script

76 वर्षीय वृद्धा का साहसः चार नाकाबपोश बदमाशों से 15 मिनट संघर्ष कर मकान में किया कैद

locationखंडवाPublished: Sep 12, 2018 12:42:53 am

सर्वोदय कॉलोनी में सेवानिवृत्त नर्स के घर चार नाकाबपोश बदमाशों ने की लूट, वृद्ध नर्स ने करीब १५ मिनट तक बदमाशों से किया मुकाबला, भागकर खुद को बचाया

elderly

elderly

खंडवा. शहर में चोरी व लूट की वारदातें करने वाला गिरोह सक्रिय है। बदमाश खिड़की की जालियों के बोल्ट खोलकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सोमवार तड़के सर्वोदय कॉलोनी में सामने आया है। जहां सेवानिवृत्त वृद्ध नर्स के घर चार नाकाबपोश बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश तड़के करीब ४ बजे खिड़की की जाली तोड़कर घर में घुसे। यहां ७६ वर्षीय लीला पति पुरुषोत्तम निवासी सर्वोदय कॉलोनी से मारपीट कर सोने-चांदी के जेवरात सहित नकद रुपए और वृद्धा के गले से सोने की चेन और हाथों से कंगन भी उतारकर ले भागे हैं। मामले की खबर लगते ही पुलिस वारदातस्थल पर पहुंची और जानकारी ली। फरियादी लीलाबाई ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है।
उन्होंने लाइट जलाई तो मेरी आंख खुल गई
सुबह करीब ४ बजे थे। अचानक कमरे की लाइट जली। जिससे मेरी आंख खुल गई। मेरे सामने चार नाकाबपोश बदमाश खड़े थे। उन्होंने कहा हम चोर है, जो भी सामान है दे दो। उनकी बात सुन मैं उठने लगी। तभी एक बदमाश ने हाथ पर डंडा मार दिया। उसका विरोध किया तो साथियों ने मुझे पकड़ लिया। घटनाक्रम के दौरान करीब १५ मिनट तक बदमाशों और वृद्ध नर्स के बीच झूमाझटकी और मारपीट हुई। मारपीट में लीलाबाई घायल हुई है। आरोपियों ने लीलाबाई के गले से सोने की चेन छीन ली और हाथों में पहने कंगन जबरदस्ती उतार लिए। इसके अलावा अन्य कमरों में पहुंचकर अलमारी में रखा सामान तलाशा। तभी मौका मिलते ही लीलाबाई खुद को बचाते हुए मौके से भाग निकली। उन्होंने दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाया। चिल्लाने की आवाज सुन क्षेत्रवासियों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। तभी आरोपी खिड़की के रास्ते भाग निकले। सूचना मिलते ही सुबह करीब ५ बजे डायल-१०० पुलिस मौके पर पहुंची।

घर में अकेली थी वृद्धा, पति गए थे बैंगलुरु
फरियादी लीलाबाई ने बताया करीब एक सप्ताह से पति पुरुषोत्तम बैंगलुरु गए हुए थे। वह बीमारी का इलाज कराने के लिए वहां गए थे। इस दौरान घर में वह अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मकान से सोने की चेन, अंगूठी, कंगल, नकद कुल कीमती करीब १.३० लाख रुपए का सामान ले गए है। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में कोतवाली पुलिस सर्वोदय क्षेत्र में लगे निजी और सरकारी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
इधर, तिलक नगर से 60 हजार के गहने चोरी
मोघट थाना क्षेत्र स्थित तिलक नगर में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। चोर मकान से सोने-चांदी के जेवरात और नकद रुपए ले भागे हैं। राजेंद्र पिता नंदकिशोर निवासी तिलक नगर घर पहुंचे तो वारदात सामने आई। मामले में राजेंद्र ने मोघट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया चोर घर में रखे नकद एक हजार व सोने की चेन सहित अन्य गहने कीमती करीब ६० हजार रुपए का सामान चोर ले गए है।

ट्रेंडिंग वीडियो