scriptनरबदा मैया ऐंसीं तो मिलीं रे…., जैसे मिल गए मताई औ बाप रे.. | lokgeet in jabalpur | Patrika News
जबलपुर

नरबदा मैया ऐंसीं तो मिलीं रे…., जैसे मिल गए मताई औ बाप रे..

बंबुलियां लोकगीतों में समाई नर्मदा की गाथा, महिमा और इतिहास का वर्णन

जबलपुरJan 17, 2023 / 05:59 pm

Sanjay Umrey

बंबुलियां लोकगीतों में समाई नर्मदा की गाथा, महिमा और इतिहास का वर्णन

बंबुलियां लोकगीतों में समाई नर्मदा की गाथा, महिमा और इतिहास का वर्णन

जबलपुर। पुण्यसलिला रेवा की सदानीरा जलधारा संस्कारधानी और आसपास के अंचल की जीवनरेखा है। नर्मदा मां यहां की संस्कृति में इस कदर समाई हैं कि उनकी महिमा और उनसे जुड़ी कथाएं अंचल के बंबुलियां लोकगीतों में ढल गई हैं। बम्बुलियां, राई, ददरिया व अन्य क्षेत्रीय लोकसंगीत में नर्मदा के जन्म से लेकर उल्टा बहने तक की कथाएं सुंदर व मनमोहक धुनों के साथ गाई जाती हैं। नर्मदा प्रकटोत्सव के पहले ये लोकगीत पूरे अंचल में भक्ति का रस घोलने लगे हैं।
बंबुलिया या लमटेरा में सिर्फ नर्मदा
बंबुलिया गीत नर्मदांचल में गांव-गांव में गाए जाते हैं। नर्मदा को मा मानते हुए मायके से ससुराल आती-जाती बेटियां नर्मदा में ही स्वजनों का ङ्क्षबब देखती हैं और गाती हैं नरबदा मैया ऐंसीं तो मिलीं रे…., ऐंसीं तो मिलीं रे जैसे मिल गए मताई औ बाप रे.. नरबदा मैया हो..। इस लोक गीत को यूट््यूब पर भी सुना जा सकता है। ’नरबदा मैया दूधन बहें रे….’, दरस की तो बेरा भई रे…’ , ’ तुमखे भजे रे नर नारी करत स्नान रे’ जैसी बंबुलियां सुनकर श्रोता खो जाते हैं। बंबुलियां में बार-बार लम्बे आलाप या टेर होते हैं। इसलिए इसे लमटेरा (लम्बी टेरवाला) भी कहा जाता है।
रात से हो जाती है भोर
लोकगीत गायक मनीष अग्रवाल मोनी कहते हैं कि अंचल के किसान खेतों में मचान पर बैठे-बैठे पशु-पक्षिओं से फसलों की रक्षा करते हुए भी बंबुलिया गाते हैं। प्राय: अकेलेपन को दूर करते हुए बंबुलिया गाई जाती है और उसे सुनकर कहीं दूर खेत ताक रहा कोई दूसरा सर्वथा अपरिचित गायक या गायिका स्वर में स्वर मिलाते हुए अपनी पंक्तियां गा उठता है। बहुधा कोई पूर्व निर्धारित विषय या पाठ न होने पर भी बंबुलिया गायन में सांझ से रात या रात से भोर कब हो जाती है पता ही नहीं चलता। ऐसे सरस बंबुलिया गायन से ग्राम्यांचलों में बसे अनजान आशु कवियों की प्रतिभा भी परवान चढ़ती है।
पौराणिक कथाएं और आधुनिक रूप
बंबुलिया व अन्य लोकगीतों में नर्मदा के अवतरण का इतिहास भी सुंदर तरीके से गाया जाता है। मेकल चोटी पे उतरी है रेवा रे .. उतरी है रेवा रे! चिर कुंआरी … पानी हे छूबे कौन रे! नरबदे मेरी हो।द्म वहीं बंबुलिया नर्मदा की धार से बन रही बिजली और ङ्क्षसचाई करने की बानगी भी पेश प्रस्तुत करती हैं। ’नरमदे मैया हिरनी सी दौडीं … हिरनी सी दौडीं, परवत पे ..बन्धा ने थामो वेग रे! नरमदे जय हो’ …और ’बरगी बंधा में बन रई बिजुरिया … बन रई बिजुरिया, नरमदे.. खेतों में पोंची है धार रे’ जैसे लोकगीत नर्मदा की अंचल पर अतुलनीय कृपावृष्टि को प्रदर्शित करते हैं।
कर्मा, ददरिया व राई में भी रेवा के गुणगान
अंचल में कर्मा, ददरिया व राई लोकगीत भी बहुत प्रचलित हैं। इन लोकगीतों में स्थानीय जनजीवन की झलक रहती है। नर्मदा माता के प्रति अंचलवासियों की अगाध आस्था इन लोकगीतों में भी साफ नजर आती है। जब मस्त होकर अंचल के नौजवान राई गाते हैं, ’तर जेहो नरबदा नहाबे से…’ तो सुनने वालों के कदम मचलने लगते हैं। वहीं ददरिया की तान ’मैया नरबदा में जो भी नहाए, सीधे मुक्ति पाए…’ भक्तिभाव से भर देती है। लोकगीत गायक प्रभुदयाल नाग कहते हैं कि महाकोशल अंचल के लोकगीतों में नर्मदा जी का अकल्पनीय स्थान है। जब लोकगीत गायक ’हमखों नरबदा दिखा दईयो रे, भोलेशंकर की मोड़ी’ …गाते हैं तो लोग भावविभोर हो जाते हैं।

Hindi News/ Jabalpur / नरबदा मैया ऐंसीं तो मिलीं रे…., जैसे मिल गए मताई औ बाप रे..

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो