scriptभाजपा जिला मंत्री ने दिया इस्तीफा मुझे दूसरे गुट का बताकर किया जा रहा सौतेला व्यवहार…ऐसे माहौल में कार्य करना मुश्किल | Being treated stepmother by telling me of another group ... difficult | Patrika News
देवास

भाजपा जिला मंत्री ने दिया इस्तीफा मुझे दूसरे गुट का बताकर किया जा रहा सौतेला व्यवहार…ऐसे माहौल में कार्य करना मुश्किल

पूर्व मंत्री जोशी गुट से जुड़ी हैं, सांसद की है रिश्तेदारजिला मंत्री ने कहा-मैं जोशी गुट से हूं इस कारण नहीं मिल पाता सम्मानजिसवाल यह कि अगले कुछ दिनों में स्वत: ही खत्म हो जाएगा पद तो इस्तीफा क्यों…लाध्यक्ष बोले- प्रदेश संगठन लेगा निर्णय

देवासNov 14, 2019 / 10:59 am

mayur vyas

patrika dewas

भाजपा कार्यालय पर पार्टी जिलाध्यक्ष पाटीदार को इस्तीफा सौंपतीं मिश्रा।

देवास. संगठन चुनाव से पहले भाजपा में नया बवाल शुरू हो गया है। इसी माह मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्ष के चुनाव हैं। संगठन सहमति की कोशिश में जुटा है और पदाधिकारी इस्तीफा देने लगे हैं। ऐसा ही कुछ बुधवार को हुआ जब भाजपा जिला मंत्री ने अपने पद से इस्तीफा दिया। आरोप लगाए कि गुटबाजी से परेशान हूं। सम्मान नहीं मिल रहा। इसके बाद भाजपा में नई बहस छिड़ गई है।
दरअसल भाजपा जिला मंत्री रश्मि मिश्रा ने बुधवार को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार को यह इस्तीफा सौंपा। खुद जिलाध्यक्ष भी हैरान हो गए कि अचानक इस्तीफे की स्थिति कैसे बन गई। हालांकि उन्होंने इस्तीफा लेकर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री से चर्चा करने की बात कही।
पैलेस से जुड़ी महिला नेत्रियों में हो चुके हैं विवाद
सूत्रों का कहना है कि जिला मंत्री मिश्रा के इस्तीफे की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। जोशी गुट से जुड़ी होने के चलते पवार गुट से पटरी नहीं बैठ पा रही थी। मनमुटाव बढ़ रहा था। नाराजगी सामने आने लगी थी। बीच में ऐसी अटकलें भी चलने लगी थी कि सांसद सोलंकी से रिश्तेदारी का राजनीतिक फायदा मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका। खबर तो यहां तक है कि पवार गुट से जुड़ी कई महिलाएं बुझे मन से काम कर रही हैं। पूर्व में देवास विधायक समर्थक महिला नेत्रियों में विवाद हो चुका है। खुद को पैलेस गुट का बताने वाली महिला नेत्रियां नाखुश भी हैं।
होने लगी चर्चा…सियासी चाल या और कुछ
इस मामले को जोशी गुट की सियासी चाल के रूप में देखा जा रहा है। मंडल अध्यक्षों के चुनाव के बाद जिलाध्यक्षों के चुनाव होंगे। इसके बाद मोर्चों के अध्यक्ष बनेंगे। जोशी गुट और पवार गुट की सियासी लड़ाई जगजाहिर है और गत चुनाव में यह लड़ाई खुलकर सामने भी आ चुकी है। ऐसे में पूर्व मंत्री जोशी अब देवास में अपनी जड़ें मजबूत करने की कोशिश में है। भाजपा में चर्चाएं होने लगी हैं कि इस इस्तीफे से मौजूदा संगठन के प्रति आक्रोश तो झलकेगा ही विरोधी गुट की कार्यप्रणाली को लेकर भी असंतोष जाहिर होगा, जिसका असर दूसरे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर पड़ेगा। यह सब इसलिए भी कहा जा रहा है क्योंकि 15 दिन बाद सभी पदाधिकारियों के पद स्वत: ही खत्म हो जाएंगे और नई कार्यकारिणी बनेगी। ऐसे में इस्तीफा देने को सियासी चाल माना जा रहा है ताकि संगठन चुनावों में इसका लाभ मिल सके।
मुझसे सौतेला व्यवहार किया जा रहा
रश्मि मिश्रा भाजपा में जिला मंत्री है। देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी की पत्नी की बहन हैं। वर्तमान में मिश्रा पूर्व मंत्री दीपक जोशी गुट से जुड़ी हैं। मिश्रा ने जो इस्तीफा लिखा है उसमें कई शायराना लफ्ज लिखे हैं। प्रमुख बात यह लिखी है कि भाजपा में कार्य करना मेरे लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। मुझे गुटबाजी का शिकार बनाया जा रहा है। अन्य गुट का बताकर मुझसे सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। ऐसे माहौल में कार्य करने में मुझे दिक्कत हो रही है और मेरी कार्यक्षमता भी प्रभावित हो रही है। हाल ही में हुई मंडल अध्यक्षों की रायशुमारी में मुझे नहीं बुलाया गया। ऐसे बहुत से कारण हैं जिनकी वजह से मैं पार्टी में कार्य करने की इच्छुक नहीं हूं।
मैं जोशी गुट से हूं इसलिए सम्मान नहीं मिलता
इस मामले में रश्मि मिश्रा ने कहा कि मैंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। गुटबाजी बहुत ज्यादा हो गई जिस कारण स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे। सम्मान नहीं मिल रहा। प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो पा रहा। जो सम्मान मंडल के लोगों को मिलता है वह मुझे नहीं मिल पा रहा क्योंकि मैं जोशी गुट की हूं। मुझे रायशुमारी में नहीं बुलाया जाता। जरुरी कार्यक्रम की सूचना नहीं मिलती।
प्रदेश नेतृत्व को है निर्णय का अधिकार
जिलाध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार ने कहा कि भाजपा जिला मंत्री रश्मि मिश्रा ने इस्तीफा सौंपा है। इससे प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री को अवगत करवाया जाएगा। प्रदेश नेतृत्व को ही इस पर निर्णय लेने का अधिकार है। वे जैसे निर्देश देंगे वैसा करेंगे। गुटबाजी के जो आरोप लगाए हैं वे सरासर गलत है। मैंने खुद ने रायशुमारी के लिए फोन किया था। देवास विधायक ने बात की थी। यदि किसी तरह की दिक्कत थी तो पहले बता सकते थे।
मुझे बताया था कि भेदभाव हो रहा है
पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि एक दो बार जिला मंत्री रश्मि मिश्रा ने मुझे बताया था कि उनसे भेदभाव किया जा रहा है। कार्यक्रमों में बुलाया नहीं जा रहा। मैंने यही कहा था कि ये संगठन का विषय है। संगठन से बात करो आप। संगठन को चर्चा कर शिकवा-शिकायत दूर करने चाहिए। गुटबाजी की बात गलत है। भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है।


Hindi News/ Dewas / भाजपा जिला मंत्री ने दिया इस्तीफा मुझे दूसरे गुट का बताकर किया जा रहा सौतेला व्यवहार…ऐसे माहौल में कार्य करना मुश्किल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो