script

सरकार के इस कदम से अब कोई भी पात्र नहीं रहेगा सस्ते राशन से वंचित

locationइटावाPublished: Jan 09, 2019 09:57:17 pm

Submitted by:

Ashish Pandey

समाज के छूटे हुए कमजोर वर्गों के लाभार्थियों को पात्रता सूची में सम्मलित किया जाएगा।
 

etawah

सरकार के इस कदम से अब कोई भी पात्र नहीं रहेगा सस्ते राशन से वंचित

इटावा. जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित अन्न विशेष अभियान के तहत किसी भी वंचित को अब सस्ते राशन से वंचित नहीं रहना पड़ेगा।
जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार ने बुधवार को यहां बताया कि वंचित को अन्न विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान खाद्य और रसद विभाग काफी सक्रिय रहेगा। प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, समाज के छूटे हुए कमजोर वर्गों के लाभार्थियों को पात्रता सूची में सम्मलित किया जाएगा। जिनके नाम किन्हीं कारणों से इस योजना में शामिल नहीं हो सके हैं और वे पात्र हैं, उनके नाम भी शामिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
पात्रों को राशन उपलब्ध कराए जाने को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। इसके अंतर्गत जो भी पात्र व्यक्ति राशन व्यवस्था में शामिल होने से छूट गए हैं, उनको भी पात्रता सूची में शामिल किया जाएगा। इसके लिए विधिवत अभियान चलाया जा रहा है, जिसे वंचित को अन्न अभियान का नाम दिया गया है। यह अभियान 20 जनवरी तक लगातार संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उचित दर की दुकानों पर सतर्कता समितियों की बैठक होंगी। ब्लॉक स्तर पर भी सतर्कता समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर भी सतर्कता समिति की बैठक होगी, इनमें राशन से संबंधित समस्याओं पर विचार विमर्श करने के साथ ही उनका निदान भी कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण के लिए जितनी भी दुकानें हैं, उन सभी को ई-पॉस मशीन उपलब्ध करा दी गई है और इन्हीं मशीनों के माध्यम से राशन वितरण किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में पहले से ही ई-पॉस मशीनों से राशन वितरण हो रहा है। इस नई व्यवस्था से उन लोगों को लाभ होगा जो पात्र होने के बावजूद इस प्रणाली में शामिल नहीं हो सकें हैं और अपना राशन कार्ड बनवाने के लिए पूर्ति कार्यालय के चक्कर लगाते हैं।
उन्होंने बताया कि ई-पास मशीनों से उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी से बचाने की कवायद चल रही है। इसके लिए यह व्यवस्था की गई है कि यदि पॉस मशीन से अंगूठे का मिलान नहीं होता है तब भी रजिस्टर पर दर्ज अभिलेखों के आधार पर उसे राशन दे दिया जाए। हालांकि पहले ई-पॉस मशीन से ही राशन देने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। विषम परिस्थितियों में ही अभिलेखों के आधार पर राशन दिया जाएगा। पिछले दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों से ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि पॉस मशीन काम नहीं करती है, जिसके कारण उन्हें राशन नहीं मिल पाता है और उन्हें राशन की दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। यह शिकायत शासन स्तर पर पहुंची तो इसके निदान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में यह बंदोबस्त किया गया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में पॉस मशीन पर अंगूठा न मिलने पर भी राशन दे दिया जाए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया है कि राशन डीलरों को यह निर्देश दिए गए हैं कि राशन लेने आए उपभोक्ता के अंगूठे का मिलान किया जाए। एक बार नहीं तीन बार प्रयास किया जाए, न मिलने पर उसके परिजनों के अंगूठे का मिलान किया जाए। यदि इसका भी मिलान नहीं होता है तो फिर अपरिहार्य परिस्थितियों में अभिलेखों के आधार पर उसे राशन दे दिया जाए, ताकि पात्र उपभोक्ता राशन से वंचित न रहे।
बताया कि राशन वितरण सही तरीके से हो, उपभोक्ताओं को परेशानी न हो और कोई घपला न हो इसके लिए चेकिंग के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। त्रिस्तरीय चेकिंग की व्यवस्था की गई है। पॉस मशीनों के माध्यम से राशन वितरण होगा। यह इंतजाम भी किए गए हैं कि अधिकारियों या निरीक्षकों के सामने राशन का वितरण किया जाए।

ट्रेंडिंग वीडियो