scriptCM jan ashirwad yatra: भाजपा के ही पूर्व पदाधिकारी ने छोड़े काले गुब्बारे, दर्ज कराया विरोध | CM's jan ashirwad yatra's protest against on reservation | Patrika News
जबलपुर

CM jan ashirwad yatra: भाजपा के ही पूर्व पदाधिकारी ने छोड़े काले गुब्बारे, दर्ज कराया विरोध

अंतिम पड़ाव पर जबलपुर पहुंची सीएम की जनअशीर्वाद यात्रा

जबलपुरOct 25, 2018 / 06:39 pm

Premshankar Tiwari

jan ashirwad yatra's latest issue

jan ashirwad yatra’s latest issue

जबलपुर। प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा गुरुवार शाम जबलपुर पहुंची। उनके स्वागत में कार्यकर्ता उमड़ पड़े। अधारताल तिराहे पर जैसे ही जनआशीर्वाद यात्रा ने प्रवेश किया, भाजपा के जयघोष गूंज उठे। इसी दौरान एक और रूप भी देखने मिला जो जनचर्चा का विषय बन गया। दरअसल यहां सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा को काले गुब्बारे दिखाने वालों में भाजपा के भी एक पूर्व पदाधिकारी शामिल रहे। ये अब राष्ट्रीय आरक्षण पीडि़त मोर्चा में शामिल हो गए हैं। मोर्चा के पदाधिकारियों ने गुब्बारे छोडकऱ वर्ग विशेष के प्रति भाजपा की नीतियों का विरोध दर्ज कराया।

गिनाई उपलब्धियां, कांग्रेस पर प्रहार
जबलपुर जिले में सीएम की जनआशीर्वाद यायत्रा का आगाज सिहोरा से हुआ। यहां सभा के बाद प्रारंभ हुए रोड-शो के दौरान सीएम ने जिले की कई विधानसभाओं का स्पर्श किया। सभा के दौरान उन्होंने कृषि, बिजली, सिंचाई, भावांतर योजना, गरीबों को पक्के मकान, बालिका शिक्षा, उज्जवला और तीर्थ दर्शन जैसी अन्य योजनाओं और उपलब्धियों के माध्यम से लोगों के दिल में उतरने का प्रयास किया। कांग्रेस पर तीखे प्रहार भी किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल प्रदेश का बंटाधार किया। सत्ता से दूरी उन्हें परेशान कर रही है, इसलिए अब शिवराज हटाओ की रट लगा रहे हैं। जनआशीर्वाद यात्रा के अंतिम पड़ाव में सीएम ने संस्कारधानी से चौथी बार के लिए आशीर्वाद मांगा। चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के चहुंमुुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है। अबकी बार मौका मिला तो प्रदेश में कोई भी गरीब कच्चे मकान में नहीं रहेगा। प्रदेश को देश के सभी राज्यों में नंबर वन बनाएंगे।

दिग्विजय ने बनाया गड्ढ़ों का प्रदेश
सिहोरा में सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से करीबी हटाना और गरीबों के जीवन में आनंद भरना मेरी सरकार का लक्ष्य है। किसी को बिना जमीन और मकान के नहीं रहने दिया जाएगा। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बंटाधार मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश को गड्ढों का शहर बना दिया था। सडक़ें थी ही नहीं। बिजली का ठिकाना नहीं था। अब बिजली से प्रदेश रोशन है। सडक़ें बन रही हैं। विरोधियों को विकास हजम नहीं हो रहा है।

अध्यक्ष का नाथ पर निशाना
सिहोरा में सभा के पूर्व सांसद व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने संबोधित किया। सिंह ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। कांग्रेस को अपने ही प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर भरोसा नहीं है, इसलिए चार-चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए हैं। यह पद के लोभ और असंतुष्टों को संतुष्ट करने की निचले दर्जे की राजनीति की भी बानगी है। सिंह ने कहा कि अनुशासन ही भाजपा की पहचान है।

कम हुआ रूट, जबलपुर में समापन
जनआशीर्वाद यात्रा के तहत सीएम को मझौली से होकर पनागर आना था, लेकिन समय और आचार संहिता को देखते हुए सीएम की यात्रा को संक्षिप्त कर दिया गया। चौहान सिहोरा से सीधे गोसलपुर, पनागर होते हुए जबलपुर पहुंचे। इसके बाद रांझी के लिए रवाना हो गए। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। सीएम ने रथ से ही लोगों को संबोधित करते हुए चौथी बार के लिए आशीर्वाद मांगा। अंत में वे पश्चिम विधानसभा के अंतर्गत गढ़ा पहुंचा। यहां भी सीएम ने जनता से चौथी बार के लिए आशीष की अपील की। जानकारों का कहना है कि सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा का पूर्णत: समापन जबलपुर में हो जाएगा। संगठन ने संभवत: आचार संहिता के मद्देनजर जन आशीर्वाद के जबलपुर में ही समापन का निर्णय लिया है।

मोर्चा ने छोड़े काले गुब्बारे
अधारताल में राष्ट्रीय आरक्षण पीडि़त मोर्चा ने काले गुब्बारे छोडकऱ जनआशीर्वाद यात्रा का विरोध दर्ज कराया। खास बात यह है कि इसमें भाजपा के पूर्व पदाधिकारी दीपक पचौरी भी शामिल रहे। दीपक पहले भाजपा में ही पदाधिकारी थे। एट्रोसिटी एक्ट के बाद भाजपा के रुख पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था। गुब्बारे छोडऩे वालों में मोर्चा के अमित खंपरिया समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। इनका आरोप था कि अटूट भरोसा करने के बाद भी भाजपा ने सवर्ण समाज को उपेक्षित किया है। काले गुब्बारे छोड़े जाने के दौरान मौके पर गहमा गहमी का माहौल बन गया था। हालांकि कहीं किसी तरह के अप्रिय हालात नहीं बने।

Home / Jabalpur / CM jan ashirwad yatra: भाजपा के ही पूर्व पदाधिकारी ने छोड़े काले गुब्बारे, दर्ज कराया विरोध

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो