scriptलोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस में बढ़ेगी गुटबाजी,सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची से बढ़ी नेताओं की धडक़नें | groupism increasing in haryana Congress | Patrika News

लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस में बढ़ेगी गुटबाजी,सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची से बढ़ी नेताओं की धडक़नें

locationहिसारPublished: Feb 05, 2019 06:19:07 pm

Submitted by:

Prateek

तंवर द्वारा भेजी प्रत्याशियों की संभावित सूची पर विवाद…

(चंडीगढ़,हिसार): जींद उपचुनाव के परिणाम के बाद कांग्रेस में उभरी गुटबाजी अब लोकसभा चुनाव में दिखाई देगी। एक तरफ जहां पार्टी हाईकमान सभी नेताओं को एक मंच पर लाने की कवायद में लगी हुई है वहीं हरियाणा कांग्रेस के नेताओं के बीच यह दरार लगातार बढ़ती जा रही है।


यह नेता अपने—अपने गुटों को कर रहे मजबूत

वर्तमान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक गुट का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कर रहे हैं तो दूसरे गुट का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा किया जा रहा है। प्रदेश में तीसरे गुट का नेतृत्व विधायक दल की नेता किरण चौधरी कर रहे हैं तो चौथे गुट को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला द्वारा हवा दी जा रही है। प्रदेश में एक अन्य धड़ा कैप्टन अजय सिंह यादव के नेतृत्व में भी सक्रिय है। कुछ समय कांग्रेस से दूर रहकर दोबारा कांग्रेस में पांव जमाने में जुटे कुलदीप बिश्नोई भी धीरे-धीरे अपना गुट मजबूत कर रहे हैं।

 

उक्त सभी नेता लोकसभा चुनाव में अपनी-अपनी पसंद के उम्मीदवार उतारने के लिए जूझते नजर आएंगे वहीं कांग्रेस हाईकमान को इस गुटबाजी का नुकसान होने की प्रबल संभावना है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ.अशोक तंवर द्वारा लोकसभा प्रत्याशियों के नामों का पैनल हाईकमान की बजाए प्रदेश नेतृत्व तैयार किए जाने के दावे के बाद यह गुटबाजी और बढऩे के आसार बन गए हैं।


सूत्रों के अनुसार संभावित सूची में प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से दो-दो संभावित प्रत्याशियों के नाम हाईकमान को भेजे गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही सूची के अनुसार सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर और पूर्व सांसद रही कुमारी सैलजा का नाम भेजा गया है। हिसार लोकसभा सीट को भजनलाल परिवार के लिए सुरक्षित माना जा रहा है। रोहतक से वर्तमान कांग्रेसी सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ-साथ बदले हुए राजनीतिक हालातों में उनकी पत्नी श्वेता हुड्डा का नाम भी शामिल किया गया है।


सोनीपत लोकसभा सीट पर कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों में प्रदीप सांगवान के अलावा पहलवान सुशील कुमार का नाम भी चर्चा में है। करनाल लोकसभा सीट से चाणक्य शर्मा व अवंतिका माकन संभावितों की सूची में है। इसके अलावा कुरूक्षेत्र से नवीन जिंदल और रणदीप सुरजेवाला, अंबाला से कुमारी सैलजा व राजकुमार वाल्मीकि, गुरुग्राम से कैप्टन अजय सिंह यादव और सारा पायलट तथा फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से करण सिंह दलाल व ललित नागर के नाम शामिल हैं। हरियाणा कांग्रेस द्वारा अगर अपने संभावित पैनल के रूप में यह नाम हाईकमान को भेजे गए हैं तो आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में फिर से नया घमासान शुरू होने की प्रबल संभावना बन गई है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो