scriptLok Sabha Elections: महिलाएं चाहती है, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हो, कानून व्यवस्था बेहतर बनें, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं विकास के मुद्दों को लेकर मुखर | Lok Sabha El Women want adequate security arrangements, better law and order, vocal on issues of inflation, education, health, employment and development | Patrika News
हुबली

Lok Sabha Elections: महिलाएं चाहती है, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हो, कानून व्यवस्था बेहतर बनें, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं विकास के मुद्दों को लेकर मुखर

महिलाएं अपना अमूल्य वोट देकर सरकार बनाने में निभाएगी अहम भूमिका, राजस्थान पत्रिका परिचर्चा में महिलाओं ने मतदान को लेकर रखी बेबाक राय

हुबलीMay 04, 2024 / 01:50 pm

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

Rajasthan Patrika Paricharcha

राजस्थान पत्रिका परिचर्चा के दौरान महिलाओं ने मतदान को लेकर अपनी बात रखी।

देश में लोकसभा चुनाव का महापर्व जारी है। ऐसे में सभी का यह दायित्व बनता है कि वे मतदान की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करें और सही व सक्षम प्रत्याशी के लिए मतदान करें। अच्छे नेता के चयन से ही देश को उन्नति के पथ पर ले जाने वाली सरकार का भविष्य तय होगा। ऐसे में सभी को सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक महिलाओं का हिस्सा लेना भी बेहद आवश्यक है। लोकसभा चुनाव में महिलाएं अपना अमूल्य वोट देकर सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। महिलाएं चाहती हैं कि उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हों। कानून व्यवस्था और बेहतर बनें। सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई का है।
महंगाई से रसोई के बिगड़े बजट से परेशान महिलाओं ने चुनाव में ऐसा प्रत्याशी चुनने की बात कही है, जो इस ज्वलंत समस्या से राहत दिला सके। महिलाएं शिक्षा, रोजगार, खराब सड़कें, विकास के मुद्दे को लेकर काफी मुखर हैं। वह अपने बच्चों के बेहतर भविष्य को लेकर भी वोट देंगी। राजस्थान पत्रिका परिचर्चा के दौरान महिलाओं ने मतदान को लेकर अपनी बेबाक राय रखी। जानिए चुनाव और मतदान को लेकर नारी शक्ति के विचार:
मतदानरूपी महायज्ञ में आहूति डालें
जालोर जिले के चौराऊ की निवासी ललिता मलानी ने कहा, देश के एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने उत्तरदायित्व को समझते हुए मतदान करना बहुत महत्वपूर्ण भी है और जरूरी भी है। यह न केवल हमारे लिए एक अधिकार है, बल्कि यह हमारी जिम्मेदारी भी है। मतदान करके हम अपनी आवाज उठा सकते हैं। इसलिए मतदान का सही प्रयोग करना देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हम सब लोकतंत्र के इस महायज्ञ में आहुति जरूर डालें। देश को आगे बढ़ाना है और दुनिया में सबसे आगे ले जाना है तो वोट करना ही होगा।
स्वरोजगार से जोड़ें महिलाओं को
जालोर जिले के अमरसर की निवासी मंजू ओसवाल ने कहा, महिलाओं को स्वरोजगार मुहैया करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। मतदान का सही और सकारात्मक प्रयोग करके देश को विकसित राष्ट्र बनाने में मदद मिल सकती है। हम मतदान द्वारा उन लोगों को अपना प्रतिनिधि बना सकते हैं, जो हमारे विचारों, मूल्यों और आवश्यकताओं को समझते और सम्मान देते हैं। मतदान के सही प्रयोग और देश की बागडोर एक योग्य व्यक्ति, योग्य नेता के हाथों में जाएगी तो निश्चित रूप से राष्ट्र को मजबूती मिलेगी और देश विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।
शिक्षा व स्वास्थ्य पर दें विशेष ध्यान
सिरोही जिले के अरटवाड़ा की निवासी पिंकी डूमावत ने कहा, मौजूदा दौर में शिक्षा के क्षेत्र में विशेष कार्य किए जाने की जरूरत है। शिक्षा एक ऐसी चीज है जो हमारे स्तर को ऊंचा रखने का कार्य करती हैं। गांवों में शिक्षा का अभाव है। इसके चलते तमाम बच्चे स्कूल पढऩे नहीं जा पाते। बच्चियों में असुरक्षा की भावना है। महिला सुरक्षा के लिए और कड़े कानून एवं कदम उठाने की जरूरत है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। वर्तमान में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बहुत खराब है। अस्पतालों में उपकरण तो हैं लेकिन इलाज के लिए चिकित्सकों का अभाव है। नई सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
रोजगार सृजन की दिशा में हो काम
राजस्थान के जालोर की निवासी प्रीति बोहरा ने कहा, देश एव समाज के हित के लिए हमारा वोट महत्वपूर्ण है। नई सरकार को रोजगार सृजन की दिशा में ध्यान देना चाहिए। इसके साथ ही सड़कों में सुधार समेत मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से हल किया जाना चाहिए। लोकतंत्र में मतदान की अपनी अलग महत्ता है। एक मत देश को आगे बढ़ा सकता है। मतदान का सही प्रयोग सामाजिक परिवर्तन का शक्तिशाली माध्यम है। मतदान लोकतंत्र का एक मूलभूत पहलू और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव भी है। चुने गए नेता देशवासियों के हितों के लिए जवाबदेह होते हैं। मतदान सामाजिक परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम है।
देश की खुशहाली के लिए मतदान जरूरी
जालोर जिले के अमरसर की निवासी सविता ओसवाल ने कहा, चुनाव भी एक राष्ट्रीय पर्व की तरह ही है। देश की प्रगति एवं उन्नति के लिए वोट जरूरी है। मतदान हमारा हक है, हमारा कत्र्तव्य है। हमें मतदान का उपयोग जरूर करना ही चाहिए। इससे एक सही एवं मजबूत सरकार के चयन में हमारी भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी। मतदान से ही देश के हितों की रक्षा हो सकेगी। वोट महत्वपूर्ण है। हमें इसकी महत्ता को समझना चाहिए। इसलिए सारे काम छोड़कर मतदान वाले दिन सबसे पहले मतदान करना चाहिए। दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

Home / Hubli / Lok Sabha Elections: महिलाएं चाहती है, सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हो, कानून व्यवस्था बेहतर बनें, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं विकास के मुद्दों को लेकर मुखर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो