script

इस बार होगा भाजपा-कांग्रेस में जबरदस्त मुकाबला

locationइंदौरPublished: Nov 09, 2018 08:03:55 pm

नामाकंन के पहले मां अहिल्या से लिया जीत का आशीर्वाद

mp election news

इस बार होगा भाजपा-कांग्रेस में जबरदस्त मुकाबला

राजाबाड़ा चौक पर उमड़ी भाजपाई-कांग्रेसियों की भीड़, हजारों की संख्या में इकट्ठा होकर कलेक्टोरेट हुए रवाना

इंदौर। भाजपा-कांग्रेस के टिकटों की घोषणा के बाद शुक्रवार को राजबाड़ा चौक भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन भरने से पूर्व राजबाड़ा पर इकट्ठा हुआ। अपने नेताओं की अगुवाई में समर्थकों का हुजूम भी राजबाड़ा पर मौजूद रहा। भाजपा ने जहां अपना मंच लगाया वहीं कांग्रेस नेताओं ने बगैर मंच के ही समर्थकों के साथ कलेक्टोरेट की ओर कूच किया। राजबाड़ा के दो कोने अलग-अलग पार्टियों के झंडों से रंग गए। महालक्ष्मी मंदिर के सामने वाले हिस्से में कांग्रेसियों का हुजूम मौजूद रहा जबकि पुलिस चौकी के सामने वाले हिस्से एमजी रोड पर भाजपा समर्थक बड़ी संख्या में खड़े रहे।
महेंद्र हार्डिया पहुंचे समय पर
सुबह १०.३० बजे से समर्थकों सहित नेताओं ने राजबाड़ा पहुंचना शुरू कर दिया था। सबसे पहले विधानसभा क्षेत्र क्र. ५ के फिर विधायक प्रत्याशी महेंद्र हार्डिया राजबाड़ा पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता की भीड़ भी राजबाड़ा पहुंची थी। महेंद्र हार्डिया ने मंच पर जाकर अपना स्वागत करवाया और फिर मंच के सामने खड़ी एक कार में जाकर बैठ गए। इसी बीच उनके समर्थक टोलियां बनाकर राजबाड़ा आते रहे। समर्थकों ने उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी करना शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक महेंद्र हार्डिया अपने समर्थकों के साथ राजबाड़ा पर ही मौजूद रहे।
आकाश लेकर पहुंचे भीड़
सुबह करीब ११.१५ बजे तीन नंबर विधानसभा से प्रत्याशी आकाश विजयवर्गीय भी युवाओं की टोली लेकर राजबाड़ा पहुंच गए। उनके साथ आए युवा नारे लगाते हुए मंच की ओर ले गए। मंच पर आकाश का भाजपा के नगर पदाधिकारियों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसी बीच प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे और भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री जयपाल सिंह चावड़ा भी मंच पर पहुंचे। आकाश मां अहिल्या प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नामांकन के लिए कलेक्टोरेट रवाना हुए।
सहस्त्रबुद्धे बोले – हम नहीं करते वोट बैंक की राजनीति
सुबह ११.४५ बजे सहस्त्रबुद्धे ने मंच को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला चुनाव सिर्फ मुख्यमंत्री, विधायक तक सीमित नहीं है। इस चुनाव में तीन प्रमुख बिंदु है और सभी को इसका ध्यान रखते हुए चुनाव प्रचार करना है। २८ नवंबर को होने वाला मतदान यह फैसला करेगा कि वोट बैंक की राजनीति चलेगी या विकास की। हमारे अध्यक्ष कांग्रेस के नेताओं को चुनौती दे रहे हैं कि वे बताए कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर उनकी क्या भूमिका है। उनकी कोई भूमिका नहीं है क्योंकि वे वोट बैंक में विश्वास रखते हैं। नक्सलियों के बारे में उनकी क्या भूमिका है, उनकी कोई भूका नहीं है क्योंकि वे वोट बैंक की चिंता करते हैं। हम सभी को तय करना है कि २००३ के अंधकार युग में जाना है या आज के विकासशील युग में रहना है। उस समय जनता ने गड्डों में सडक़ देखी है। यह चुनाव फैसला करेगा कि क्या हम राजा-महाराजा के साथ जाएंगे या गरीब जनता की सेवा करने वाले सेवक के साथ। उनके पहले नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने कार्यकर्ताओं से भारत माता की जय के नारे लगवाएं।
