script#mpkamahamukabla: यहां 2013 में भाजपा पर जताया था भरोसा, अब जनता नाराज | Madhya Pradesh Assembly Elections 2018 news in hindi | Patrika News

#mpkamahamukabla: यहां 2013 में भाजपा पर जताया था भरोसा, अब जनता नाराज

locationइंदौरPublished: Sep 18, 2018 02:41:57 pm

Submitted by:

amit mandloi

इंदौर विधानसभा – 4 में जिस बूथ पर सरताज, वहां क्या आज के तहत पत्रिका ने की पड़ताल।

indore 4

indore 4

इंदौर. विधानसभा क्षेत्र क्रमांक चार भाजपा का गढ़ है। 2013 के विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र के बूथ क्रमांक 90 में भाजपा को सबसे अधिक 921 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस ने बूथ 226 में सर्वाधिक 878 वोट हासिल की थी। खास बात यह है कि जहां के वोटर ने भाजपा को सबसे ज्यादा वोट दिए, वहीं की जनता आज खस्ताहाल डे्रनेज सिस्टम से परेशान है। पत्रिका ने इन दोनों बूथों की जमीनी हकीकत पता कि तो कई समस्याएं सामने आईं।
बूथ 90 वार्ड 84 के अंतर्गत आता है, जिसकी सबसे बड़ी कॉलोनी द्वारकापुरी है। भाजपा की जीत में हर बार मदद करने वाले इस बूथ के रहवासियों ने भले ही विधायक मालिनी गौड़ को क्षेत्र में सबसे अधिक वोट दिए, लेकिन इनकी ड्रेनेज व्यवस्था गड़बड़ है। कॉलोनी के कुछ हिस्से में आधी-अधूरी ड्रेनेज लाइन डली है, जबकि कुछ हिस्से में लाइन ही नहीं है। बारिश के दिनों में यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि, क्षेत्र की सड़क, सफाई और पानी की व्यवस्था से जनता संतुष्ट है। क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूती देने वाले बूथ २२६ के रहवासी विधायक के बजाए क्षेत्रीय कांग्रेस पार्षद से खुश हैं। यहां की विजय पैलेस कॉलोनी एक समय गंदी बस्ती में शुमार थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षो में सफाई भी ठीक है और सड़कें भीं। स्ट्रीट लाइट से लेकर इंटर लॉकिंग टाइल्स भी लगाई जा चुकी है। रहवासियों का कहना है, गौड़ दो बार से विधायक हैं, लेकिन वे यहां की समस्या सुनने आज तक नहीं आईं।
आमने-सामने
द्वारकापुरी क्षेत्र के वार्ड 84 में ड्रेनेज लाइन को लेकर प्रस्ताव बन चुका है। जल्द वहां का काम शुरू कराया जाएगा। वार्ड 73 के बूथ 226 की उपेक्षा का सवाल ही नहीं उठता। स्थानीय पार्षद द्वारा भेजे गए सभी प्रस्ताव को प्राथमिकता से पास किया गया है। वहां पर सड़क, बिजली, पानी सहित किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है।
– मालिनी गौड़, विधायक

चुनाव जीतने के बाद विधायक ने क्षेत्र की जनता से धोखा किया है। कई कालोनियों में आज भी ड्रेनेज लाइन नहीं है। नर्मदा का पानी नहीं पहुंचा। गुंडा गर्दी और चंदा खोरी चरम पर है। चुनाव से पहले घोषणा की थी कि अवैध कॉलोनियों को वैध करेंगे, जो नहीं हो पाया। क्षेत्र में शमशान घाट नहीं है, आम जमता को परेशान होना पड़ रहा है।
– सुरेश मिंडा, कांग्रेस प्रत्याशी (2013)
ड्रेनेज समस्या काफी पुरानी है। क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र रावत सहित विधायक गौड़ को भी इसकी जानकारी दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। द्वारकापुरी ढलान पर बसी है, बारिश में सड़कों पर इसी वजह से ३-३ फीट तक पानी जमा हो जाता है।
– चिंरजीव भाटी, रहवासी, बूथ 90
कुछ समय पहले तक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था खराब थी, स्वच्छता अभियान के बाद से स्थिति बेहतर हुई है। घर-घर कचरा उठाने वाली गाडिय़ा समय से आती हैं। सड़कों की हालत भी ठीक है। गार्डन पर अवैध कब्जे हैं, उन पर कार्रवाई हो। – महेंद्र सोलंकी, रहवासी, बूथ 90
कांग्रेस को हमारे बूथ से अधिक वोट मिलने की सजा यहां की जनता को भुगतना पड़ रही है। गौड़ दो बार से विधायक हैं, पर वे एक बार भी परेशानी सुनने नहीं आईं। पार्षद सादिक खान सक्रीय हैं। वे हमारी हर समस्या का निराकरण करते हैं।
– अफजल बेग, रहवासी, बूथ 226
मूलभूत सुविधाओं के मामले में पिछले ३ वर्षों में स्थिति ठीक हुई है। क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं नहीं रुक रही हैं। वार्ड की कुछ बस्तियों में आपराधिक किस्म के लोग सक्रिय हैं, इन्हें रोकने के लिए क्षेत्र में पुलिस चौकी बनाने की जरूरत है।
– शाहबाज खान, रहवासी, बूथ 226

नंबर गेम

भाजपा को मिले सर्वाधिक वोट

बूथ क्रमांक : 90
कुल मतदान : 1233

भाजपा को मिले वोट : 921
कांग्रेस को मिले वोट : 274
कांग्रेस को मिले सर्वाधिक वोट

बूथ क्रमांक : 226
कुल मतदान : 988

भाजपा को मिले वोट : 64
कांग्रेस को मिले वोट : 878

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो