शिकायत दर्ज कराई।

हज जाने का सपना टूटा –
पीडि़त परिवार के लोग कई महीनों से हज यात्रा की तैयारियों में लगे थे। ऐन वक्त इस ठगी ने उनकी यात्रा रद्द करा दी।

बड़ा नेटवर्क, कई को चपत
पुलिस के मुताबिक ठगी के गोरखधंधे में अरशद मास्टरमाइंड है। उसने अलग-अलग शहरों में अपने एजेंट बना रखे हैं। इनको टिकट बुकिंग कराने पर मोटा कमीशन दिया जाता है। उनके माध्यम से यात्रा करने पर हज यात्रियों को भी कई तरह के ऑफर दिए जाते हैं। इस गिरोह में कई लोग शामिल हैं और अब तक कई लोगों को करोड़ों की चपत लगा चुके हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो