scriptगुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से रोशन हुआ शहर..गुरुद्वारा साहिब में उमड़ा आस्था का सैलाब | The city was illuminated by the light festival of Guru Nanak Dev ... t | Patrika News
देवास

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से रोशन हुआ शहर..गुरुद्वारा साहिब में उमड़ा आस्था का सैलाब

फूलों से आकर्षक रूप से की सजावट, सुबह से रात तक चले धाॢमक आयोजन

देवासNov 13, 2019 / 11:10 am

mayur vyas

patrika dewas

इस तरह सजाया गया गुरुद्वारा साहिब को।

देवास. शहर में मंगलवार को गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व की रौनक बिखरी। एबी रोड स्थित गुरु द्वारे में सुबह से रात तक धाॢमक आयोजन हुए। गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक रूप से सजाया गया था। यहां दिनभर में हजारों लोगों ने दर्शन किए। हर समाज, हर संप्रदाय के लोग दर्शन के लिए पहुंचे और गुरु ग्रंथ साहिब को प्रणाम किया। लंगर का आयोजन हुआ जिसमें हर धर्म के लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया।
जिथे बाबा पैर धरे पूजा आसन थापन सोहा अर्थात जहां नानक ने पैर रखे वह स्थान पूजनीय हो गया। ऐसे गुरु नानक देवजी महाराज का प्रकाश पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। गुरुद्वारा साहिब एबी रोड पर सुबह 10 बजे अखंड पाठ साहिब हुआ। इसके बाद दोपहर 12 से 2.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया। गुरु का अटूट लंगर हुआ। शाम को 7 बजे से रात्रि 1.30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया। फूलों की बरखा में गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व मनाया। देश के प्रख्यात कीर्तन कारी भाई गुरदीप सिंह जी, भाई इंदर मोहन सिंह जी लुधियाना पंजाब से आए। हुजूरी जत्था भाई सेवक सिंह जी ने अपने कीर्तन से संगत को निहाल किया। पूरे गुरुद्वारे साहिब को लाइटिंग एवं फूलों से गुरुद्वारों को सजाया गया। समाज के अध्यक्ष सरदार दिलीप सिंह जुनेजा ने सभी को बधाई दी।
इस कौम ने लिखी है बहादुरी की गाथा
गुरुद्वारे में पहुंचे मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व के इस अवसर पर मैं मध्य प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री की ओर से, अपनी ओर से आप सबको शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। देश ही नहीं आज पूरा विश्व गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती बड़े गर्व के साथ मना रहा है। गुरु नानक देवजी ने हमें जो रास्ता दिखाया है कि हमारी नजरों के सामने कोई दुखी, कोई पीडि़त नहीं रहे। मानव सेवा के मार्ग पर हम चलें। अगर हम गुरु नानक देवजी के बताए हुए मार्ग पर चलें तो स्वर्ग की कल्पना हम धरती पर ही कर सकते हैं। सिख कौम हमेशा गुरु नानक देवजी की अरदास करती है जिसने हमेशा बहादुरी की गाथा लिखी है। हमारी कौम का सिर हमेशा ऊंचा रखा है। ऐसे समाज को मैं अपनी ओर से बधाई देता हूं। गुरु सिंह सभा ने मंत्री वर्मा का स्वागत किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीकांत पांडेय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, गुरु चरण सिंह सलूजा, सुधीर शर्मा, शौकत हुसैन, मनीष चौधरी आदि उपस्थित थे।
मुस्लिमजनों का किया स्वागत
गुरुसिंह सभा की ओर से कब्रिस्तान मुतव्वली कमेटी के पदाधिकारियों का गुरुद्वारे में शाल व पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। गत 60 सालों से कब्रिस्तान और गुरुद्वारे के बीच न्यायालय में कब्जे व भूमि विवाद को लेकर प्रकरण चल रहा था। जिसे पूर्व में आपसी सहमति से सुलझा लिया गया व इसी के चलते मंगलवार को मुतव्वली कमेटी के पदाधिकारी हाजी शाहिद मोदी, हाजी सलीम शेख अपना, सलीम मदनी, हाजी शकील अपना, कमेटी के वकील शाहिम हाशमी व मिडिएशन शिरीष दुबे का इस्तकबाल किया गया। मौजूद समाज के लोगों को यह संदेश दिया कि यह समझौता हिंदुस्तान में एक ऐतिहासिक फैसला है जो आज के माहौल को देखते हुए बहुत ही अद्भुत है। जिसमें गुरुद्वारे में कीर्तन भी हो रहा है और मजारों पर फातेहाख्वानी भी। यह सभी आपसी सद्भाव मोहब्बत अखलाक और सहमति और भाईचारे के साथ हो रहा है।
गुरु-गोविंद दोनों का अपना महत्व
गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर मां चामुंडा सेवा समिति संरक्षक महंत संतोषदास महाराज के चरणों का पूजन कर मंत्रोच्चार पंडित दीपक महाराज ने सुंदर पंक्तियों के साथ किया। संत भागवत भूषण स्वरूपानंद जी, ऋषिकेश से आए संत श्री ज्ञान ज्योति का भी अभिनंदन किया। स्वामी संतोषदास महाराज ने गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व उत्सव की सभी को बधाई दी। महाराज श्री ने कहा कि हमारे सामने गुरु और गोविंद दोनों ही खड़े हैं लेकिन दोनों का अपना ही महत्व है। अंतर केवल इतना है कि भगवान स्वयं गुरु को दिया बताते हो लेकिन आज के परिवेश में आध्यात्मिक गुरु का मिलना या मिलने के बाद भी उन्हें पहचानना हमारे बस की बात नहीं, इसलिए वर्तमान परिवेश में गुरु और गोविंद में से किसी एक को अधिक या कम महत्व नहीं दिया जा सकता। आज के दौर में लोग शिक्षा देने वाले अध्यापक को आध्यात्मिक गुरु से ज्यादा असली मान सकते हैं। इसका प्रमुख कारण है अध्यात्म जगत में छल का बढना। महाराजश्री का स्वागत मंजू जलोदिया, संगीता जोशी, इंदिरा नागर, रामेश्वर जलोदिया, अफजल मधुर, सिंधी समाज अध्यक्ष आदि ने किया।

Hindi News/ Dewas / गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से रोशन हुआ शहर..गुरुद्वारा साहिब में उमड़ा आस्था का सैलाब

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो