scriptइंदौर : झांकी मार्ग पर शाम 5 बजे से बंद हो जाएगा ट्रैफिक, 6 बजे शुरू होगा कारवां | roads will be closed in indore after 5 pm | Patrika News
इंदौर

इंदौर : झांकी मार्ग पर शाम 5 बजे से बंद हो जाएगा ट्रैफिक, 6 बजे शुरू होगा कारवां

पारंपरिक चल समारोह में झिलमिल सितारों का कारवां देखने पूरा शहर सडक़ पर होगा।

इंदौरSep 23, 2018 / 12:40 pm

amit mandloi

jhanki

इंदौर : झांकी मार्ग पर शाम 5 बजे से बंद हो जाएगा ट्रैफिक, 6 बजे शुरू होगा कारवां

इंदौर. अनंत चतुर्दशी पर रविवार को रात्रि जागरण होगा। पारंपरिक चल समारोह में झिलमिल सितारों का कारवां देखने पूरा शहर सडक़ पर होगा। 13 संस्थाओं की 30 नयनाभिराम झांकियों के साथ अखाड़े और बैंड भी शामिल होंगे। व्यवस्था की दृष्टि से शाम 5 बजे से ही झांकी मार्ग पर ट्रैफिक बंद कर दिया जाएगा। झांकियों का क्रम तय कर दिया गया है। प्रशासन शाम 6 बजे से चल समारोह शुरू कराने की कोशिश में है।
सुरक्षा और चिकित्सा के पर्याप्त इंतजाम

कलेक्टर निशांत वरवड़े ने बताया, चल समारोह के मद्देनजर शहर में कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी की गई है। जुलूस मार्ग पर निगरानी के लिए वॉच टॉवर बनाए गए हैं।
खजराना गणेश की झांकियां प्रथम

सबसे आगे खजराना गणेश मंदिर, उसके पीछे आइडीए, होप टेक्सटाइल (भंडारी मिल), नगर निगम, कल्याण मिल, साईंनाथ सेवा समिति, कनकेश्वरी इंफोटेक, नंदानगर सहकारी साख समिति, स्पूतनिक, ट्यूटोरियल एके डमी, मालवा मिल, स्वदेशी मिल, राजकुमार मिल, हुकमचंद मिल, जैन सामाजिक संगठन, जय हरसिद्धि मां सेवा समिति की झांकी रहेगी।
धारदार हथियार प्रतिबंधित

अखाड़ों में शराब आदि नशा करके व तेज धारदार हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित है। मिट्टी के तेल को मुंह में भरकर आग उड़ाना एवं अन्य खतरनाक करतब भी प्रतिबंधित है। अखाड़ों के उस्तादों को प्रतीक के रूप में एक तलवार म्यान में रखकर चलने की अनुमति रहेगी। प्रत्येक अखाड़े के सदस्य स्वागत मंच पर एक मिनट तथा निर्णायक मंच पर चार मिनट तक करतब दिखाएंगे। कार्यपालिक दंडाधिकारी तथा पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी रहेगी कि निर्धारित समय पर बाहर निकलें।
सबके मार्ग तय किए

चल समारोह शाम 6 बजे से शुरू होगा। होप टेक्सटाइल, स्वदेशी मिल, कल्याण मिल, साईंनाथ सेवा समिति, कनकेश्वरी इंफोटेक, नंदानगर सहकारी साख समिति की झांकियां मालवा मिल चौराहे से होकर भंडारी मिल ओवरब्रिज से श्रम शिविर पर मुख्य मार्ग में मिलेंगी। हुकमचंद मिल की झांकी शीलनाथ कैंप होते हुए भंडारी ब्रिज के नीचे से निकलकर श्रम शिविर मुख्य मार्ग पर आएगी। राजकुमार मिल की झांकी राजकुमार ओवरब्रिज होते हुए श्रम शिविर पर मुख्य मार्ग में मिलेगी। मालवा मिल की झांकी राजकुमार ओवरब्रिज होकर श्रम शिविर पर मुख्य मार्ग में मिलेगी। नगर निगम, खजराना तथा इंदौर विकास प्राधिकरण की व अन्य झांकियां डीआरपी लाइन से जुलूस में शामिल होंगी।

Home / Indore / इंदौर : झांकी मार्ग पर शाम 5 बजे से बंद हो जाएगा ट्रैफिक, 6 बजे शुरू होगा कारवां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो