ऐसा क्या हुआ की रिमझिम बारिश में लगा 18 हजार बोरी लहसुन का ढेर
नीमचPublished: Sep 07, 2018 10:00:32 pm
-अगले दो दिनों के अवकाश के चलते बंपर रही आवक-लहसुन, सोयाबीन और गेहूं की रही बंपर आवक
नीमच. आगे दो दिन का अवकाश के चलते शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में धनिया, सोयाबीन और लहसुन की बंपर आवक हुई। सुबह से ही रिमझिम बारिश जारी रहने के कारण अन्नदाता खुले में ढेर करने से बचे। ऐसे में अन्नदाता उपज से भरे शेड खाली होने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही शेड खाली होता, फिर चंद मिनटों में उपज से भर रहा था। क्योंकि किसान भी इस चिंता में थे कि कहीं आज उपज नहीं बिकी तो दो रात मंडी में ही गुजरानी पड़ेगी।
बतादें की माह के दूसरे शनिवार के दिन बैंक अवकाश होने के कारण नीलामी नहीं होती है। वहीं रविवार को शासकीय अवकाश है। इस कारण कृषि उपज मंडी में लगातार दो दिन अवकाश आ रहा है। ऐसे में कहीं उपज नीलाम नहीं हुई तो कम से कम दो दिन मंडी में रात गुजारनी पड़ेगी। इस कारण किसान इस जुगत में लगे थे, कि जैसे तैसे उपज की नीलामी हो जाए। ताकि किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इस कारण शुक्रवार को जहां सभी उपज के शेड खचाखच भरे थे। वहीं कई किसान उपज से लदे वाहनों के साथ शेड खाली होने का इंतजार करते नजर आए।
शुक्रवार को मौसम में सुबह से ही ठंडक थी, वहीं रिमझिम बारिश दिनभर होती रही। ऐसे में कहीं अचानक जोरदार बारिश आने के कारण फसल भीग न जाए। इस कारण दूर दराज से आए किसानों ने उपज के ढेर खुले में नहीं किए। खुले में ढेर नहीं होने के कारण सभी मंडियों के शेड खचाखच भरे थे। धनिया, सोयाबीन मंडी में तो यह हाल थे कि शेड भरे होने के कारण बाद में आए किसानों को उपज से लदे वाहन लेकर तब तक खड़ा होना पड़ा। जब तक नीलामी और तुलाई होकर शेड खाली नहीं हुए। इस प्रकार करीब दो से तीन बार शेड पूरे खाली होते गए, फिर भराते गए।
लहसुन 18 हजार बोरी, सोयाबीन आई 8 हजार बोरी
चूकि लहसुन की आवक गुरुवार को ही 8 हजार बोरी से अधिक हो गई थी। ऐेसे में गुरुवार शाम से फिर किसान लहसुन लेकर आने लगे, तो शुक्रवार सुबह तक करीब 18 हजार बोरी से अधिक लहसुन मंडी प्रांगण में आ पहुंचा था। इतनी अधिक मात्रा में लहसुन आने के कारण लहसुन मंडी के तीनों शेड खचाखच भर गए थे। वहीं शेष किसानों को तब तक इंतजार करना पड़ा, जब तक शेड खाली नहीं हुए।
शुक्रवार को लहसुन सहित अन्य उपजों की अच्छी आवक रही। सभी उपजों का तौल आदि कार्य समय पर हो गया। शनिवार को बैंक अवकाश के कारण क्रय विक्रय नहीं होगा। वहीं रविवार को शासकीय अवकाश रहेगा।
-भगतसिंह चौहान, मंडी निरीक्षक, नीमच