scriptशहर का पहला रूफ टॉप स्टेडियम विवादों में, निगम अधिकारियों ने बताया अवैध | first Roof top stadium disputes, corporation officials have invalid | Patrika News

शहर का पहला रूफ टॉप स्टेडियम विवादों में, निगम अधिकारियों ने बताया अवैध

locationइंदौरPublished: Nov 04, 2018 01:56:02 pm

ओणम प्लाजा की छत पर डे-नाइट मैच के लिए बना स्टेडियम

अर्जुन रिछारिया @ इंदौर. पलासिया क्षेत्र में स्थित ओणम प्लाजा की छत पर शहर का पहला रूफ टॉप स्टेडियम तैयार किया गया है। बैकयार्ड एरिना के नाम से बने इस स्टेडियम में डे-नाइट मैच खेले जा सकते हैं। मुंबई की कंपनी ने इसके लिए मार्केटिंग भी शुरू कर दी है और एक सप्ताह पहले से यहां पर मैच खेले जाना शुरू भी हो गए हैं। कंपनी को ओणम प्लाजा की पूरी छत दी गई है, जिसके आधे हिस्से में स्टेडियम और आधे में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। स्टेडियम को बनाने वाले आदित्य जैन का कहना है कि वे इंदौर में स्पोट्र्स लवर्स के लिए कुछ नया करना चाहते थे, इसलिए यह कॉन्सेप्ट लेकर आए।
हालांकि स्टेडियम बनने के बाद से ही विवादों में भी आ गया है। निगम अधिकारी इसे अवैध बता रहे हैं। आदित्य का कहना है कि निगम के अधिकारी तीन बार जांच करने आ चुके हैं और हम उन्हें पूरी तरह से संतुष्ट कर चुके हैं। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि किसी भी बिल्डिंग को पूरी तरह से कवर करके उसका कमर्शियल उपयोग करना गैरकानूनी है। पड़ताल के बाद ही तय किया जाएगा कि स्टेडियम सही तरीके से बना है या नहीं।
किस तरह के मैच हो रहे : स्टेडियम में स्थानीय टीमें बुकिंग कर रही हैं। क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल के मैच खेले जा रहे हैं। कॉर्पोरेट्स मीटिंग और कवि सम्मेलन के लिए भी इसे दिया जा रहा है।
140-200 लोगों के बैठने की सुविधा है इस रूफ टॉप स्टेडियम में

1200 रुपए प्रतिघंटा है दिन में खेले जाने वाले मैचों का चार्ज

1600 रुपए प्रतिघंटा तक लिया जा रहा है डे-नाइट मैच का शुल्क
-निगम से परमिशन नहीं ली गई है। प्रारंभिक जांच के हिसाब से यह अवैध है। जांच चल रही है, अगर गलत तरीके से बनाया गया है तो हटवाएंगे।
देवेंद्र सिंह, अपर आयुक्त, नगर निगम

-स्टेडियम शुरू करने वाली कंपनी ने कहा था कि वे सभी अनुमति लेने के बाद ही काम शुरू करेेंगे। फिलहाल मुझे इस विषय में कोई जानकारी नहीं है।
अमित चावला, ऑनर, ओणम प्लाजा
नहीं ली परमिशन
पीएस कुशवाह, भवन अधिकारी, जोन 10
१. पलासिया क्षेत्र में यह स्टेडियम है। इसकी अनुमति ली गई है?
नहीं निगम से इसकी कोई अनुमति नहीं ली गई है। हमारे पास परमिशन के लिए अभी तक यह मामला नहीं आया है।
२. क्या बिल्डिंग की छत का व्यावसायिक उपयोग सही है?
कुछ मामलों में परमिशन दी जाती है, पूरी छत के व्यावसायिक उपयोग की परमिशन नहीं दी जाती है।
३. अवैध निर्माण होने की स्थिति में निगम की क्या कार्रवाई होगी?
हमें आपसे ही मामले की जानकारी मिली है, तुरंत जांच करवाते हैं। गलत निर्माण होगा तो नोटिस देकर उसे तुरंत हटवाएंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो