कुशीनगर के वकील सिंह भाजपा के रामकोला मंडल के मंत्री थे। बताया गया है कि उनके घर के नजदीक ही एक जमीन को लेकर बगल वालों से उनका विवाद था। शनिवार को दूसरे पक्ष की ओर से उसी जमीन पर कब्जे की नीयत से झोंपड़ी डालने की कोशिश की गयी। आरोप है कि उन्होंने जब विरोध किया तो दूसरे पक्ष की ओर से उनकी लाठीडंडों से पिटायी की गयी। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां रविवार की भोर में उनकी मौत हो गयी।
इसकी खबर मिलते ही भाजपाइयों की नाराजगी बढ़ गयी। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी। पुलिस ने देर न करते हुए इस मामले में दो महिलाओं के साथ ही कुल पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस ने जमीनी विवाद की सूचना के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की थी, जिसके बाद अब यह घटना हो गयी। हालांकि रामकोला प्रभारी निरिक्षक ने मीडिया को दिये बयान में कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।