scriptबड़ी खबर: प्रदेश में अब मिलेगा जल्दी न्याय, 2019 में मिलेंगे 578 नए जज | government big announcements for courts judgments | Patrika News

बड़ी खबर: प्रदेश में अब मिलेगा जल्दी न्याय, 2019 में मिलेंगे 578 नए जज

locationजबलपुरPublished: Jan 01, 2019 12:45:00 pm

Submitted by:

Lalit kostha

बड़ी खबर: प्रदेश में अब मिलेगा जल्दी न्याय, 2019 में मिलेंगे 578 नए जज
 

patrika

mp government big announcements for courts judgments

राहुल मिश्रा@जबलपुर. प्रदेश की न्यायपालिका की कार्यप्रणाली में नए साल में नया उत्साह और तेजी देखने को मिल सकती है। वर्ष 2019 मे प्रदेश की निचली अदालतों को इस साल 578 नए जज मिलेंगे। राज्यभर में 27 नए कोर्ट कॉम्प्लेक्स भी इस साल बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें 700 कोर्ट रूम्स का निर्माण तेजी से चल रहा है। करीब 240 कोर्ट रूम लगभग पूरे होने को हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर में विकास के साथ नए जजों की नियुक्ति भी लगातार की जा रही है। इनसे प्रदेश की न्यायपालिका पर लंबित लगभग 15 लाख मामलों का बोझ काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

news facts- इस साल भर जाएंगे निचली अदालतों के जजों के खाली पद
प्रदेश को मिलेंगे 578 नए जज, 47 कोर्ट कॉम्प्लेक्स

पाइपलाइन में 385 पद
सूत्रों के अनुसार प्रदेश की जिला-तहसील अदालतों में न्यायाधीशों के 2021 स्वीकृत पद हैं। इनमें से लगभग 1500 पदों पर जज नियुक्त हैं, जबकि करीब 600 पद रिक्त हैं। इनमें से 385 पद विचाराधीन हैं। 140 पदों के लिए आयोजित की गई नियुक्ति परीक्षा का परिणाम आ चुका है। अधिवक्ताओं से भरे जाने वाले एडीजे के 55 पदों व 190 सिविल जजों की नियुक्ति के लिए वैकेंसी विज्ञापित करने के साथ ही प्रक्रिया जारी की जा चुकी है।

जून में आएगी 193 बाकी पदों की वैकेंसी
इस वर्ष भरे जाने वाले निचली अदालतों के जजों के बाकी 193 पदों के लिए जून-जुलाई 2019 में प्रक्रिया शुरू की जाएगी। परीक्षा, साक्षात्कार, नियुक्ति सहित अन्य प्रक्रिया को दिसंबर-2019 तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इस तरह इस वर्ष कुल 578 नए जजों की नियुक्ति निचली अदालतों में हो जाएगी।

इन जगहों पर बनेंगे कोर्ट कॉम्प्लेक्स
अशोक नगर, मुगावली, चंदेरी, मुलताई, आमला, भ्ंिाड, लहार, गोहद, मेहगांव, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा, सौंसर, पांढुर्णा, राघोगढ़, हरदा, होशंगाबाद, सोहागपुर, पिपरिया, इटारसी, सिवनी मालवा, पचमढ़ी, इंदौर, मंदसौर, गरोठ, भानपुर, सीतामऊ, ब्यावरा, सतना, नसरुल्लागंज,करेरा, पिछोर, उमरिया।

आवासीय निर्माण भी तेजी पर
हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एसके सेठ की व्यक्तिगत रुचि और निर्देश पर प्रदेशभर में नए कोर्ट कॉम्प्लेक्स और कोर्ट रूम्स बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इन्हें इस साल पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास निर्माण का काम भी प्रदेशभर में तेज गति से किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेशभर की निचली अदालतों में लम्बित मामले (31 दिसंबर तक अनुमान )
सिविल 3.50 लाख
अपराधिक 11.50 लाख
कुल लंबित प्रकरण 15 लाख

निचली अदालतों में जजों के पद 2020
कार्यरत जज करीब 1440
रिक्त पद लगभग 580

तेजी से चल रहा काम
नए जजों की भर्ती और कोर्ट रूम का काम तेजी से किया जा रहा है। इस वर्ष जिला अदालतों के 578 रिक्त पदों पर नियुक्तियां हो जाएंगी।
– अरविंद शुक्ला, रजिस्ट्रार जनरल, मप्र हाईकोर्ट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो