script

अब बांदीकुई तक हेलीकॉप्टर से जाएंगी मुख्यमंत्री

locationदौसाPublished: Sep 19, 2018 09:31:22 am

Submitted by:

Rajendra Jain

गौरव यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव, जोर-शोर से की जा रही हैं तैयारियां

Chief Minister will fly from helicopter to Bandikui

अब बांदीकुई तक हेलीकॉप्टर से जाएंगी मुख्यमंत्री

दौसा. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गुरुवार को दौसा में आने वाली राजस्थान गौरव यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से ही बांदीकुई जाएंगी। पहले पपलाज माता मंदिर, नांगल राजावतान व दौसा में हेलीकॉप्टर से आने के बाद दौसा से रथ में सवार होकर सिकराय विधानसभा के भाण्डारेज, दुब्बी, सिकन्दरा चौराहा आदि जगह मुख्यमंत्री का स्वागत कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन अब वे दौसा से ही हेलीकॉप्टर से सीधे बांदीकुई जाएंगी। मंगलवार को अचानक कार्यक्रम बदलने से सिकराय विधानसभा क्षेत्र में स्वागत की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई। वहीं सूत्रों के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है।

पपलाज माता के दर से होगी शुरुआत
भाजपा जिला महामंत्री आलोक जैन ने बताया कि अब बांदीकुई तक हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री जाएंगी। सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे हेलीकॉप्टर से पपलाज माता (लालसोट) पहुंचकर दर्शन के बाद गौरवयात्रा की शुरुआत करेंगी। सुबह 10.30 बजे नांगल राजावतान पहुंचेगी। वहां मीन भगवान के दर्शन व स्वागत कार्यक्रम होगा। सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से ही सीएम दौसा पहुंचकर आमसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे बांदीकुई में सीएम की आमसभा होगी।
प्रभारी मंत्री पहुंचे सभा स्थल, लिया जायजा
जिला प्रभारी मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने दौसा के बजरंग मैदान में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की सभा की तैयारियों का जायजा लिया। सभा स्थल पर आगमन, बैठक व्यवस्था आदि पर चर्चा की गई। इस दौरान विधायक शंकरलाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण शाहरा सहित कई नेता मौजूद थे। वहीं भाजपा महिला मोर्चा ने जिलाध्यक्ष उर्मिला जोशी के नेतृत्व में कईइलाकों में पीले चावल बांटकर लोगों को निमंत्रण दिया। इस दौरान कलावती गुप्ता, रुकमणि पटवा, ललिता जांगिड़, सपना मीना सहित कई मौजूद थी।
जुटा प्रशासन
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन जोर-शोर से तैयारी कर रहा है। पंचायत समिति रोड पर एक दिन में ही नई सड़क बना दी गई। बजरंग मैदान सहित शहर के प्रमुख मार्गों की सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा है। मैदान में रंग-रोगन चल रहा है। शहर में सफाई कर अतिक्रमण हटाया गया। अधिकतर विभाग के अधिकारी मुख्यमंत्री के दौरे में व्यस्त हैं।
राजपूतों ने किया स्वागत का निर्णय
मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा का स्वागत करने के लिए जिला राजपूत समाज की बैठक महेन्द्रसिंह राघव की अध्यक्षता में हुई। भवानीसिंह चावण्डेडा ने बताया कि मुख्यमंत्री को चुनरी ओढ़ाकर तलवार भेंट करने का निर्णय किया गया। गांव-गांव जनसम्पर्क भी किया गया। इस दौरान तेजसिंह रायपुर, दशरथ सिंह, मानसिंह, विजयसिंह, उम्मेदसिंह सहित कई मौजूद थे।

ट्रेंडिंग वीडियो