फिरोजाबाद

फिरोजाबाद जिले में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, जानिए यहां से चुनाव लड़ रहे प्रमुख प्रत्याशियों के बारे में

— फिरोजाबाद लोकसभा में सपा, प्रसपा और भाजपा प्रत्याशी के बीच है कड़ा मुकाबला।

फिरोजाबादApr 21, 2019 / 10:09 am

अमित शर्मा

candidate

फिरोजाबाद। फिरेाजाबाद लोकसभा देश की राजनीति में अपना अलग स्थान रखती है। इस सीट पर 23 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर आज शाम को प्रचार थम जाएगा। हम आपको बताते हैं इस सीट से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के बारे में—
शिवपाल सिंह यादव
शिवपाल सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई हैं। बसपा की बहुमत सरकार के समक्ष उन्होंने नेता विरोधी दल की जिम्मेदारी संभाली थी। आजम खान की सपा में वापसी के दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। सोलहवीं विधानसभा में समाजवादी पार्टी के चुनाव निशान पर साठ फीसदी से अधिक मतों से जीतने वाले वह एक मात्र विधायक हैं। विपक्ष के दौरान उन्होंने जन संघर्षों व सामूहिक प्रतिकार के प्रत्येक रण में सेनानी की भूमिका निभाई। कई बार जेल गये, आन्दोलनों में चोटिल हुए
। समाजवादी पार्टी की 2012 में पुनः सरकार बनने के बाद उन्हें लोक निर्माण, सिंचाई, सहकारिता मंत्री की जिम्मेदारी दी गयी। मार्च 2017 में सम्पन्न हुए उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में वह इटावा जिले के जसवन्तनगर विधान सभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गये।
अक्षय यादव
अक्षय यादव 2014 में फिरोजाबाद से बीजेपी के प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को हराकर सांसद चुने गए। 2014 में अन्य पिछड़ा वर्गों के कल्याण समिति के सदस्य चुने गए। 2014 में ही स्वास्थ्य और परिवार कल्याण पर स्थायी समिति के सदस्य बने। इसी साल संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत परामर्श समिति के सदस्य चुने गए। 2015 में नीति शास्त्र पर समिति के सदस्य चुने गए। संसद में इनकी 71 फीसदी उपस्थिति रही। 10 डिबेट में हिस्सा लिया लेकिन एक भी सवाल नहीं पूछे।
डॉ. चन्द्रसेन जादौन
सिरसागंज निवासी डॉ. चन्द्रसेन जादौन वैसे तो 1980 से आरएसएस से जुड़े हैं लेकिन जनता के बीच अपनी पहचान नहीं बना सके। वह आयुर्वेद डॉक्टर के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके त्याग और पार्टी के प्रति निष्ठा को देखते हुए पहली बार भाजपा ने उन्हें फिरोजाबाद से लोकसभा प्रत्याशी बनाया है।
ये भी हैं मैदान में
फिरोजाबाद लोकसभा से कुल छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें इन तीनों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व मंत्री चौधरी बशीर, भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी के उपेन्द्र सिंह, निर्दलीय राजवीर सिंह भी चुनाव मैदान में हैं।
 

Home / Firozabad / फिरोजाबाद जिले में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार, जानिए यहां से चुनाव लड़ रहे प्रमुख प्रत्याशियों के बारे में

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.