लसूडिय़ा पुलिस ने बताया शुक्रवार दोपहर ३ बजे ढाबली में करंट लगने से दीपक पिता विष्णु चौहान (२४) निवासी रविदास नगर की मौत हो गई। वह बिजली विभाग के ठेकेदार के लिए काम करता था। घरेलू कनेक्शन देने के लिए केबल वायर जोड़ते समय उसे करंट लग गया। खंबे पर ही वह चिपक गया था। करंट लगने के चलते उसने तड़प-तड़प कर जान दे दी। घटना देखकर साथी कर्मचारी भी आए। वे जब तक बिजली की लाइन बंद करवाते दीपक दम तोड़ चुका था। दीपक का रिश्तेदार भी साथ में काम कर रहा था। उसने घटना देखी तो वह बेसुध हो गया। बिजली लाइन को बंद करवाकर गांव के लोगों व साथी कर्मचारियों ने शव को खंबे से उतारा। उसे एमवाय अस्पताल लाया गया। मृतक मूलत: देवास का रहने वाला है। जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। लसूडिय़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।