scriptउत्तराखंड: नहीं थम रहा घमासान,हाईकमान ने मुख्यमंत्री और अध्यक्ष दोनों को संयम बरतने की दी सलाह | dispute increasing between trivendra singh rawat and ajay bhatt | Patrika News

उत्तराखंड: नहीं थम रहा घमासान,हाईकमान ने मुख्यमंत्री और अध्यक्ष दोनों को संयम बरतने की दी सलाह

locationदेहरादूनPublished: Nov 27, 2018 06:18:48 pm

Submitted by:

Prateek

विधानसभा सत्र का आयोजन गैरसैंण में कराने को लेकर उपजा यह विवाद आपसी जंग में बदल गया है,मुद्ये को लेकर सरकार व संगठन आमने—सामने हो गए है…

ajay bhatt and cm

ajay bhatt and cm

(पत्रिका ब्यूरो,देहरादून): उत्तराखंड सरकार और भाजपा के बीच घमासान कम होने के बजाय और ज्यादा ही बढ़ गया है। गैरसैंण में विधानसभा का सत्र हो या नहीं हो। इसको लेकर सरकार और भाजपा के अंदर शुरू हुआ विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को यह कह कर नसीहत दे डाली कि मुख्यमंत्री को संयम के साथ किसी भी मुद्दे पर टिप्पणी करनी चाहिए। भट्ट ने कहा कि उन्हें संगठन और सरकार के कामों का फर्क पता हैं। मुख्यमंत्री अपना काम करें। समझाने की बेवजह कोशिश नहीं करें।

 

समय आने पर देंगे जवाब—सीएम

हालांकि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्टी अध्यक्ष की टिप्पणी पर मंगलवार को कहा कि एक ही चीज रोज दोहराना ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष क्या कहते हैं? वे अच्छी तरह से समझते होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे समय आने पर जवाब देंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कई चीजें सार्वजनिक मंच पर नहीं कही जाती हैं। उन्हें मर्यादा का निर्वाह करना आता है।

 

पार्टी आलाकमान चिंतित

पिछलेे दो दिनों से सरकार और संगठन के बीच उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार और संगठन के बीच बढ़ रही दूरियों को लेकर भाजपा हाईकमान भी काफी गंभीर है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और पार्टी के अध्यक्ष अजय भट्ट से भी बातचीत की है।

 

सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करने की सलाह

सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल ने मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष दोनों को ही सार्वजनिक रूप से एक दूसरे पर टिप्पणी नहीं करने की सलाह दी है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही गैरसैंण प्रकरण को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष को दिल्ली तलब कियंा जा सकता है।


उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों गैरसैंण में विधानसभा के सत्र को लेकर उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट ने यह कहा है कि गैरसैंण में विधानसभा के सत्र का आयोजन तभी किया जाए जब गैरसैंण की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। बिना सशक्त व्यवस्था के गैरसैंण में विधानसभा के सत्र का आयोजन करना ठीक नहीं है। भट्ट के इस बयान के बाद मुख्यमंत्री ने यह कहा था कि गैरसैंण में सत्र कराना है या नहीं,यह काम संगठन का नहीं है। सरकार तय करेगी कि क्या करना है। इसके बाद से भट्ट और मुख्यमंत्री के बीच बयानबाजी शुरू हो गयी है। अब मामला भाजपा हाईकमान के पास पहुंचा है। भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री और भट्ट दोनों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक एेसी कोई टिप्पणी नहीं करें। जिससे सरकार और संगठन के बीच विवाद बढ़े।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो