scriptLok sabha election 2024: गहलोत बोले-केवल कांग्रेस पर टार्गेट, लगातार झूठ बोल रही सरकार | Lok Sabha election 2024: Gehlot said – the target is only on Congress, the government is constantly lying | Patrika News
Government

Lok sabha election 2024: गहलोत बोले-केवल कांग्रेस पर टार्गेट, लगातार झूठ बोल रही सरकार

अजमेर में सभा को संबोधित करते पूर्व सीएम अशोक गहलोत।

अजमेरApr 17, 2024 / 07:12 pm

raktim tiwari

EX CM Ashok gehlot

अजमेर में सभा को संबोधित करते पूर्व सीएम अशोक गहलोत।

पूर्व सीएम गहलोत ने पिछली सरकार की योजनाएं गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस को कोसने का ही काम किया है। अच्छी योजनाओं को बंद किया जा रहा है।

अजमेर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने आजाद पार्क में आयोजित सभा में कहा कि दस साल से केंद्र सरकार लगातार झूठ बोल रही है। देश में लोकतंत्र खत्म हो रहा है। पूरे देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। झूठ बोलना भाजपा की फितरत है। अब भी जनता नहीं संभली तो पीढि़यों को भुगतना पड़ेगा।
करीब 2 घंटे देरी से यहां पहुंचे गहलोत ने कहा कि ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स के छापे मारकर केंद्र सरकार ने करोड़ों रुपए जमा किए। जिस कांग्रेस ने देश में खालिस्तान बनने से बचाया उसके खाते सीज कर दिए। लेकिन जनता सहयोग कर रही है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर ने इलेक्टोरल बॉन्ड को दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला बताया है। प्रधानमंत्री घूम-घूम कर सफाई दे रहे हैं। सरकार देश में लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। संविधान और लोकतंत्र कांग्रेस की देन है। इसे नहीं बचाया तो पीढि़यां पछताएंगी।
चौंकाने वाले होंगे नतीजे

पूर्व सीएम ने कहा कि मोदी सरकार से देश में युवा, महिलाएं, व्यापारी, किसान परेशान हैं। इस बार चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे। किसानों के खिलाफ काले कानून, नोटबंदी, जीएसटी, संवैधानिक संस्थानों को ध्वस्त करने वालों को जबरदस्त झटका मिलेगा।
पढ़ें यह खबर भी: मई से फिर शुरू होंगी RPSC की भर्ती परीक्षाएं, यहां देखें जून से अगस्त तक होने वाली परीक्षाओं की लिस्ट

शेखावत नाकारा-निकम्मे

ईआरसीपी पर भाजपा की राजनीति पर भी गहलोत बरसे। उन्होंने कहा कि गजेन्द्र सिंह शेखावत जोधपुर के हैं, लेकिन नाकारा और निकम्मे हैं। एमओयू कराकर राज्य और केंद्र सरकार वाह-वाही लूट रही है। कैसे और कब पानी मिलेगा कुछ अता-पता ही नहीं है।
रामचंद्र उठाएंगे आवाज

गहलोत ने कहा कि रामचंद्र गांव-जमीन से जुड़े नेता हैं। उनके कहने पर मैंने सरकार में रहते पशुपालकों-किसानों के लिए नई योजनाएं बनाकर लागू की। भाजपा सरकार इन्हें बंद कर रही है। रामचंद्र जीतेंगे तो संसद में रोज आवाज गूंजेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व सांसद डॉ प्रभा ठाकुर, डॉ. श्रीगोपाल बाहेती और अन्य ने भी संबोधित किया।
पढ़ें यह खबर भी: इस तारीख से शुरू होंगे ग्रीष्मकालीन शैक्षिक अवकाश, 1 जुलाई से शुरू होगी नए शैक्षिक सत्र की कक्षाएं

क्या-क्या गिनाऊं आपको..

मेरी सरकार ने पिछले पांच साल में प्रदेश के लिए दिन-रात काम किया। मैं अभी आपको क्या-क्या गिनाऊं, समय नहीं है। हमने ओपीएस, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा, किसानों को 2 हजार और आमजन को 200 यूनिट फ्री बिजली दी। इन सहित अन्य योजनाओं की पूरे देश में चर्चा है। मोदी सरकार ने तो इसे कॉपी-पेस्ट किया है।
कर रहे योजनाएं बंद
पहले खुद पीएम मोदी ने वादा किया था कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं को चालू रखा जाएगा। अब राज्य की भाजपा सरकार एक के बाद एक योजनाओं को बंद कर रही है। कई कल्याणकारी योजनाओं को रिव्यू के नाम पर रोका जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने कांग्रेस का गारंटी शब्द भी कॉपी किया है। इनके पास केवल बातें करने के अलावा कोई ठोस रोडमैप नहीं है।

Home / Media Library / Government / Lok sabha election 2024: गहलोत बोले-केवल कांग्रेस पर टार्गेट, लगातार झूठ बोल रही सरकार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो