scriptउत्तराखंड बीजेपी के शीर्ष नेता मुश्किल में!…कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान ‘अवकाश’ पर जाने की धमकी दी | uttarakhand bjp activist demanding leave before election | Patrika News

उत्तराखंड बीजेपी के शीर्ष नेता मुश्किल में!…कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान ‘अवकाश’ पर जाने की धमकी दी

locationदेहरादूनPublished: Oct 10, 2018 06:22:06 pm

Submitted by:

Prateek

उत्तराखंड भाजपा के शीर्ष नेताओं के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है…

(पत्रिका ब्यूरो,देहरादून): एक तरफ उत्तराखंड भाजपा की लोकसभा चुनाव समिति प्रदेश की सभी पांचों सीटों के लिए चुनावी रणनीति बनाने में व्यस्त है, तो वहीं दूसरी ओर हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव के समय ‘अवकाश’ पर जाने की घोषणा की है, जिससे उत्तराखंड भाजपा के शीर्ष नेताओं के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है।


सहयोग न मिलने से नाराज

अवकाश पर जाने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं का स्पष्ट कहना है कि संगठन की ओर से उन्हें किसी भी तरह का सहयोग नहीं मिल रहा है। यहां तक कि पार्टी के सीनियर नेता मिलने का समय भी नहीं दे रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसकी शिकायत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल से भी की है।


कार्यकर्ताओं की समस्याओं का नहीं हो रहा समाधान

इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अपने खर्चे पर गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करते हैं। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओँ को जन-जन तक पहुंचाते हैं लेकिन पार्टी की ओर से उन्हें किसी भी तरह की आर्थिक मदद नहीं मिलती है। इसको लेकर संगठन की ओर से उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में बैठकें भी हो चुकी हैं लेकिन अब तक कार्यकर्ताओँ की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है जिससे भाजपा कार्यकर्ता बेहद दु:खी हैं। इन स्थितियों से परेशान तकरीबन हर संसदीय क्षेत्र से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान ‘अवकाश’ पर जाने की घोषणा की है।

 

क्या है अवकाश का मतलब

अवकाश का यहां राजनीतिक अर्थ यह होता है कि कार्यकर्ता पार्टी में तो जरूर आस्था रखते हैं लेकिन नेताओं से नाराज होने की वहज से चुनाव के दौरान प्रचार नहीं करते, चुनावी सभाओं में भी शामिल नहीं होते।

 

पहले भी हो चुका है ऐसा

कार्यकर्ताओं का अवकाश पर जाने का यह कोई पहला मौका नहीं है। बीते विधानसभा चुनाव के दौरान भी काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अवकाश पर चले गए थे लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा मानमनौव्वल करने पर कार्यकर्ता चुनाव के दौरान सक्रिय हुए थे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी की ओर से केंद्र और राज्य की योजनाओं के प्रचार के लिए किसी भी तरह का कोई वाहन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कार्यकर्ता अपने बूते पर ही हर तरह का खर्च उठा रहे हैं।

 

‘कार्यकर्ता पार्टी की पूंजी हैं। उनकी नाराजगी जल्द ही दूर की जाएगी।’- अजय भट्ट ,अध्यक्ष ,उत्तराखंड भाजपा

‘कार्यकर्ता नाराज नहीं हैं। यदि एेसा कुछ है तो संगठन इस पर जरूर गौर करेगा। ’- त्रिवेंद्र सिंह रावत ,मुख्यमंत्री,उत्तराखंड

ट्रेंडिंग वीडियो