१२ बजे बाद पहुंचे रमेश, मालिनी, सुदर्शन
दोपहर १२ बजे बाद एक साथ तीन प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों की भीड़ लेकर राजबाड़ा पहुंचे। उनमें सबसे पहले विधानसभा २ से भाजपा प्रत्याशी रमेश मेंदोला पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की फौज हाथ में उनके और आकाश के फोटो वाली तख्तियां लेकर पहुंची थी। उनके बाद क्षेत्र क्र. एक से विधायक प्रत्याशी सुदर्शन गुप्ता खजूरी बाजार होते हुए राजबाड़ा पहुंचे। उनके आते ही समर्थकों ने जोरदार आतिशबाजी शुरू कर दी। इसी बीच सुदर्शन राजबाड़ा स्थित मंच पर पहुंचे और नगर पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लिया। यहां तीनों प्रत्याशी और प्रदेश प्रभारी, संगठन मंत्री भी जीप में सवार होकर कलेक्टोरेट के लिए रवाना हुए।
मालिनी की गाड़ी एकलव्य ने संभाली
उनके बाद महापौर व क्षेत्र क्र. ४ से भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ दोपहर करीब १२.१५ बजे राजबाड़ा खुली जीप में सवार होकर पहुंची। उनकी जीप का स्टेरिंग उनके बेटे एकलव्य गौड़ ने संभाल रखा था। सुबह करीब ११.३० बजे लोधीपुरा स्थित निवास से बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ राजबाड़ा पहुंची। रैली में होने वाले कचरे को लेकर उन्होंने ५ हजार रुपए का शुल्क भी जमा करवाया। इसके पहले वे इमली बाजार स्थित गुरूद्वारा मत्था टेकने पहुंची।
अश्विन जोशी भी पहुंचे आशीर्वाद लेने
दोपहर ११.३० बजे विधानसभा तीन से कांग्रेस प्रत्याशी अश्विन जोशी भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ राजबाड़ा चौक पर मां अहिल्या का आशीर्वाद लेने पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश जोशी और सज्जनसिंह वर्मा भी मौजूद रहे। इस बीच महेश जोशी और सज्जन सिंह वर्मा भीड़ के बीच ही काफी देर तक बतीयाते रहे। अश्विन ने यहां पर वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लेकर कलेक्टोरेट के लिए रवाना हो गए।
ये भी पहुंचे राजबाड़ा
राजबाड़ा पर मां अहिल्या का आशीर्वाद लेने राऊ से भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा, क्षेत्र क्र. एक से कांगे्रस प्रत्याशी संजय शुक्ला और यहीं से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे कमलेश खंडेलवाल दो पहिया वाहन पर सवार होकर पहुंचे। उन्होंने मां अहिल्या को प्रणाम करने के बाद कहा कि मैंने लगातार समाज में काम किया। पूरे इंदौर को मालूम है कि मैंने समाज के लिए कितना काम किया लेकिन मैं धनबल के आगे हार गया लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि जनबल मुझे जीत जरूर दिलाएगा। हम क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लड़ाई लडेंगे।
२ घंटे तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे आम लोग
सुबह ११ बजे से दोपहर करीब डेढ़ बजे वे कांग्रेस-भाजपा सहित निर्दलीय प्रत्याशियों का राजबाड़ा पर आना-जाना लगा रहा। सैकड़ों की संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे नेताओं की वजह से आम लोगों को खासा परेशान होना पड़ा। यहां बड़ी संख्या में भीड़ पहुंचने की जानकारी होने के बावजूद टै्रफिक पुलिस ने यहां कोई वैकल्पिक प्लान तैयार नहीं किया था। इसी बीच वाहन आपास में गुत्थगुत्था होते रहे। खासकर सावरकर मार्केट, खजूरी बाजार, यशवंत रोड और एमजी रोड पर चलने वाला टै्रफिक पूरी तरह जाम हो गया।

ट्रेंडिंग वीडियो