scriptदुबई में जालसाजों ने पति को बनाया बंधक, अब पत्नी पर रात गुजारने का बना रहे दबाव | Patrika News
गोरखपुर

दुबई में जालसाजों ने पति को बनाया बंधक, अब पत्नी पर रात गुजारने का बना रहे दबाव

गगहा के सिहोड़वा गांव निवासी विजय गौड़ की पत्नी सुमन ने गगहा पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर तीन लोगों पर पति को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजने के बाद एक सप्ताह पूर्व पति को बंधक बनाने और सही सलामत वतन वापसी के लिए लखनऊ बुलाने का दबाव बनाने के साथ न आने पर पति को जान से मारने की धमकी की शिकायत की है।

गोरखपुरMay 05, 2024 / 11:11 pm

anoop shukla

गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक युवक को नौकरी लगवाने का झांसा देकर टूरिस्ट ​वीजा पर दुबई भेज दिया। इसके एवज में उससे 80 हजार रुपए भी वसूले। दुबई पहुंचने के बाद बिना सैलरी दिए उससे नौकरी भी कराई। जब युवक ने इसका विरोध किया तो उसे दुबई में बंधक बना लिया गया।
पत्नी को वीडियो कॉल कर पति को छोड़ने के लिए एक लाख रुपए भी वसूले गए। लेकिन, रुपए लेने के बाद भी जालसाजों ने युवक को नहीं छोड़ा। इसके बाद जालसाज उसकी पत्नी को कॉल कर लखनऊ स्थित एक होटल में आकर रात गुजारने का दबाव बनाने लगे।
घटना गगहा इलाके के सिहोड़वा गांव की है। थक-हारकर पीड़ित महिला ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। महिला ने गगहा पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई और अपने पति के वतन वापसी की गुहार लगाई है। वहीं, गगहा थाना प्रभारी दीपक सिंह का कहना है, महिला की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गगहा इलाके के सिहोड़वा के रहने वाले महिला ने गगहा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है, उसके पति को काफी दिनों से रोजगार की तलाश थी। करीब 7 महीने पहले उसी गांव के एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर महिला के पति से 80 हजार रुपए वसूले और फिर टूरिस्ट वीजा पर फ्लाइट कराकर उसे दुबई भेज दिया।
जब महिला के पति ने आरोपियों से पूछा कि टूरिस्ट वीजा पर क्यों भेज रहे हो तो आरोपियों ने कहा कि वहां नौकरी ज्वाइन करते ही 27 महीने का वीजा लग जाएगी। महिला और उसका पति जालसाजों के झांसे में आ गए और ​पति दुबाई चला गया। महिला का आरोप है कि वहां जाने के बाद पति को बिना वेतन दिए नौकरी करवाते रहे।
जब इसका विरोध किया तो एक हफ्ते पहले कुछ लोगों ने पति को दुबई में बंधक बना लिया। महिला का कहना है कि कुछ लोगों ने उसके पति से वीडियो काल पर बात कराई और पति को घर भेजने के एवज में घर आकर एक लाख रूपये भी वसूल लिए। पैसा लेने के बाद आरोपी फोन कर महिला पर लखनऊ स्थित एक होटल पर अकेले पहुंचकर वहां रात गुजारने का दबाव बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस महिला की शिकायत पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पीड़ित महिला का कहना है कि इसे लेकर पहले भी पुलिस से शिकायत कर चुकी है। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। वो शिकायत लेकर बीते 13 मार्च को गजपुर पुलिस चौकी पर गई थी। वहां से बरही चौकी और फिर झंगहा थाने पर भेज दिया गया। जहां से कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे लौटा दिया गया। लेकिन, इतने दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई

Hindi News/ Gorakhpur / दुबई में जालसाजों ने पति को बनाया बंधक, अब पत्नी पर रात गुजारने का बना रहे दबाव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो